गुमला : मसूरी बेड़ा धाम विकास समिति ने सौंपा धीरज साहू को महाशिवरात्रि के लिए आमंत्रण

 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। मसूरी बेड़ा धाम विकास समिति तेलगांव, गुमला के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद सह लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान समिति की ओर से उन्हें मसूरी बेड़ा धाम में आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया गया।

समिति के सदस्यों ने बताया कि मसूरी बेड़ा धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धाम में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। 

उन्होंने मसूरी बेड़ा धाम के विकास एवं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल आस्था मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार और विकास के अवसर भी प्राप्त होते हैं।

इस अवसर पर मसूरी बेड़ा धाम विकास समिति की ओर से दीपांकर साहू, कैलाश नाग, प्रदीप साहू, सुरेंद्र साहू, छोटे लाल सोनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने महाशिवरात्रि महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse