एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन की बीच छिड़ी जंग का कोई हल नहीं निकल रहा। जंग के 12वें दिन यूक्रेन के मध्य, उत्तरी और दक्षिण हिस्से में स्थित शहरों में रूसी बलों ने गोलाबारी तेज कर दी है। यूक्रेन के एक अधिकारी ने बताया कि इस गोलाबारी से वहां फंसे नागरिकों को निकालने का दूसरा प्रयास भी विफल हो गया। यूक्रेन के नेता ने अपने लोगों से लड़ने के लिए सड़कों पर उतरने का आग्रह किया है। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस के हमलों को केवल तभी रोका जा सकता है, जब कीव शत्रुता समाप्त कर दे। राष्ट्रपति के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने बताया कि कीव के बाह्य इलाकों में, उत्तर में चेर्निहिव, दक्षिण में मायकोलाइव और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में रविवार देर रात गोलाबारी की गई। रूसी सेना के यूक्रेन में गोलाबारी तेज करने के बीच युद्धग्रस्त देश के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस के खिलाफ प्रतिबंध और कड़े करने का आग्रह किया है। जेलेंस्की ने रूसी रक्षा मंत्रालय की घोषणा का जवाब नहीं देने के लिए रविवार शाम एक वीडियो संदेश में पश्चिमी नेताओं की आलोचना की। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक परिसर पर हमला करेगा और उसने इन रक्षा संयंत्रों के कर्मचारियों को काम पर नहीं जाने को भी कहा है। • जेलेंस्की ने कहा, मैंने एक भी विश्व नेता की इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं सुनी। आक्रमण करने वाले का दुस्साहस दिखाता है कि मौजूदा प्रतिबंध पर्याप्त नहीं हैं। जेलेंस्की ने ऐसे अपराधों का आदेश देने और उन्हें अंजाम देने वालों को न्याय के कटघरे मंद लाने के लिए एक प्राधिकरण बनाने का आह्वान किया। • संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने रविवार को कहा कि संघर्ष के दौरान खारकीव और सुमी जैसे क्षेत्रों में फंसे आम नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए यूक्रेन में लड़ाई को रोकना बेहद जरूरी है। • सर्बिया में यूक्रेन पर आक्रमण के खिलाफ अपना गुस्सा दिखाने के लिए एक रूसी व्यक्ति ने अपना पासपोर्ट जला दिया। • लोगों ने यूक्रेन के झंडे लहराते हुए युद्ध और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ नारे लगाये। • सर्बिया में रहने वाले रूसी नागरिकों का एक समूह रविवार को उन कई लोगों में शामिल था जो ठंड के मौसम के बावजूद यूक्रेन के समर्थन में और युद्ध के खिलाफ मध्य बेलग्राद में एकत्रित हुए थे। इस युद्ध में पिछले 11 दिनों के दौरान कई लोगों की मौत हो गई है और 15 लाख लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। • रूसी सेना ने यूक्रेन के पड़ोसी देशों को चेतावनी दी है कि यदि यूक्रेन के लड़ाकू विमानों ने उनके क्षेत्र से हमले किये, तो मास्को इसे उस देश का युद्ध में शामिल होना मानेगा। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने रविवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन के कुछ लड़ाकू विमानों को रोमानिया और यूक्रेन के अन्य पड़ोसी देशों में तैनात किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse