टीम एबीएन, डीसी। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में उपायुक्त ने प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि माह जनवरी 2022 तक 25450 प्रसवपूर्व जाँच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके विरूद्ध प्रथम एएनसी जांच 24422, प्रथम ट्राइमेस्टर में एएनसी जांच 17554 तथा एएनसी चार 15276 पाया गया। किंतु भरनो, बिशुनपुर, चैनपुर तथा पालकोट प्रखंडों में एएनसी जाँच की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। जिसपर उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्ण जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने रणनीति एवं कार्य योजना तैयार कर स्थिति में सुधार लाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने एएनसी-01, प्रथम ट्राईमेस्टर में होने वाले एएनसी जांच तथी एएनसी 04 में होने वाले जांच की विवरणी उपलब्ध कराने का निर्देश डीडीएम को दिया। बैठक में उपायुक्त ने माह जनवरी 2022 तक संस्थागत प्रसव के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में संस्थागत प्रसव हेतु निर्धारित लक्ष्य 22905 के विरूद्ध जिले में 67 प्रतिशत उपलब्धि पाई गई। जिसपर उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष बल देते हुए गर्भवती महिलाओं का निरंतर अनुश्रवण करते हुए उन्हें संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने का भी निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं की सुविधा हेतु ममता वाहनों को सक्रिय करने का भी निर्देश दिया। इस संबंध में उन्होंने ममता वाहन हेतु सदर अस्पताल में संचालित कॉल सेंटर के संपर्क संख्या 9308614806 को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दीवार लेखन के माध्यम से अंकित कराने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया। उपायुक्त ने जिलांतर्गत क्रियाशील हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों की समीक्षा की। उन्होंने प्रखंडवार अवस्थित तथा क्रियाशील हेल्थ एवं वेलनेस केंद्रों की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के क्रम में बसिया में 10 एचसीडब्लू में 06, भरनो में 07 एचसीडब्लू में 06, बिशुनपुर में एक, चैनपुर में 10 एचसीडब्लू में 07, डुमरी में 13 एचसीडब्लू में 09, पालकोट में 11 एचसीडब्लू में 08, रायडीह में 11 एचसीडब्लू में 09, गुमला में 08 एचसीडब्लू में सभी 08 तथा सिसई में 10 एचसीडब्लू में 09 एचसीडब्लू क्रियाशील पाए गए। जिसपर उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर से निरीक्षण कर सभी एचसीडब्लू को क्रियाशील एवं कार्यात्मक बनाने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने मिशन इंद्रधनुष फेज 04 अंतर्गत नियमित टीकाकरण की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अभियान अंतर्गत 0-23 माह के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण से आच्छादन किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके तहत जिले में टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का सर्वेक्षण कराना है। सर्वेक्षण के आधार पर उनका नियमित टीकाकरण सुनिश्चित कराना है। 07 मार्च से प्ररांभ होकर अगले सात दिनों तक यह टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जाना है। इसपर उपायुक्त ने अभियान की विस्तृत विवरणी तथा समयरेखा प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सके। गुमला जिलांतर्गत यक्ष्मा संबंधी मामलों के निवारण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि माह जनवरी 2022 में यक्ष्मा की जांच के लिए स्पुटम टेस्ट हेतु निर्धारित लक्ष्य 980 के विरूद्ध 450 स्पुटम सैंपल जांच के लिए एकत्रित किए गए। वहीं कुल अधिसूचित यक्ष्मा के मरीजों की संख्या 57 पाई गई। इसपर अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता ने वैसे प्रखंड जहां अधिकतम यक्ष्मा के मरीज पाए जाते हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर यक्ष्मा निवारण हेतु रणनीति तैयार कर कार्य करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में यक्ष्मा के मरीजों का सर्वेक्षण कराकर यक्ष्मा के लक्षणों के आधार पर जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि यक्ष्मा को फैलने से रोका जा सके। वहीं उन्होंने सघन अभियान चलाकर यक्ष्मा के लक्षण वाले मरीजों की जाँच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र पाण्डेय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ केके मिश्रा, डीएस डॉ आनंद किशोर उरांव, डीपीएम स्वास्थ्य जया रेशमा खाखा, डीडीएम राजीव, एचएसटीएफ जिदान की प्रियंका ग्रेवाल, नीति आयोग के आशीष, अभिनीत आनंद डीपीसी एनएचएम, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse