झारखंड में बढ़ी राज्यसभा चुनाव की सियासी गर्मी!

 

इंडिया गठबंधन और एनडीए ने चली चाल, नामांकन के साथ जीत का दावा 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गयी हैं। सोमवार को झारखंड विधानसभा परिसर में इंडिया गठबंधन और एनडीए समर्थित प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यसभा चुनाव के लिए नियुक्त एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआईसीसी सचिव अजय शर्मा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत गठबंधन के कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

दोनों सीटों पर होगी जीत 

वहीं, भाजपा समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक सीपी सिंह तथा नवीन जायसवाल उपस्थित रहे। नामांकन के बाद झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के सभी विधायक उनके साथ हैं और चुनाव में बेहतर परिणाम मिलेगा। 

एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत  

कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने भी गठबंधन की एकजुटता पर भरोसा जताते हुए कहा कि सभी सहयोगी दल और विधायक एक साथ हैं, इसलिए उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि गठबंधन राज्यसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरा है और दोनों उम्मीदवारों को पर्याप्त समर्थन प्राप्त है। 

परिमल नाथवानी ने विकास कार्यों के दम पर मांगा समर्थन 

उधर, भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने कहा कि झारखंड उनकी कर्मभूमि रही है और उन्होंने राज्य के विकास के लिए लगातार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में उनकी भूमिका रही है और भविष्य में भी वे झारखंड के हित में काम करते रहेंगे। नाथवानी ने विश्वास जताया कि उन्हें सभी विधायकों का समर्थन और आशीर्वाद मिलेगा। 

नामांकन के बाद तेज हुआ सियासी मुकाबला 

राज्यसभा की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में नामांकन के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं तथा सभी दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse