एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले के आदिवासी नेता पहाड़ा राजा दिवंगत सोमा मुंडा की हत्या के बाद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी नाराजगी के बीच झारखंड आदिवासी समन्वय समिति ने 17 जनवरी को पूरे राज्य में झारखंड बंद का आह्वान किया है।
यह निर्णय सोमवार को खूंटी प्रखंड अंतर्गत जियरपपा गांव में आयोजित दिवंगत सोमा मुंडा की श्रद्धांजलि सभा के बाद लिया गया। सभा में झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के अगुवा शामिल हुए। दिवंगत सोमा मुंडा द्वारा संचालित विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में सोमा मुंडा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। कार्यक्रम से पूर्व जियरप्पा मैदान में पूरे विधि-विधान के साथ पत्थलगढ़ी की गयी, जिसमें शिलापट पर दिवंगत सोमा मुंडा का नाम अंकित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी सरना समिति के फूलचंद तिर्की ने कहा कि पुलिस अब तक हत्यारों को गिरफ्तार करने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को 72 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन इस अवधि में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी। इसी कारण सर्वसम्मति से 17 जनवरी को झारखंड बंद करने का निर्णय लिया गया।
आदिवासी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 17 जनवरी से पहले हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो पूरे झारखंड में चक्का जाम किया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान राज्य को होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse