टीम एबीएन, हजारीबाग। हजारीबाग के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा के नाती सोनू की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। कटकमदाग थाना क्षेत्र में नदी पर बने पुल के नीचे से उसका शव बरामद हुआ। हाई प्रोफाइल मामले के कारण घटना की जानकारी पर हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। बता दें कि पूर्व सांसद के नाती अविनाश कुमार राणा उर्फ सोनू बनादाग रेलवे साइडिंग स्थित एनटीपीसी के कांटा-घर में कंप्यूटर ऑपरेटर थे। दो महीने पहले उनका स्थानांतरण हजारीबाग रेलवे स्टेशन एनटीपीसी के कांटा घर में हो गया था। इन दिनों सोनू यहीं कार्य कर रहे थे। सोनू अपने नाना पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा के घर हजारीबाग शहर के नूरा से ही ड्यूटी आते-जाते थे। गुरुवार को सोनू की छुट्टी थी। इसके बावजूद वे अपने नानी के घर से ड्यूटी जाने की बात कह कर बाइक से निकले थे। लेकिन सोनू न तो ड्यूटी गए और न ही अपना घर नवादा गए। रात को घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और काफी खोजबीन के बाद मोबाइल लोकेशन के जरिए सोनू के शव के पास पहुंचे। शव मिलने की सूचना से सोनू के गांव नवादा और आसपास के गांव के अलावा उसके नानी घर शहर के नूरा क्षेत्र से भी लोग यहां पहुंचने लगे। शव के हालात को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। इधर, शव की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई और कटकमदाग थाना प्रभारी विपिन कुमार यादव एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंगी महतो ने शव को कब्जे में लेकर पुलिसिया कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse