टीम एबीएन, रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य वैज्ञानिक तथा चियांकी, पलामू स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के एसोसिएट डायरेक्टर रिसर्च डॉ देवेंद्र नारायण सिंह को समस्तीपुर, बिहार स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के प्रबंध पर्षद का सदस्य मनोनीत किया गया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय के विजिटर की हैसियत से भारत के राष्ट्रपति ने डॉ सिंह का मनोनयन प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक के रूप में किया है। बोर्ड के सदस्य के रूप में उनका कार्यकाल 3 वर्षों का होगा। डॉ सिंह पूर्व में बीएयू के निदेशक अनुसंधान, निदेशक प्रशासन और बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज के एसोसिएट डीन के रूप में भी काम कर चुके हैं। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल में इनके लगभग 300 शोधपत्र प्रकाशित हैं। कुल 27 शोध परियोजनाओं में इन्होंने प्रधान अन्वेषक या सह प्रधान अन्वेषक के रूप में कार्य किया जिनमें से 12 परियोजनाएं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों द्वारा वित्तपोषित हैं। पौधा प्रजनक के रूप में इनकी मुख्य भूमिका या सहयोगी वैज्ञानिक के रूप में भूमिका से विश्वविद्यालय द्वारा चावल और अन्य फसलों के 17 उन्नत प्रभेद जारी किए गए। डॉ सिंह ने आनुवंशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग में 6 विद्यार्थियों की एमएससी थीसिस तथा 2 विद्यार्थियों की पीएचडी थीसिस का मार्गदर्शन किया। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड से पौधा प्रजनन एवं आनुवंशिकी में एमएससी और पीएचडी करने वाले डॉ सिंह ने वर्ष 1990 में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में कनीय वैज्ञानिक सह सहायक प्राध्यापक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की तथा वर्ष 2005 में सीधी भर्ती में मुख्य वैज्ञानिक (शुष्क भूमि कृषि परियोजना) पद पर नियुक्त हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse