टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर टीम सूर्या मालामाल

 

टी-20 विश्वकप जीतने पर सूर्यकुमार की टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये का इनाम, बीसीसीआई का एलान 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टी-20 विश्वकप 2026 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम के लिए बड़ी इनामी राशि का एलान किया है। बोर्ड ने मंगलवार को घोषणा की कि पूरे भारतीय दल को 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा। यह इनाम खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ और टीम के अन्य सपोर्ट स्टाफ को भी दिया जायेगा। 

खिलाड़ियों और स्टाफ को मिलेगा हिस्सा 

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस राशि में 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ को शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि इनाम की रकम में सबसे बड़ा हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा, जबकि सपोर्ट स्टाफ को मिलने वाली राशि उनकी जिम्मेदारी और पद के अनुसार तय की जायेगी। 

2024 के मुकाबले बढ़ा इनाम 

इस बार घोषित 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के बाद दिये गये 125 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यानी इस बार बोर्ड ने पिछले पुरस्कार की तुलना में छह करोड़ रुपये अधिक देने का फैसला किया है। 

बीसीसीआई सचिव ने दी बधाई 

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम को बधाई देते हुए कहा, बोर्ड खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य के लिए उन्हें लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता है। 

न्यूजीलैंड को हराकर जीता खिताब 

भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। टीम इंडिया ने इस जीत के साथ न सिर्फ अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाया, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गयी। 

भारत ने रचा नया इतिहास 

इस जीत के साथ भारत पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। इस उपलब्धि के साथ ही टीम इंडिया ने टी-20 क्रिकेट के इतिहास में खुद को सबसे सफल टीमों में और मजबूत तरीके से स्थापित कर लिया। भारत ने पहली बार लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफीज भी जीती हैं। 2024 टी-20 विश्वकप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह टी-20 विश्वकप भी अपने नाम किया और भारत का दबदबा पूरी दुनिया में कायम किया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse