हर शिक्षक रोज एक विद्यार्थी का बैंक खाता खोलें : उपायुक्त

 

टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में की गई। बैठक में उपायुक्त ने एमडीएम की समीक्षा के क्रम में वैसे सभी विद्यालय जहां के रसोई खराब है अथवा जहां रसोई नहीं है वहां रसोई की मरम्मत अथवा रसोई निर्माण से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सक्षम एपीओ की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत संरचना एवं संसाधनों का गहन आंकलन करने का निर्देश दिया। जिसके तहत विद्यालयों के रंग रोगन की स्थिति, सोलर पैनल की क्रियाशीलता, भोजन की गुणवत्ता, अप्रोच पथ की सुविधा, बर्तनों की उपलब्धता आदि की जांच कर जांच प्रतिवेदन 20 मार्च तक समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जांच में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को भी शामिल करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने जिला अंतर्गत अवस्थित मॉडल विद्यालयों में सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने वैसे विद्यालय जहां सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था नहीं है वहां 50 केवी कि सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जरेडा से पत्राचार कर रिक्विजिशन भेजने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी सरकारी एवं सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति हेतु बैंक खाता खोलने की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि लगभग 60 हजार बच्चों के बैंक खाते नहीं खोले गए हैं। इसपर उपायुक्त ने प्रत्येक शिक्षक को अपने संबंधित विद्यालयों में प्रतिदिन एक एक विद्यार्थी का बैंक खाता खोलने का निर्देश दिया। उन्होंने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत बच्चों के बैंक खाते खोलने पर विशेष बल दिया। बैठक में उपायुक्त सुशांत गौरव सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पांडे, एडीपीओ पियूष कुमार, एपीओ, एमआईएस ऑपरेटर व अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse