एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 की तैयारियों को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई। बैठक में उपायुक्त ने पोलिंग पार्टी डिस्पैच को लेकर सभी कोषांगों को आवश्यक निर्देश दिये।
कार्मिक कोषांग को सभी मतदान कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण करने, सामग्री कोषांग को डिस्पैच से पूर्व सभी सामग्रियां हस्तगत करा देने व मतपेटिकाएं तैयार रखने, मतपत्रों की व्यवस्था, वाहन कोषांग को वाहनों की व्यवस्था करने का निदेश दिया गया। पोलिंग पार्टियां 22 फरवरी (रविवार) को सुबह 8।30 बजे से समाहरणालय परिसर लोहरदगा में रिपोर्ट करेंगी। वहां पोलिंग पार्टियों का मिलान कर व उन्हें आवश्यक मतदान सामग्री हस्तगत कर उनके सेक्टर पुलिस पदाधिकारी के साथ रवाना किया जायेगा।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान (23 फरवरी) शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए दो जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। दोनों जोनल मजिस्ट्रेट निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण संपन्न कराएंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत सूचना देंगे। सभी निवार्ची पदाधिकारी व सहायक निवार्ची पदाधिकारी भी अपने-अपने संबंधित वार्ड में नजर बनाये रखेंगे। मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी हेतु सभी मतदान केंद्रों में सीसीटीवी अधिष्ठापित किये गए हैं।
आज की बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जोनल दण्डाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सभी सेक्टर दंडाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी व सभी कोषांगों के वरीय व नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse