टाटा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस का दुबारा परिचालन शुरू हो : महेश पोद्दार

 

रांची। राज्यसभा सांसद श्री महेश पोद्दार ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैभव से 22885/86 टाटा झ्र लोकमान्य तिलक टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस को द्विसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में परिवर्तित कर 6 महीने प्रायोगिक तौर पर चलाने का आग्रह किया है। श्री पोद्दार ने रेल मंत्री श्री वैष्णव को इस आशय का एक पत्र भी लिखा है। अपने पत्र में श्री पोद्दार ने कहा है कि 22885/86 टाटा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस को विभिन्न रेलवे जोन मुख्यालय द्वारा विचार-विमर्श के पश्चात जारी शून्य आधारित समय सारणी में निम्न बुकिंग के चलते स्थायी तौर पर निरस्त कर दिया गया है। वर्तमान में अगर इस गाड़ी की संरचना में परिवर्तन कर इसे द्विसाप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस बनाकर इसमें दो द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित, तीन तृतीय श्रेणी वातानुकूलित और 9 शयनयान कोच सहित चार साधारण श्रेणी के डिब्बे संलग्न किये जायें तो यह गाड़ी मुंबई जाने के लिए एक बढ़िया विकल्प बन सकती है। यह ट्रेन टाटानगर के निवासियों एवं झारखण्ड के विभिन्न जिलों के लोगों एवं ओडिसा की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है,क्योंकि सामान्यत: मुंबई जाने के लिए लोगों को महीनों पहले बुकिंग कराना पड़ता है और इस प्रकार से कई जगहों से लोग टाटा पहुंचकर इस ट्रेन में सफर करते थे। वर्तमान में टाटा से मुंबई जाने के लिए एक भी डेडीकेटेड ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को कोलकाता से खुलनेवाली ट्रेनों में आरक्षण करवाना पड़ता है। उनमें कोटा कम होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। टाटानगर के अधिकांश निवासी मुंबई की यात्रा करते हैं, अत: एक द्विसाप्ताहिक ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों की मुश्किलें थोड़ी कम होंगी और रेलवे की आय में भी बढ़ोत्तरी होगी। लोहरदगा टोरी रेलखंड से राजधानी के परिचालन की अनुमति : रांची नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन लोहरदगा टोरी रेलखंड से होना तय हो गया है। 11 नवंबर को इस रेलखंड से राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। रेल मंत्रालय के इस फैसले पर रांची के सांसद संजय सेठ ने प्रसन्नता जाहिर की है। सांसद श्री सेठ ने कहा है कि रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता की बहूप्रतीक्षित मांग पूरी हुई। इसके लिए मैं लगातार प्रयासरत था। श्री सेठ ने कहा कि पूर्व रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल और वर्तमान रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव से लगातार मुलाकात कर मैं उनका ध्यान इस तरफ आकर्षित करता रहा। इसका परिणाम यह हुआ लोहरदगा टोरी रेलखंड पर राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन की घोषणा हो गई। सांसद ने इसके लिए रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया है। श्री सेठ ने कहा कि उक्त रेलखंड का शिलान्यास तात्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी ने किया था। यह अटल जी की दूरदर्शी सोच थी कि इस रेलखंड पर ट्रेन चलने से देश के नागरिकों का समय बचेगा। यह उनका सपना भी था। यह बात कोरोना काल में प्रमाणित भी हो गई। कोरोना काल में इस रेल खंड से आॅक्सीजन देशभर में पहुंचाया गया और बहुत कम समय में पहुंचाया गया। अब राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन होने से देश के नागरिकों का बेशकीमती समय बच सकेगा। सांसद श्री सेठ ने फिर से रेल मंत्रालय का रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता की तरफ से आभार जताया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse