कुजू। सीसीएल कुजू क्षेत्र के करमा परियोजना के लोकल सेल संचालन समिति कार्यालय में शुक्रवार की सुबह करीब 11:10 बजे अचानक बम विस्फोट हो गया। इस घटना में कार्यालय में बैठे सुगिया निवासी मोहित मुंडा को हल्की चोट आई है। इस बम विस्फोट की सूचना पर सीसीएल के सुरक्षा विभाग, परियोजना के कोयला अधिकारी व कर्मी, सेल समिति के प्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी लेने रामगढ़ एसडीपीओ किशोर कुमार रजक, मांडू पुलिस इंस्पेक्टर संजय गुप्ता, कुजू ओपी प्रभारी अवधेश कुमार, सअनि तालेबर महतो सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मामले का छानबीन करते हुए सेल समिति व अन्य लोगों से पूछताछ की। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के उक्त सेल कार्यालय के एस्बेस्टस शीट छत के ऊपर बम को बोरे से ढक कर रखा गया था। विस्फोट से छत का एक हिस्सा टूट कर गिर गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि दूर तक इसकी आवाज लोगों को सुनाई पड़ी। कार्यालय के भीतर अथवा भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में यह विस्फोट होता तो बड़ी घटना घट सकती थी। पुलिस ने कार्यालय के समीप पड़े एक दीवार घड़ी, बैटरी, तार समेत कई अन्य सामान बरामद करते हुए जांच के लिए अपने साथ ले गयी। मौके पर एसडीपीओ श्री रजक ने कहा कि देखने से कहीं से यह बम नहीं लगता। सीसीएल के अंडर ग्राउंड माइंस में उपयोग में आने वाले डायनामाइट जैसा प्रतीत होता है। पर लोगों का कहना था कि जिस तरह से बम को दीवार घड़ी के सुई के साथ तार के माध्यम दीवार घड़ी के सुई के साथ तार के माध्यम से जोड़ा गया है वह कहीं ना कहीं टाइम बम सेट होगा। जिसके माध्यम से लोगों को उड़ाने की योजना बनाई गई थी। कई लोगों ने दबी जुबान से कहा कि करमा लोकल सेल में काफी वर्षो से ट्रकों से मोटी राशि वसूली जाती हैै। जिसे सेल समिति व प्रबंधन द्वारा बंदरबांट किया जाता है। जिसका लाभ स्थानीय कुछ गिने-चुने लोगों को मिलता है। जिससे क्षेत्र के कई गांवों में असंतोष है। असंतुष्ट लोगों ने दहशत फैलाने के नियत से यह कार्य किया होगा। वहीं सेल संचालन समिति का मानना है कि सेल के शांति माहौल को बिगाड़ने का यह कुत्सित प्रयास है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse