एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध लगातार 11वें दिन में प्रवेश कर गया है। जंग के चलते पूरी दुनिया खुद बारूद के ढेर पर देख रही है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों के साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि रूसी बल यूक्रेन के दो परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर चुके हैं और वे तीसरे संयंत्र की ओर बढ़ रहे हैं। • जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा समय में माइकोलाइव के उत्तर में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित युझनौक्रेंस्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र खतरे में है। • वीजा इंक. और मास्टरकार्ड इंक. ने रूस में सभी लेनदेन बंद कर दिए हैं। यूक्रेन पर रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के आक्रमण के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उसकी अर्थव्यवस्था को अलग-थलग करने के तहत यह कदम उठाया गया है। • शनिवार को कुछ ही मिनटों के भीतर दोनों की ओर से इसे लेकर अलग-अलग बयान जारी किए गए। वीजा ने यूक्रेन पर रूस के अकारण आक्रमण और अस्वीकार्य घटनाओं का हवाला दिया, जबकि मास्टरकार्ड ने मौजूदा संघर्ष की अभूतपूर्व प्रकृति और अनिश्चित आर्थिक वातावरण का जिक्र किया। • दोनों ही कंपनियों को अपने नेट रेवेन्यू का करीब 4% रूस से जुड़े व्यवसाय से हासिल होता है। दरअसल, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की ओर से अमेरिकी सांसदों के साथ वीडियो कॉल के दौरान रूस में सभी व्यवसायों को रोकने की अपील की गई थी, जिसके कुछ घंटे बाद ही यह फैसला लिया गया। रूस में मार्शल लॉ लगाने की नौबत नहीं : पुतिन रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि इस समय ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण रूस में मार्शल लॉ लगाना पड़े। इस तरह की अटकलें थी कि रूस में मार्शल लॉ लगाया जा सकता है। इसके बाद पुतिन ने यह बयान दिया है। पुतिन ने कहा कि मार्शल लॉ उस देश में लगाया जाता है जहां बाहरी हमला होता है। उन्होंने कहा कि वह रूस में ऐसी कोई स्थिति नहीं देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि ऐसी स्थिति उपजे नहीं। पुतिन ने शनिवार को कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर उड़ान निषिद्ध क्षेत्र घोषित करने को मास्कोयुद्ध में शामिल होने के तौर पर देखेगा। इस बीच, यूक्रेन के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि रूस ने संघर्ष विराम के विपरीत कार्रवाई करते हुए दो शहरों पर बमबारी की, जिससे वहां से लोगों को निकालने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse