गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में दो वर्षीय सरकार के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर 29 दिसंबर 2021 को राज्य मुख्यालय रांची में आयोजित समारोह के लिए जिला के विभिन्न विभागों में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की सूची तथा संबंधित योजना के लाभुकों को रांची के कार्यक्रम में सहभागिता के लिए अंतिम रूप से चयन समिति की बैठक आज संपन्न हुई। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा उक्त कार्यक्रम में लाभुकों की उपस्थिति पर ड्रेस कोड का निर्धारण किया गया है। विभिन्न विभागों के संबंधित लाभुकों को विभाग द्वारा ड्रेस उपलब्ध कराया जाएगा। पुरूष लाभुकों के लिए कुर्ता-पायजामा एवं बंडी तथा महिला लाभुकों के लिए लाल पाड़ वाली सफेद साड़ी का निर्धारण किया गया है। जिला मुख्यालय से मुख्य समारोह के लिए कल्याणकारी योजनाओं के दो-दो लाभुकों का चयन किया गया है। इन चयनित लाभुकों को 28 दिसंबर को राज्य मुख्यालय में उपस्थित होना है। शेष लाभुकों को 29 दिसंबर को सुबह जिले से राज्य मुख्यालय के लिए रवाना किया जाएगा। लाभुकों के लिए नगर परिषद तथा परिवहन विभाग द्वारा वाहन की व्यवस्था की गई है। लाभुकों के आवागमन तथा रांची में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। बैठक में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा परिसंपत्ति वितरण हेतु भाग लेने वाले लाभुकों की समेकित सूची की समीक्षा की गई। बताया गया कि राज्य मुख्यालय में आयोजित मेगा ऋण एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में गुमला जिले से उद्योग, पशुपालन, गव्य विकास, कृषि, उद्यान, मत्स्य, कल्याण, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, राजस्व, आपदा प्रबंधन, श्रम, नगर पंचायत, डीआरडीए, आईटीडीए द्वारा संचालित योजनाओं के लाभुकों को मुख्य समारोह में सहभागिता एवं लाभांश वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भेजा जाएगा। उद्योग विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत 02 लाभुकों के बीच क्रमश: 08 लाख एवं 05 लाख की राशि स्वरोजगार के लिए स्वीकृत किया गया है। गव्य विकास विभाग द्वारा 10 गाय की योजना के एक लाभुक तथा 05 गाय की योजना के एक लाभुक को मुख्य समारोह से लाभांश वितरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग के द्वारा बकरा विकास योजनांतर्गत 90 प्रतिशत अनुदान पर 01 लाभुक तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर एक लाभुक को मुख्य समारोह स्वीकृति पत्र वितरित किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत रोटा वेटर तथा मल्टी क्रॉप थ्रेशर का वितरण संबंधित लाभुक को किया जाएगा। उद्यान विभाग द्वारा उद्यान विकास योजनांतर्गत स्ट्रॉबेरी पौधा की खेती तथा ग्लैड फूल पौधे की खेती के लिए दो लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा योजनांतर्गत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन के दो लाभुकों को प्रतिमाह 01 हजार रुपए की दर से पेंशन योजना की स्वीकृति पत्र दी जाएगी। आपूर्ति विभाग के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत ग्रीन कार्ड के दो लाभुकों के बीच ग्रीन राशन कार्ड वितरित किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्पॉन्सरशिप योजना सहित पीएम मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लक्ष्मी-लाडली योजना, सुकन्या समृद्धी योजना के दो-दो लाभुकों को मुख्य समारोह में लाभान्वित किया जाएगा। मत्स्य विभाग के द्वारा केज हाऊस के निर्माण के लिए 04 लाख 55 हजार 400 का प्रोत्साहन राशि तथा बत्तख सह मत्स्य पालन के लिए 01 लाख 07 हजार 375 का प्रोत्साहन राशि का चेक वितरित किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा मेधावी पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति योजना के 01 लाभुक तथा मातृत्व प्रसुविधा योजना के एक लाभुक के बीच क्रमश: 10 हजार व 15 हजार का राशि वितरित की जाएगी। गुमला जिले से मुख्य समारोह के लिए समेकित जनजातिय विकास अभिकरण के द्वारा वनपट्टा के दो सामूहिक तथा दो व्यक्तिगत लाभुकों को वनाधिकार स्वीकृति पत्र तथा एक लाभुक को बिरसा आवास का स्वीकृति पत्र दिया जाएगा। जेएसएलपीएस के द्वारा जोहार परियोजना अंतर्गत पॉली नर्सरी के निर्माण हेतु 03 लाख 08 हजार तथा एनआरएलएम के तहत बैंक क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से महिला समूह को 05 करोड़ 53 लाख की राशि की स्वीकृति दी जाएगी। राँची में आयोजित मुख्य समारोह में स्वयं सहायता समूह को 06 लाख रुपए के बैंक लिंकेज तथा मुद्रा लोन के तहत एक लाभुक को दो लाख रुपए का ऋण स्वीकृति पत्र दिया जाएगा। बैठक में जिले के 18 लैम्पसों को प्रति लैंपस 02 लाख रुपए की स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही मुख्य समारोह में गुमला जिले से चयनित कनीय अभियंता, अनुकंपा पर नियुक्त कर्मियों के बीच नियुक्ति पत्र का भी वितरण किया गया। सरकार एवं प्रशासन राज्य के ग्रामीण एवं नगर विकास क्षेत्र में समानुपातिक ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। ग्रामीण विकास के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के दो लाभुकों के बीच क्रमश: स्वीकृति पत्र एवं गृह प्रवेश की चाबी दी जाएगी। नगर विकास विभाग के द्वारा गुमला नगर पंचायत में दीनदयाल अंत्योदय योजना तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के एक-एक समूह को क्रमश: एक लाख एवं दो लाख की राशि का चेक दिया जाएगा। बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इन चयनित लाभुकों के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के अन्य लाभुकों को भी सूचीबद्ध कर 29 दिसंबर के राज्यस्तरीय ऋण सह परिसंपत्ति वितरण समारोह में सहभागिता के लिए तैयार रखेंगे। मुख्य समारोह के मंचीय कार्यक्रम के लिए चयनित लाभुक 28 दिसंबर को तथा अन्य लाभुक 29 दिसंबर को नगर भवन से अपने-अपने विभाग के पदाधिकारी/ प्रतिनिधि के साथ राँची के लिए प्रस्थान करेंगे। इनके लिए संबंधित विभाग के पदाधिकारी द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी बसों में फ्लैक्स-बैनर संधारित किया जाएगा। आज की बैठक में उपायुक्त सहित परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, जिला पंचायत राज पदाधिकारी मोनिका रानी टूटी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्रनाथ भादुड़ी, श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, जीएम डीआईसी एबनेजर तोपनो, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेंद्र सोन केशरी, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक उपस्थित थे। बैठक में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी एवं जिला कृषि पदाधिकारी से स्पष्टिकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse