सावन की भक्तिमय संध्या में रांची बनेगी शिवमय

 

मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा  

कल सुबह 8 बजे से 31 जोड़ों के साथ होगा भव्य रुद्राभिषेक एवं पहली बार सजेगी भजन जैमिंग संध्या 

टीम एबीएन, रांची। सावन माह के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा द्वारा कल 2 अगस्त 2026 (रविवार) को डंगरा टोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्वेट हॉल में भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। सुबह 8 बजे से भगवान भोलेनाथ की आराधना हेतु 31 दंपतियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के समापन पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जायेगा। वहीं संध्या में रांची में पहली बार आयोजित होने वाली भजन जैमिंग संध्या श्रद्धालुओं को भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक आनंद से सराबोर करेगी। 

शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने बताया कि भगवान शिव की कृपा, समाज में सुख-शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ आयोजित इस महाअनुष्ठान में महाराष्ट्र के नासिक से विद्वान वैदिक आचार्यों एवं पंडितों का विशेष दल रांची पहुंच चुका है। प्रत्येक दंपति का रुद्राभिषेक एक-एक पंडित के सान्निध्य में पूर्ण वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया जायेगा। 

उन्होंने बताया कि स्थान की सीमित क्षमता को देखते हुए 51 जोड़ों के स्थान पर 31 जोड़ों को शामिल किया गया है। जब सभी दंपति एक साथ ॐ नम: शिवाय के मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक करेंगे, तब पूरा वातावरण भक्तिमय और शिवमय हो उठेगा। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सशक्त करने का एक अनूठा प्रयास है। 

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे से प्रारंभ होने वाले रुद्राभिषेक के उपरांत संध्या 7 बजे से पहली बार भव्य भजन जैमिंग का आयोजन जा रहा है। केशवम् डिवोशनल रॉक बैंड की मधुर प्रस्तुतियों, शिव स्तुति एवं भक्तिमय संगीत के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूब जायेंगे। 

मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने बताया कि आधुनिक संगीत और पारंपरिक भजनों का यह अद्भुत संगम रांचीवासियों के लिए एक नया और यादगार अनुभव होगा। सावन माह में आयोजित यह आध्यात्मिक आयोजन हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा सामग्री, बैठने की विशेष व्यवस्था, पार्किंग, प्रसाद वितरण एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि सभी भक्त सहज, सुरक्षित एवं दिव्य वातावरण में कार्यक्रम का आनंद उठा सकें। रुद्राभिषेक के संयोजक मनीष लोधा एवं अमित चौधरी हैं, जबकि भजन जैमिंग संध्या के संयोजक विकास अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सौरव बजाज एवं निकुंज पोद्दार हैं। उक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse