एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में मरीजों को दिये जाने वाले भोजन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश कुमार द्वारा उठाए गए सवालों पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने संज्ञान लिया है। विधायक ने मामले को गंभीर बताते हुए सरकार को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि धनबाद के इतने बड़े सरकारी अस्पताल में अगर मरीजों को खराब या मानक के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर मामला है। सरकार मरीजों के इलाज और भोजन सहित कई सुविधाओं के लिए व्यवस्था उपलब्ध कराती है, ऐसे में मरीजों के खाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मरीज पहले से ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहे होते हैं। ऐसे में उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना जरूरी है। भोजन की गुणवत्ता और मात्रा में कथित कटौती की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक ने एसएनएमएमसीएच की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े सरकारी अस्पताल को केवल जूनियर नर्सों के भरोसे छोड़ देना उचित नहीं है। अस्पताल में पर्याप्त वरिष्ठ अधिकारियों और जिम्मेदार चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता है।
अरूप चटर्जी ने कहा कि रत्नेश कुमार के पत्र को उन्होंने गंभीरता से लिया है और इस पूरे मामले को सरकार के समक्ष उठाया जायेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित में मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की जायेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse