रांची। वाईवीएन विश्वविद्यालय सभागार में हर्षोल्लास के साथ अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाईवीएन विश्वविद्यालय के प्रशिक्षु अभियंत्रण विभाग के छात्र एवं छात्राएं एवं शिक्षकों ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन वाईवीएन विश्वविद्यालय के चेयरमैन रामजी यादव ने केक काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामजी यादव ने बताया कि भारत के महान अभियंता और भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया भारत के महान इंजीनियरों में से एक थे। उन्होंने ही आधुनिक भारत की रचना की और देश को एक नया रूप दिया। उन्होंने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया है, जिसे शायद ही कोई भुला पाए। देशभर में बने कई नदियों के बांध और पुल को कामयाब बनाने के पीछे विश्वेश्वरय्या का बहुत बड़ा हाथ है। उन्हीं की वजह से देश में पानी की समस्या दूर हुई थी। वाईवीएन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ एस पी यादव ने बताया कि अभियंता दिवस सिर्फ भारत में ही नहीं मनाया जाता बल्कि कई अन्य देशों में भी यह दिवस मनाया जाता है। जैसे कि- अर्जेंटीना में 16 जून को, बांग्लादेश में सात मई को, इटली में 15 जून को, तुर्की में पांच दिसंबर को, ईरान में 24 फरवरी को, बेल्जियम में 20 मार्च को और रोमानिया में 14 सितंबर को अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाता है। दरअसल, यह दिवस दुनियाभर के इंजीनियरों को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है, ताकि वो देश-दुनिया को अपने हुनर की बदौलत तरक्की की नई राह पर ले जाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव प्रोफेसर संजय तिवारी ने कहा इस दिन भारतीय अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के आदर्शों के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित कर अपने कार्य-कलापों का आत्म विमोचन करते हैं और अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का समर्पित भाव से निर्वहन करने का संकल्प लेते हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सीईओ ई दीपक कुमार, ई कौशल किशोर, ई रितेश कुमार निराला, ई कृष्ण मुरारी, ई विनीता कुमारी आदि को विश्वविद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। उक्त जानकारी वाईवीएन विश्वविद्यालय, रांची के उप कुलसचिव संजय तिवारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse