जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : सुखदेव भगत

 

  • जनसमस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : सुखदेव भगत
  • बेड़ो प्रखंड सभागार में सांसद ने की मैराथन समीक्षा बैठक
  • अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
  • शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं की बिंदुवार हुई समीक्षा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद सुखदेव भगत एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। रविवार को बेड़ो प्रखंड सभागार में आयोजित हाई-प्रोफाइल समीक्षा बैठक में सांसद ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की मैराथन समीक्षा की। 

शॉर्ट नोटिस पर बुलाई गई इस बैठक में सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

बैठक के दौरान सांसद ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ), थाना प्रभारी सहित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। समीक्षा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, जनकल्याण, सड़क, पेयजल समेत विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान कई विभागीय कमियां और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा हुई। 

सांसद ने कहा कि कुछ योजनाओं में केंद्र एवं राज्य स्तर पर फंड आवंटन की समस्याएं भी सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। ऑन-कैमरा बयान में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि बैठक में प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों और शिकायतों के आधार पर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। 

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि एयर-कंडीशन कार्यालयों से निकलकर गांवों में जाएं और धरातल पर काम करें, तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचेगा। इस दौरान मुख्यालय पहुंचे टाना भगत समुदाय के लोगों एवं अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। 

सांसद ने उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक को सकारात्मक और परिणामदायी बताते हुए सांसद ने कहा कि इस तरह की समीक्षात्मक बैठकों से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी। 

मौके पर मांडर विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि सीताराम भगत, बेडो सांसद प्रतिनिधि जोगेश उरांव, आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, पवन गौतम, सत्यजीत सिंह, अनवर अंसारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse