गुमला उपायुक्त ने की जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक

 

टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में की गई। बैठक में गुमला जिलांतर्गत प्रारंभिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक/ शिक्षिकाओं की सेवा सम्पुष्टि तथा वरीय वेतनमान से संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा 06 प्रस्ताव रखे गए। कुल 1350 शिक्षक-शिक्षिकाओं के सेवा संपुष्टि से संबंधित मामलों पर समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित शिक्षकों का सेवा पुस्त विहित प्रपत्र में आंकड़े भरते हुए सत्यापन कर जिला स्थापना उप समाहर्त्ता को उपलब्ध कराएं ताकि प्रत्येक शिक्षकों की सेवा पुस्त की जांच करते हुए नियमानुसार संपुष्टि का प्रस्ताव अगली बैठक में उपस्थापित किया जा सके। प्रस्ताव संख्या दो में सहायक शिक्षक द्वारा वरीय वेतनमान देने के संबंध में प्राप्त प्रस्ताव पर उपायुक्त द्वारा सेवा पुस्त प्राप्त करने का निर्देश जिला शिक्षा अधीक्षक को दिया गया। प्रस्ताव संख्या 03 में रामवि हाड़ुप बिशुनपुर के निलंबित सहायक शिक्षक महेश सोनार के मामले में समिति द्वारा सहायक शिक्षक महेश सोनार को झारखंड सेवा संहिता के नियम 100 के तहत निलंबन से मुक्त करने एवं योगदान स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को सहायक शिक्षक महेश सोनार के पदस्थापन हेतु अलग से प्रस्ताव उपस्थापित करने का निर्देश दिया। प्रस्ताव संख्या चार में रामवि प्रखंड मुख्यालय सिसई के सहायक शिक्षक सुबोध शंकर द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति से संबंधी दिए गए अभ्यावेदन पर समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि सहायक शिक्षक का सेवा पुस्त अगली बैठक में उपस्थापित किया जाए ताकि उनकी सेवा पुस्त की समीक्षा एवं जांचोपरांत उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान किया जा सके। प्रस्ताव संख्या पांच में रामवि प्रखंड मुख्यालय गुमला की सहायक शिक्षिका लीलावती देवी द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति से संबंधी दिए गए अभ्यावेदन पर भी प्रस्ताव संख्या चार की भांति सेवा पुस्त प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। प्रस्ताव संख्या 06 में रा उमवि गढ़टोली गुमला के सहायक शिक्षक सत्यनारायण सिंह के मामले में समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि पुनः समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना प्रकाशित की जाए कि वे स्थानांतरित विद्यालय में अपना योगदान दें। योगदान देने के पश्चात् ही उनके वेतनादि के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा। जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त हेमंत सती, अपर समाहर्त्ता सह जिला स्थापना उप समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, कार्यालय अधीक्षक शशि कुमार मिश्रा व अन्य उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse