एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट तो चटका ही चुके हैं लेकिन अब ये खिलाड़ी एक बड़ा मुकाम हासिल करने वाला है। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में उतरते ही भुवी मैचों का दोहरा शतक लगा देंगे। मतलब भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल में 200 मैच पूरे हो जायेंगे।
ये उपलब्धि हासिल करने वाले वो पहले तेज गेंदबाज होंगे। आईपीएल में अबतक किसी तेज गेंदबाज ने 200 मैच नहीं खेले हैं और ये कमाल अब भुवनेश्वर कुमार करने वाले हैं। भुवनेश्वर कुमार साल 2010 में पहली बार आईपीएल आॅक्शन में बिके थे। भुवी को 6 लाख रुपये में खरीदा गया था लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
भुवी को बिना मैच खिलाये ही आरसीबी ने रिलीज कर दिया और इसके बाद उन्हें पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 20 लाख रुपये में खरीदा। ये खिलाड़ी साल 2011 से 2013 तक पुणे की टीम में रहा। भुवी ने अपने डेब्यू सीजन में 3 विकेट लिए। अगले सीजन में वो 8 विकेट लेने में कामयाब रहे और 2013 में उन्होंने 13 विकेट हासिल किये।
हालांकि हर सीजन में वो काफी किफायती गेंदबाज साबित हुए। 2014 में भुवी की किस्मत पलटी जब सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 4.25 करोड़ रुपये में खरीदा। 2018 में उनकी सैलरी 8.50 करोड़ रुपये हो गयी। 2025 में भुवी की एंट्री दोबारा आरसीबी में हुई और अब ये खिलाड़ी 10.75 करोड़ रुपये कमा रहा है।
भुवनेश्वर कुमार के 200 आईपीएल मैच से पहले विराट कोहली ने उनकी जमकर तारीफ की। विराट ने उन्हें आईपीएल के सर्वकालिक बेस्ट 3 गेंदबाजों में से एक बताया। विराट ने कहा, एक गेंदबाज के तौर पर 200 आईपीएल मैच खेलना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। ये उनकी लंबी पारी और लगातार मेहनत के बारे में बहुत कुछ बताता है।
भुवी ने सभी फॉर्मेट खेले हैं और हमेशा वो सफल रहे हैं। भुवी की सबसे खास बात खेल को लेकर उनकी गहरी समझ रही है। उनकी इकॉनमी रेट और विकेट, हर मैच में उनकी डॉट गेंदें देखें तो ये वाकई कमाल है। आप हर बार उनपर भरोसा कर सकते हो।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse