रांची। तमाड़ थाना पुलिस ने गीता सरदार हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में मृतका का ससुर मड़की मुंडा, सास साबी देवी और ननद सुकरू कुमारी शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की गयी है। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बुधवार को बताया कि 10 अक्टूबर को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बेलबेला गांव के उदय टोला में गीता सरदार पति राजेन्द्र सिंह मुंडा की हत्या कर दी गयी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के सभी लोग फरार थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया और मामले को लेकर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर हत्या में शामिल सास, ससुर और ननद को गिरफ्तार किया। तीनों ने पूछताछ में बताया कि मोबाइल को लेकर ननद सुकरु कुमारी और भाभी गीता सरदार के साथ आपस में झगड़ा हो रहा था। जिसे देखकर मृतका के ससुर मड़की मुंडा ने लोहे के रॉड से बहु गीता सरदार के सिर पर मार दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। उल्लेखनीय है कि गीता सरदार का विवाह 14 वर्ष पूर्व हुआ था। चार वर्ष तक गीता को कोई बच्चा नहीं होने पर उसका पति राजेन्द्र सिंह मुंडा दूसरा विवाह करके घर से कहीं बाहर चला गया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse