टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शुक्रवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, रांची में चल रहे सत्याग्रह धरना का सातवां दिन रहा।
धरना के उपरांत अभ्यर्थियों ने सरकार एवं आयोग के विरुद्ध शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से प्रारंभ होकर अल्बर्ट एक्का चौक रांची तक पहुँचा, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।
इस दौरान अभ्यर्थियों ने आयोग में व्यापक सुधार तथा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर नारेबाजी की। आंदोलन का समर्थन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आयोग में संपूर्ण रिफॉर्म व पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्र पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी तत्व, कोचिंग संचालक का चोला ओढ़कर आंदोलन को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के अभ्यर्थी अब पूरी स्थिति से अवगत हैं और अपने अधिकार एवं न्यायपूर्ण नियुक्ति के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से बचने तथा आंदोलन की एकता बनाए रखने की अपील की। उल्लेखनीय है कि यह आंदोलन अभ्यर्थी राम अवतार महतो द्वारा प्रशासन को पूर्व में दी गई सूचनार्थ के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse