राहुल-प्रियंका की छवि को करारा झटका दे रहा एग्जिट पोल!

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। एग्जिट पोल के नतीजों पर यकीन करें तो कांग्रेस पार्टी के दो सितारों को 10 मार्च की मतगणना के बाद मुश्किलों से गुजरना पड़ सकता है। एक्सिस-इंडिया टुडे के सर्वे ने अपने नतीजे में पंजाब में आम आदमी पार्टी को 41 फीसदी वोटों के साथ 76-90 सीटें मिलने का दावा किया है। एबीपी न्यूज ने अपने नतीजे में उत्तराखंड में कांग्रेस को 32-38 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। जबकि भाजपा के खाते में केवल 26-32 सीटें मिलने की संभावना है। पंजाब और उत्तराखंड के नतीजे यदि यही आए तो राहुल के साथ-साथ प्रियंका गांधी की राजनीतिक समझ पर सवाल खड़े कर सकते हैं। पंजाब में कांग्रेस को नुकसान, कैप्टन फ्लॉप, आप की बुलंदी इंडिया टुडे-एक्सिस के अलावा एबीपी ने भी पंजाब में आम आदमी पार्टी (51-61) की सरकार बनने की संभावना जताई है। कांग्रेस पार्टी (22-28) को दूसरी बड़ी पार्टी बताया है। भाजपा को (07-13) और शिरोमणि अकालीदल को 20-26 सीटें मिल रही हैं। पंजाब में मई 2021 तक कांग्रेस पार्टी अपनी बुलंदी का सफर तय कर रही थी। पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने विरोधी दलों के दांत खट्टे कर दिए थे। लेकिन तब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह थे। कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू कैप्टन को पटखनी देने की कोशिश में लगे थे। सिद्धू को इस अभियान में प्रियंका गांधी वाड्रा ने समर्थन दे दिया और सब कुछ बदल गया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राहुल और प्रियंका की मंशा भांपकर तत्कालीन पंजाब के प्रधान सुनील जाखड़ के स्थान पर सिद्धू की ताजपोशी कर दी। कैप्टन ने इस्तीफा दिया, पार्टी से बगावत की और नई पार्टी बनाकर भाजपा के साथ चले गए। नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी हो गए, लेकिन नवजोत सिंह सिद्धू लगातार अपने बयानों से कांग्रेस पार्टी की मुसीबत खड़ी करते रहे। उत्तराखंड में हरीश रावत के चेहरे ने डाली जान : एबीपी न्यूज-सी-वोटर सर्वे ने उत्तराखंड में भाजपा को 26-32, कांग्रेस को 32-38 सीटें दी है। इंडिया टुडे-एक्सिस ने भी अपने पूर्वानुमान में भाजपा को 36-46 और कांग्रेस को 20-30 सीटें दी हैं। हालांकि इंडिया टुडे-एक्सिस ने कांग्रेस को 40 फीसदी वोट का अनुमान जताया है। उत्तराखंड के कद्दावर नेता, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को अपनी राजनीति बनाए रखने के लिए अब तक सबसे बड़ा वीटो लगाना पड़ा। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दखल बढ़ाया। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हरीश रावत को मनाने और संतुलन साधने की कोशिश की। एबीपी न्यूज और आज तक-इंडिया टुडे की मानें तो हरीश रावत का कांग्रेस में प्रभाव बने रहने के बाद ही उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार बनाने के लिए बहुमत पाने के करीब तक बढ़ रही है। ...तो प्रियंका और राहुल की राजनीतिक मजबूती को लगेगा झटका : भाजपा के नेता ज्ञानेश्वर शुक्ला कहते हैं कि प्रियंका गांधी भी कांग्रेस की पिकनिक गुड़िया हैं। पांच राज्यों के चुनाव नतीजे उनकी समझ, सूझ-बूझ, राजनीतिक अभियान और नेतृत्व की क्षमता सब साबित कर देंगे। ज्ञानेश्वर कहते हैं कि कांग्रेस महासचिव उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं। उन्होंने पूरा जी-जान लगाकर प्रचार अभियान और पार्टी को धार दी है, लेकिन कांग्रेस को 20 सीट भी मिल जाए, तो बहुत बड़ी बात है। समाजवादी पार्टी के एक रणनीतिकार नेता ने कहा कि अभी कोई टिप्पणी ठीक नहीं है। यह केवल एक पूर्वानुमान है। हालांकि वह मानते हैं कि नतीजे पूर्वानुमान के अनुरूप आए तो कांग्रेस पार्टी के भीतर एक बार फिर अंदरूनी कलह बढ़ जाएगी। पार्टी के नंबर-2 और नंबर-3 के नेताओं की छवि को करारा झटका लग सकता है। गोवा में कांग्रेस-भाजपा में कांटे की टक्कर : कांग्रेस और भाजपा के बीच में कांटे की टक्कर है। त्रिशंकु विधानसभा के आसार हैं। एबीपी न्यूज-सी-वोटर का सर्वे इसी तरफ इशारा कर रहा है। भाजपा को 13-17, कांग्रेस को 12-16, आप 1-5 और टीएमसी 5-9 सीटें पा सकती है। यहां देखना होगा कि कांग्रेस 2017 की तरह सुस्ती दिखाती है, या फिर सरकार बनाने में सफल हो सकती है। यहां भी कांग्रेस हाई कमान के निर्णय की अग्नि परीक्षा होने के आसार हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse