टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने आज प्रशासनिक अधिकारियों को साथ लेकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय बसिया का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में संधारित रोकड़ पंजी, आगत-निर्गत पंजी, कर्म पुस्तिका आदि की मांग की। जाँच के क्रम में रोकड़ पंजी फरवरी माह तक अद्यतन नहीं पाई गई। जिसपर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त करते हुए प्रतिमाह रोकड़ पंजी को अद्यतन करने का निर्दश दिया। वहीं उन्होंने प्रतिमाह सामान्य रोकड़ पंजी को सारांशित करने तथा बैंक खाते से रोकड़ पंजी का मिलान करने का भी निर्देश दिया। जांच के क्रम में कर्म पुस्तिका भी अद्यतन नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर कर्म पुस्तिका भी अद्यतन करने का निर्देश दिया। अंचल कार्यालय में संधारित सामान्य रोकड़ पंजी की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में रोकड़ पंजी फरवरी माह तक अद्यतन नहीं पाया गया। जिसपर उपायुक्त ने सामान्य रोकड़ पंजी अद्यतन करने का निर्देश दिया। जांच के दौरान राजस्व संग्रहण की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जाँच के दौरान पाया गया कि संग्रहण हेतु निर्धारित लक्ष्य 02 लाख 12 हजार के विरूद्ध 01 लाख 64 हजार का राजस्व संग्रहण किया गया है। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा की। पाया गया कि वित्तीय वर्ष 21-22 में 780 आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें से 773 लाभुकों को प्रथम किश्त की राशि का भुगतान कर दिया गया है। इसके साथ ही 314 लाभुकों को द्वितीय किश्त की राशि का भी भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त ने लक्ष्य के आधार पर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त ने आवास निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्माण कार्य की अद्यतन छायाचित्र भी संधारित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कंप्यूटर कक्ष की जाँच की। जाँच के दौरान कक्ष में अधिष्ठापित मशीनी उपस्कर, उपकरण एवं सामग्रियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रखंड कार्यालय के सुदृढ़िकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए मशीनी उपकरणों, उपस्कर आदि पर उचित मार्किंग करते हुए ऐसेट पंजी में उक्त सामग्रियों को संधारित करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बसिया संजय पी.एम. कुजूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बसिया रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी रविंद्र सहिय प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कर्मीगण व अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse