एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आखिरकार अपने करियर का सबसे बड़ा सपना पूरा कर लिया। फ्रेंच ओपन 2026 के पुरुष एकल फाइनल में उन्होंने इटली के फ्लैवियो कोबोली को पांच सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5-7), 6-1 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया। पेरिस में खेला गया यह मुकाबला 4 घंटे 16 मिनट तक चला।
दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए पहला सेट 6-1 से अपने नाम किया। हालांकि 10वीं वरीयता प्राप्त कोबोली ने दूसरे सेट में दमदार वापसी करते हुए 6-4 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। तीसरे सेट में ज्वेरेव ने फिर नियंत्रण हासिल किया और 6-4 से बढ़त बनायी।
चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। सेट टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां कोबोली ने 7-5 से जीत हासिल कर मुकाबले को निर्णायक पांचवें सेट में पहुंचा दिया। लेकिन आखिरी सेट में ज्वेरेव ने अपना अनुभव दिखाते हुए कोबोली की सर्विस दो बार तोड़ी और 6-1 से सेट जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
इस जीत के साथ ज्वेरेव फ्रेंच ओपन के ओपन एरा में खिताब जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले 1937 में जर्मनी के हेनर हेन्केल ने रोलां गैरोस का खिताब जीता था। यानी 89 साल बाद किसी जर्मन पुरुष खिलाड़ी ने फ्रेंच ओपन ट्रॉफी उठाई है।
ज्वेरेव इससे पहले तीन ग्रैंड स्लैम फाइनल में हार का सामना कर चुके थे। वह 2020 यूएस ओपन, 2024 फ्रेंच ओपन और 2025 आॅस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जीत से चूक गए थे। हालांकि इस बार उन्होंने दबाव को पीछे छोड़ते हुए अपने करियर का पहला मेजर खिताब जीत लिया। जीत के बाद उनकी आंखों में खुशी के आंसू साफ नजर आये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse