टीम एबीएन, रांची। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। उनका शव मनाली के सिमसा क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीर सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति की कामना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, आदरणीय चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन का अत्यंत मर्माहत करने वाला समाचार मिला।
मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं। जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने दो दोस्तों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने आये थे और सिमसा के होम स्टे में रुके थे। 23 फरवरी को सभी ने सोलंग घाटी और सेथन गांव घूमकर दिन बिताया।
24 फरवरी को वीर ने दोस्तों के साथ बाहर जाने से मना किया और कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। दोपहर में जब दोस्तों ने उसे बिस्तर पर देखा तो वह सिर दर्द की शिकायत कर रहा था। दोस्तों ने उसे दवा दी और वह सो गया। करीब 2 बजे कमरे से जोरदार गिरने की आवाज आयी। कमरे में जाकर दोस्तों ने देखा कि वीर बिस्तर से गिरा हुआ है।
वे उसे तुरंत उठाकर अस्पताल ले गये। रास्ते में वीर के मुंह से झाग निकलने लगा। मनाली सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर कर हर संभव प्रयास किया, लेकिन वीर को बचाया नहीं जा सका और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और दोस्तों, होम स्टे कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse