मारवाड़ी भवन में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की एक दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के बहुउद्देशीय सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवन कुमार गोयनका ने की। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आये प्रांतीय अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। 

बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका, राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। प्रारंभिक उद्बोधन में झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि लगभग 36 वर्षों के अंतराल के बाद झारखंड में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन होना प्रदेश के मारवाड़ी समाज के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। 

अपने अध्यक्षीय संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने सम्मेलन की भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय स्थायी समिति के गठन हेतु अनुमोदन, संगठन के विस्तार, विभिन्न प्रांतों की सक्रिय भूमिका तथा समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, सेवा, शिक्षा और विकास ही मारवाड़ी सम्मेलन के मूल उद्देश्य हैं, जिन्हें साकार करने के लिए सभी प्रांतों को मिलकर कार्य करना होगा।राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता ने अपने संबोधन में विगत कार्यकाल के दौरान किये गये कार्यकलापों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, दिल्ली, असम, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आये प्रांतीय अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभायी। 

बैठक के दौरान समाज से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक समरसता, शिक्षा, सेवा कार्यों तथा विकास से संबंधित विषयों पर गंभीर एवं सार्थक विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर भावी नीतियों के निर्धारण पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी आगंतुक अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

बैठक को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ सुभाष अग्रवाल, विनोद तोदी, राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री पवन कुमार बंसल, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बसंत कुमार सुराना, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल कुमार मलावत, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन, मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा सहित विभिन्न राज्यों एवं जिलों से आए प्रतिनिधियों ने संबोधित किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।

बैठक में राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर पर किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। धन्यवाद- ज्ञापन मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने प्रस्तुत किया। यह बैठक मारवाड़ी समाज को एकजुट कर संगठन को नयी दिशा देने की दृष्टि से अत्यंत सफल और प्रेरणादायी रही। 

अंत में राष्ट्रीय गान के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, संजय हरलालका, ओम प्रकाश अग्रवाल, राजकुमार केडिया, अशोक नारसरिया, चंडी प्रसाद डालमिया, कमल कुमार केडिया, मनोज चौधरी, डॉ ओमप्रकाश प्रणव, कौशल राजगढ़िया, संजीव विजयवर्गीय, निर्मल काबरा, सज्जन पाड़िया, पवन पोद्दार, अनिल अग्रवाल, निर्मल बुधिया, संजय सर्राफ, प्रमोद सारस्वत, संतोष अग्रवाल, कमल नोपानी, कृष्णा अग्रवाल, मुकेश मित्तल, सुमेर सेठी, रमन बोडा, विजय खोवाल, अजय डीडवानिया, नरेश बंका, कमल शर्मा सहित विभिन्न राज्यों से आये 50 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse