रांची : अब जल्द मिलेगी हाईटेक टॉयलेट की सुविधा

 

रांचीवासियों को मिलेगी हाईटेक टॉयलेट की सुविधा, पांच का सिक्का डालने पर खुलेगा दरवाजा, खासियत हैं बेशुमार 

टीम एबीएन, रांची। रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी चौक चौराहों पर मॉड्यूलर टॉयलेट देखने को मिल जाएंगे। लेकिन इस्तेमाल करने से लोग झिझकते हैं। वजह है, गंदगी, बदबू और पानी का अभाव। ज्यादातर मॉड्यूलर टॉयलेट में ताले लटके नजर आते हैं। आजतक यह जरूरी व्यवस्था सुचारू नहीं हो पायी है। इस दिशा में एक नयी पहल से उम्मीद की किरण जगी है। 

रांची में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहरवासियों को ओटीटी आधारित स्मार्ट टॉयलेट की सुविधा देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत स्मार्ट सिटी में इसकी शुरुआत हो गयी है, जो खासियतों की वजह से चर्चा के केंद्र में है। यह टॉयलेट पूरी तरह आॅटोमेटिक सिस्टम से चलेगा और 5 रुपये का सिक्का डालने पर ही दरवाजा खुलेगा। 

उपयोगकर्ता को पहले बाहर लगे स्लॉट में सिर्फ 5 रुपये का सिक्का डालना होगा, इसके बाद दरवाजा अपने आप अनलॉक हो जायेगा। अंदर प्रवेश करते ही सेंसर और हाईटेक सिस्टम के जरिये लाइट, वॉश बेसिन, फ्लश और एग्जॉस्ट फैन आटोमेटिक तरीके से संचालित होंगे। 

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि यह सिस्टम ओटीटी पर आधारित है। प्रायोगिक तौर पर इसकी शुरुआत की गयी है। इसमें पानी की खपत बहुत कम होती है। अगर यह सिस्टम कारगर साबित होता है तो सभी पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। 

टॉयलेट के अंदर किसी तरह की छेड़छाड़ या तोड़फोड़ की कोशिश होते ही लॉकिंग सिस्टम एक्टिव होकर दरवाजा अपने आप बंद हो जायेगा। सीसीटीवी और रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिये नगर निगम कंट्रोल रूम से इन स्मार्ट टॉयलेट्स पर लगातार नजर रख सकेगा, जिससे चोरी और वंडलिज्म की घटनाओं पर रोक लगेगी। 

हर उपयोग के बाद आटो फ्लश और आटो क्लीनिंग सिस्टम सक्रिय होकर टॉयलेट को स्वत: साफ करेगा, जिससे बदबू और गंदगी की समस्या नहीं रहेगी। हैंड वॉश, साबुन डिस्पेंसर और ड्रायर जैसी सुविधाएं भी आटो सेंसर पर चलेंगी, जिससे बिना किसी नल या स्विच को छुए स्वच्छता बनी रहेगी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse