फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी पर श्री राधा रानी का अलौकिक श्रृंगार

 

  • फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी पर श्री राधा रानी का अलौकिक श्रृंगार, भक्ति में झूमे श्रद्धालु

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग रांची स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत भव्य आयोजन संपन्न हुआ। 

इस विशेष अवसर पर श्री राधा रानी का आकर्षक जड़ित पोशाक एवं दिव्य आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसकी छटा देखते ही बनती थी। मंदिर परिसर को पुष्पों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा विधि- विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं महाभोग अर्पण से हुई। 

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राधा-कृष्ण का अभिषेक एवं विशेष पूजन किया गया। तत्पश्चात महाप्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच वितरण प्रारंभ हुआ। आयोजन में 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया और वेजिटेबल खिचड़ी भोग ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। भजन संध्या इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही। 

श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति की महिलाओं ने सुमधुर स्वर में श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम.., राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी... तथा मेरे बांके बिहारी लाल, तू इतना न करियो श्रृंगार.... जैसे भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इसके पश्चात फूलों की होली खेली गई, जिसमें रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा के बीच भक्तों ने आनंद और उत्साह के साथ भाग लिया।

सामूहिक महाआरती के दौरान पूरा मंदिर राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। दीपों की रोशनी और घंटियों की मधुर ध्वनि ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी का यह पर्व भक्ति, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।

यह दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु एवं राधा-कृष्ण की आराधना के लिए समर्पित होता है तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है।इस भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की नई चेतना का संचार किया और फाल्गुन माह की आध्यात्मिक गरिमा को और भी प्रखर बना दिया। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse