एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महिला विश्व कप में भारत ने जीत के साथ आगाज किया है। अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 107 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 244 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना ने 52 रन, दीप्ति शर्मा ने 40 रन, पूजा वस्त्रकर ने 67 रन और स्नेह राणा ने नाबाद 53 रन की पारी खेली थी। जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सिदरा अमीन ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 31 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा झूलन गोस्वामी और स्नेह राणा को दो-दो विकेट मिले। मेघना और दीप्ति ने एक-एक खिलाड़ी को पवेलियन भेजा। भारतीय टीम अब 10 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में मैच खेलेगी। पूजा को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। भारत की पाकिस्तान पर लगातार 11वीं जीत : आंकड़ों की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार 11वीं जीत हासिल की। टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी 11 मुकाबले जीते हैं। वहीं, महिला वनडे विश्व कप में दोनों टीमों के बीच चार मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने चारों मैच में पाकिस्तान को हराया है। फैन्स एक हाईवोल्टेज मुकाबले की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भारतीय टीम ने इसे एकतरफा बना दिया। विश्व कप में लगातार 15 मैच हार चुका पाकिस्तान : पाकिस्तान की महिला टीम का विश्व कप में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम 16 मार्च 2009 से लेकर अब तक विश्व कप में 15 मैच खेल चुकी है और सभी में हार का सामना करना पड़ा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse