एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला सेंचुरियन में खेला जा रहा है। भारत के युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत ने पहली पारी में विकेटकीपिंग करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया है। पंत के टेस्ट क्रिकेट में 100 शिकार पूरे हो गए हैं। उन्होंने 26वें टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की। पंत ने अपने 26वें टेस्ट में 100वां शिकार पूरा किया है। इनमें पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका के सात विकेट गिरने तक टेस्ट में पंत का विकेटकीपिंग रिकॉर्ड 92 कैच और आठ स्टंप तक पहुंच गया। वे सबसे तेजी से 100 शिकार पूरे करने के मामले में धोनी से आगे निकल गए। पंत ने इस मामले में धोनी से 10 टेस्ट कम खेले हैं। धोनी ने 36वें टेस्ट में 100वां शिकार पूरा किया था। धोनी के अलावा दूसरे नंबर पर ऋद्धिमान साहा हैं। उन्होंने भी 36 टेस्ट मैचों में 100 शिकार पूरे किए थे। किरण मोरे ने 39 टेस्ट, नयन मोंगिया ने 41 टेस्ट और सैयद किरमानी ने 42 टेस्ट में 100 शिकार पूरे किए थे। पंत ने एक साथ इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। बल्लेबाजी में पंत सेंचुरियन टेस्ट की पहली पारी में फेल हो गए। उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया। इस दौरान सिर्फ आठ रन ही बना सके। पंत ने अपनी पारी में एक चौका लगाया। वे उन खिलाड़ियों में शामिल रहे जो तीसरे दिन आउट हुए। भारत ने पहले दिन तीन विकेट पर 272 रन बनाए थे। दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण नहीं हो सका था। तीसरे दिन टीम इंडिया अपने स्कोर में 55 रन जोड़कर 327 रनों पर सिमट गई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse