एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रनों से हराया। भारत ने पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी और अफगानिस्तान की पहली पारी तीसरे दिन 152 रन पर आॅलआउट की।
भारत को इस तरह 412 रनों की बढ़त हासिल हुई और टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को फॉलोआॅन दिया। अफगानिस्तान की दूसरी पारी में बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम 112 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान ने दूसरी पारी में नौ विकेट गंवाये थे, लेकिन अशरफ बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।
पहली पारी में बड़ी बढ़त मिलने के बाद भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोआॅन दिया। हालांकि दूसरी पारी में भी मेहमान टीम की बल्लेबाजी में कोई सुधार देखने को नहीं मिला। अफगानिस्तान की ओर से सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाये। पूरी टीम सिर्फ 112 रन पर ढेर हो गयी।
दूसरी पारी में केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट लिये, जबकि कुलदीप यादव ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। मानव सुथार ने एक और विकेट अपने नाम किया, जबकि मोहम्मद सिराज को भी एक सफलता मिली।
इस मैच की सबसे बड़ी सकारात्मक बात भारतीय टीम के लिए मानव सुथार का प्रदर्शन रहा। पदार्पण टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में छह और दूसरी पारी में एक विकेट लेकर कुल सात विकेट हासिल किये। अपनी सटीक लाइन-लेंथ और नियंत्रण से उन्होंने अफगान बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और मैच में निर्णायक भूमिका निभायी।
भारत की पारी और 300 रन की जीत टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से उसकी सबसे बड़ी जीत बन गयी। इसके अलावा भारत ने 2023 के बाद पहली बार घरेलू टेस्ट में 550 से अधिक रन बनाये। वहीं 564 रन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा। हालांकि, यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा नहीं था, इसलिए भारतीय टीम को अंक तालिका में कोई लाभ नहीं मिला।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने संभलकर की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 165 गेंदों में 100 रन बनाये और अपने टेस्ट करियर का शतक पूरा किया। वहीं साई सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी संभाली और बेहतरीन शतक जड़ा। गिल ने 177 गेंदों पर 126 रन बनाये, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
ऋषभ पंत ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 81 रन बनाये। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी हुई, जो अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी बन गयी। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन की पारी खेली। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की।
विशाल स्कोर के जवाब में अफगानिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गयी। रहमत शाह ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक लगाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला। इस टेस्ट में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले बायें हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की।
उन्होंने अफगान बल्लेबाजों को लगातार परेशान करते हुए पहली पारी में छह विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अहम सफलताएं दिलायी। अफगानिस्तान की पूरी टीम 152 रन पर सिमट गयी और भारत को 412 रन की विशाल बढ़त हासिल हुई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse