टीम एबीएन, सिमडेगा। मॉब लिंचिंग में मारे गए संजू प्रधान के चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई है। अब दूसरी घटना ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के कुड़पानी में घट गई। जहां एक वृद्ध महिला को जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया गया है। महिला बुरी तरह जल चुकी है। जिसके बाद ठेठईटांगर पुलिस ने आनन-फानन में सदर अस्पताल लाकर उसे भर्ती कराया है। आग में झुलसी महिला का नाम झरियो देवी बताया जा रहा है। घायल महिला की बहू ने बताया कि गांव में उन लोगों के दो घर हैं। एक में उसके सास-ससुर रहते हैं, दूसरे में वो अपने पति और बच्चों के साथ रहती है। बुधवार शाम उसके सास-ससुर को कुछ लोग फ्लोरेंस डुंगडुंग के घर उसकी पत्नी की मृत्यु के पश्चात आयोजित भोज भात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लेने आए थे। जिसके बाद दोनों दीपा टोली स्थित फ्लोरेंस डुंगडुंग के घर पहुंचे। जहां कुछ घंटे बाद फ्लोरेंस डुंगडुंग ने झरियो देवी पर डायन बिसाही का आरोप लगाया और मौके पर मौजूद 8-10 लोगों ने मिलकर झरियो देवी के साथ काफी मारपीट भी की। मारपीट के बाद पुआल के ढेर में उसे पटक कर केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी। इस दौरान मौजूद घायल महिला के पति को भी पीटा गया। अकेले और असहाय वृद्ध कुछ कर न सके। हो हल्ला सुन बाकी लोग मौके पर पहुंचे। जिसके बाद किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया। इधर, इस मामले पर ठेठईटांगर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों में फ्लोरेंस डुंगडुंग, सिलबियस डुंगडुंग, रवि सोरेंग, हेमंत टेटे और ज्योति टेटे शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि झरियो देवी अपने पति के साथ मृत्यु भोज में शामिल होने के लिए फ्लोरेंस डुंगडुंग के घर गई हुई थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा डायन बिसाही का आरोप लगाकर वृद्ध महिला को जलाने की कोशिश की गई। मामले की जानकारी मिलने पर वे अविलंब घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक वृद्ध महिला काफी जल चुकी थी। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse