लोहरदगा : 18 से 20 मई तक होगा जिला राजी पड़हा व्यवस्था का तीन दिवसीय सम्मेलन

 

  • लोहरदगा में 18 से 20 मई तक होगा जिला राजी पड़हा व्यवस्था का तीन दिवसीय सम्मेलन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला राजी पड़हा व्यवस्था लोहरदगा (बिशु सेंदरा) की ओर से 18, 19 और 20 मई 2026 को सेन्हा प्रखंड के झालजमीरा स्थित जामुन डिपा टाना टोली में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति, धर्म, भाषा, शिक्षा, सामाजिक व्यवस्था एवं अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को झालजमीरा स्थित जामुनडीपा आम बगीचा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 बैठक में कार्यक्रम की तैयारी, व्यवस्था एवं विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत 18 मई, सोमवार को शाम 4 बजे बिशु चढ़ना एवं शाम 6 बजे से 7 बजे तक उपस्थिति दर्ज कराने के साथ होगी। 19 मई, मंगलवार को सुबह 10 बजे उद्घाटन (पाहन के द्वारा) किया जाएगा। 

इसके बाद विभिन्न सत्रों में परिचय, स्वागत भाषण, विषय की जानकारी, पाहन-पुजार एवं महतो की स्थिति एवं महत्व, भाषा-लिपि एवं शिक्षा, आदिवासी परंपरा, धर्म एवं संस्कृति पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन शाम में पड़हा अधिकारियों एवं व्यवस्था, शादी-विवाह एवं नेगाचार पर भी विचार-विमर्श होगा। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था रहेगी। 

20 मई, बुधवार को अधिकारियों के साथ संपर्क, धार्मिक एवं गैरमजरूआ जमीन से जुड़े मुद्दों, आदिवासी सहयोगी संगठनों का परिचय तथा आदिवासी कानून व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। विभिन्न प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे तथा सभी चर्चाओं के निष्कर्ष एवं निर्णय की घोषणा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

 आयोजकों ने बताया कि चर्चा में भाग लेने के इच्छुक लोग अपना नाम एवं विषय पहले से जमा कर सकते हैं। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति की अपील की गई है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज, धर्म एवं संस्कृति को मजबूती प्रदान करना तथा समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में सामूहिक पहल करना है।

 बैठक में मुख्य रूप से जिला राजी पड़हा व्यवस्था के जिला बेल लक्ष्मी नारायण भगत, देवान वीरेंद्र उरांव, कोटवार डोमना उरांव, भंडारी गोसाई भगत, उप बेल बुद्धेश्वर उरांव, उप देवान बजरंग उरांव, उप भंडारी नारायण उरांव, उप कोटवार सुखदेव उरांव, जोंक बेल मंजन उरांव, मीडिया प्रभारी जगदीप भगत, सुरेंद्र उरांव, सुखदेव उरांव, राजू बाखला, मधुसूदन टाना भगत, बिरी टाना भगत, रंजन उरांव सहित काफी संख्या में जिला राजी पड़हा व्यवस्था के पदाधिकारी एवं समाज के लोग शामिल थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse