झारखंड : आदित्य साहू होंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष!

 

झारखंड भाजपा को मिलने जा रहा नया अध्यक्ष, आदित्य साहू का निर्विरोध चयन लगभग तय 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का चुना जाना लगभग तय हो गया है। मंगलवार को हुए नामांकन में वह इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार रहे। पार्टी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया दोपहर 12 बजे शुरू हुई और दोपहर 2 बजे समाप्त हुई। 

चुनाव पदाधिकारी ने दी जानकारी 

झारखंड भाजपा के चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल आदित्य साहू का ही नामांकन प्राप्त हुआ है। इसके अलावा राज्य से राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए कुल 21 नामांकन दाखिल किये गये हैं। 

बुधवार को होगा औपचारिक ऐलान 

जुएल ओराम ने कहा कि नामांकन की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। पार्टी की ओर से सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जा रही हैं। 

राष्ट्रीय परिषद के लिए कई दिग्गजों ने भरा पर्चा 

राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाले नेताओं में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा और चंपई सोरेन शामिल हैं। इसके अलावा सांसद संजय सेठ, करिया मुंडा और दीपक प्रकाश के साथ केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी नामांकन दाखिल किया है। 

बाबूलाल मरांडी की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी 

गौरतलब है कि 3 अक्तूबर को भाजपा ने आदित्य साहू को झारखंड इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। अब उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वह बाबूलाल मरांडी की जगह लेंगे, जो वर्तमान में झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse