एबीएन डेस्क (प्रकाश नारायण)। एक पत्रकार, पत्रकार होता है...। उसे केवल इंसान समझने की गलती तो बिल्कुल ही नहीं करनी चाहिए। उक्त बातें फ्रेंडस ऑफ झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश नारायण ने कही। वे झारखंड के पत्रकारों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। पत्रकार की शक्ल इंसान की जरूर होती है, मगर वो इंसान तो कम से कम नहीं होता...। ब्रेकिंग न्यूज के दौरान वो सुपर कमांडो ध्रुव की तेजी से खबर आप तक पहुंचाता है। खबर की जड़ तक शर्लाक होम्स बनकर जाता है। आपके खाने-पीने में कहां कितना जहर है, ये बताते वक्त वो फिजीशियन बन जाता है और मिसाइल लॉन्च की खबर लिखते हुए छोटा-मोटा वैज्ञानिक भी वही पत्रकार बनता है। राजनीति की हर रवायत को बारीकी से समझता है और आपको समझाता है। बिल्कुल प्राइमरी विद्यालय के मास्टर सिपाहीलाल की तरह...। आधी रात को जब आप स्वप्नलोक में विचरण कर रहे होते हैं, तो वो रातभर में देश दुनिया के घटनाक्रम को आप तक पहुंचाने के प्रयत्न में जार-जार हो रहा होता है। जब पूरी दुनिया काम पर निकलती है तो वो शोर-शराबे के बीच 1 घंटे सोने की जद्दोजहद में होता है। वो मंत्री, सांसद, विधायक, लेखपाल, तहसीलदार, थानेदार, हवलदार तक से गाली खाता है। उसकी पूरी कौम को कोई असामाजिक तत्व भी बिका हुआ और दलाल बड़ी आसानी से कह जाता है। दबंग उसका घर फूंक देते हैं। कई बार उसे ही फूंक डालते हैं और वो अपने मर चुके साथी की खबर भी उसी की बोर्ड पर टाइप करता है। जिस की-बोर्ड पर वो कटरीना और रणबीर की प्रेम कहानी लिखता है। पत्रकार लड़का-लड़की, महिला-पुरुष, नहीं होता वो केवल पत्रकार होता है। रंगहीन. गंधहीन.. संवेदनशील...। होली, दिवाली, ईद, बकरीद, ज्यादातर त्योहार वो न्यूजरूम या अपनी कलम के साथ टेबल पर खबर लिखते ही मनाता है। परिवार के बीच होने वाले 10 उत्सवों में से 8 में वो अक्सर नहीं पहुंच पाता। नाते रिश्तेदार उसके लिए दूरसंचार की दुनिया में सीमित होते हैं। एक बार घर से निकलते वक्त मां-बाप को सामने या फोन पर प्रणाम करता है और नौकरी खत्म करने के बाद यही औपचारिकता दोबारा करता है। दुनिया भर की तकलीफें आपतक पहुंचाता है। मगर अपना कष्ट कभी नहीं कहता। इन सबके बीच वो खुश रहता है। जानते हैं क्यों? क्योंकि पत्रकार, पत्रकार होता है। उसे केवल इंसान समझने की गलती तो बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। वो ईश्वरीय प्रेरणा से कार्य कर रहा समाज का हितैषी केवल और केवल पत्रकार होता है। सभी पत्रकार बन्धुओं को उनके इस सम्मानित, प्रतिष्ठित सेवा कार्य के लिये बहुत बहुत साधुवाद...
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse