टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित हैवी इंजीनियरिंग कापोर्रेशन, एचईसी आवासीय परिसर में खाली पड़ी जमीन की लूट मची है। अतिक्रमणकारी एचईसी की जमीन कब्जा कर लोकेशन के हिसाब से पांच हजार से लेकर पचास हजार रुपये कट्ठा बेच रहे हैं। अवैध जमीन खरीदने वाले लोगों को रातों-रात आशियाना बनाने में भी सहयोग कर रहे हैं। हाल के दिनों में प्रबंधन ने अतिक्रमण और जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर सख्ती दिखायी है। आम लोगों से भी अतिक्रमण और अवैध कब्जा करने वालों की जानकारी देने को कहा है। जगह- जगह प्रबंधन ने जमीन पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण नहीं करने का बोर्ड भी लगाया है, लेकिन बोर्ड के पास ही अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। इसकी शिकायत एचईसी के सीएमडी तक से की गई है। नगर विकास विभाग में भी शिकायत की गई है, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है। एचईसी की जमीन से अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माण नहीं होने देने के प्रबंधन के तमाम प्रयासों के बावजूद आवासीय परिसर में अवैध निर्माण का सिलसिला बदस्तूर जारी है। एचईसी प्रबंधन का कहना है कि अतिक्रमण रोकने और अवैध निर्माण ध्वस्त करने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन कतिपय राजनीतिक हस्तक्षेप और जिला प्रशासन की ओर से समुचित सहयोग नहीं मिलने के कारण अतिक्रमण हटाओ अभियान सफल नहीं हो पाता है। हालांकि प्रबंधन इस दिशा में गंभीर है। एचईसी प्रबंधन ने कई अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से अतिक्रमणकारियों का मनोबल कम नहीं हो रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse