टीम एबीएन, रांची। राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई आगामी 7 जनवरी से झारखंड के चार जिलों में सांगठनिक प्रवास पर रहेंगे। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने दी।
श्री साहू ने बताया कि डॉ वाजपेई अपने संगठनिक प्रवास के क्रम में वे अलग-अलग जिलों के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, जिलों में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, नगर निकायों के महापौर, उप महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री के साथ बैठक को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि डॉ वाजपेई मंडल कार्यसमिति, मंडल के सभी सात मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, शक्ति केंद्र संयोजक, सह संयोजक के साथ मंडल में निवास करने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि डॉ वाजपेई का प्रवास 7 जनवरी को लातेहार, 8 जनवरी को पलामू, 9 जनवरी को गढ़वा और 10 जनवरी को चतरा में निर्धारित है।
टीम एबीएन, कोडरमा/ रांची। जिला मुख्यालय स्थित सहाना गार्डन में बुधवार को जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने सोशल मीडिया की भूमिका और सक्रियता पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोडरमा इलाके में समस्याएं कई हैं लेकिन इनका कुछ भी समाधान नहीं हो पा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता साजिद हुसैन लल्लू ने कहा कि वर्ष 2024 का विधानसभा चुनाव कोडरमा के लिए परिवर्तन का होगा और यह एक नई राजनीतिक दिशा के साथ ही कोडरमा की दशा को भी बदलेगा।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि अभी पूरे इलाके में उम्मीद की केंद्र केवल शालिनी गुप्ता हैं जो हमेशा लोगों के सुख दुख में शामिल रहती हैं। बैठक को छट्ठू पंडित, सुभाष राणा, सुशील अग्रवाल, एके सिंह, केसी दास, वीरेंद्र साहू, पवन सिंह, संतोष साव, सुनील दास, संजय जैन, विकास कुमार, सिकंदर दास समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संजीव समीर ने किया।
टीम एबीएन, कोडरमा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित कोडरमा आगमन की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों समेत बीडीओ-सीओ के साथ बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन, पशुधन, सर्वजन पेंशन, केसीसी, सुखाड़ राहत, विभिन्न प्रकारों के छात्रवृत्ति समेत मनरेगा संबंधित योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की।
इस दौरान महोदय ने शिक्षा विभाग व समाज कल्याण विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाते हुए आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के आवेदनों को तेज गति से निष्पादन हेतु निर्देशित किया। इसी तरह उन्होंने कल्याण पदाधिकारी को सभी प्रकार की छात्रवृत्ति का भुगतान शिक्षा विभाग से समन्वय बनाते हुए करने पर बल दिया साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत अधिकाधिक आवेदन जेनरेट करने एवं प्राथमिकता के आधार पर सभी आवेदनों का निष्पादन करने पर बल दिया। वहीं सर्वजन पेंशन योजना के तहत लाभुकों की भी जानकारी ली साथ ही पशुधन योजना की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त महोदय द्वारा मनरेगा, सुखाड़ राहत योजना, पर्यटन संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मध्य नजर किए जाने वाले स्थल भ्रमण की वास्तविक स्थिति का जांच करने साथ ही सभी कार्यालयों को सुव्यवस्थित रखने हेतु निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि समाहरणालय परिसर की साफ सफाई व पेंट करने का निर्देश दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। दारू थाना क्षेत्र के कबलासी पंचायत के कबलासी बस्ती में मंदिर निर्माण के विवाद में दो पक्षो में मारपीट की घटना हो गई। यह घटना एक जनवरी की है जब मंदिर निर्माण में मूर्ति लगाने के मामले में विवाद हो जाने के बाद मारपीट हो गई।
इस मामले में एक पक्ष से गौरव कुमार मिश्रा पिता प्रवीण मिश्रा ने दारू थाना में आवेदन देकर गांव के ही सात लोगों में दौलत साव, रीतलाल साव, पूरण साव, सुमित साव, अनिता देवी, विजय साव और उप मुखिया लीलावती देवी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आवेदन में वादी ने बताया कि गांव में मंदिर निर्माण का कार्य देखने गए थे इसी बीच दौलत साव के द्वारा सरकारी विद्यालय की जमीन पर अवैध दुकान बनाने का मुद्दा उठाया गया जिससे नाराज होकर सभी आरोपी ने मिलकर मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया।
इस मामले में दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि एक जनवरी को दोनो पक्षो के तरफ से मारपीट की घटना हुई थी जिसके बाद उसी दिन दोनो पक्षो ने आपस मे बैठकर सुलह कर लिया था पर अब एक पक्ष के द्वारा चार जनवरी को आवेदन दिया गया जिसके बाद दारू थाना में कांड संख्या 2/2023 में मामला भी दर्ज कर लिया।
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। धर्मांतरण की खबर फैलने के बाद अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी के नेतृतव में समाज के अन्य पदाधिकारी के साथ बुधवार को दिगवार बस्ती पहुंचे। यहां पर बस्ती के ग्रामीणों के साथ अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति हजारीबाग के बैनर तले जिला अध्यक्ष के अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसका संचालन जिला महासचिव रंजीत कुमार ने किया। इस बैठक का मूल उद्देश्य था कि ग्राम दिग्वार में भुइयां समाज को धर्म परिवर्तन से बचाने का। जिसे मन में ठान कर वे दिगवार पहुंचे एवं धरातल स्तर पर ग्रामीणों से मिलकर सच्चाई का पता किया।
इस बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि उनके बगल के क्षेत्र चानो आदि जगहों पर कुछ परिवारों ने धर्म परिवर्तन किया है। पर दिगवार में अबतक किसी ने भी धर्म परिवर्तन नहीं किया है। ईसाई मिशनरी के द्वारा यदि धर्म परिवर्तन करने का प्रयास किया गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जायेगा। हम सभी प्रण लेते है कि हम जिस धर्म मे जन्म लिए है उसी धर्म मे रहकर हमारी जान जायेगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष ने लोगो को जागरूक करते हुए कहा कि किसी तरह के लोभ लालच में धर्म परिवर्तन कराए जाने का पुरजोर विरोध होगा और भुइयां समाज इसके लिए पूरी तरह से तैयार है।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अशोक राम ,जिला प्रवक्ता सुनील कुमार डूमर से राजू राम, अर्जुन राम, कपिल राम, दिलीप राम, शोभा देवी, सोनी देवी, बबीता देवी, विजय राम, कबिलास देवी इत्यादि सहित काफी संख्या मे महिला-पुरुष शामिल हुए।
टीम एबीएन, विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। रोजगार की तलाश में गये झारखंड के प्रवासी मजदूर को मिली हवालात। मामला थाना क्षेत्र अंतर्गत खरकट्टो गांव का है। प्रकाश साव पिछले 16 दिसंबर 2022 से दुबई में जेल में बंद है। मामले में परिजनों ने सरकार से गुहार लगाई है।
बताते चले कि खरकट्टो निवासी किसुन साव के 20 वर्षीय पुत्र प्रकाश साव दुबई में पिछले 16 दिसंबर 2022 की शाम को जब काम करके लौट रहा था। तभी उनकी बात परिवार के लोगों से हुई थी और परिवार को जानकारी दी कि मुझे यहां पुलिस ने पकड़ लिया है और मैं जेल में हूं। तब से उनका मोबाइल बंद है। इसे लेकर परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। पत्नी बसंती देवी ने कहा कि प्रकाश साव पिछले एक वर्ष पूर्व रोजी रोटी की तलाश में दुबई गये थे। जहां पर बिल्डिंग बनानेवाली कंपनी में कार्य करता था। वह घर का एकलौता कमानेवाला होने के कारण माता पिता, पत्नी बसंती देवी व ढाई वर्षीय मासूम बच्ची परी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई हैं।वहीं प्रवासी हित में कार्य करनेवाले सिकंदर अली ने प्रकाश साव के घर खरकट्टो पहुंचकर पूरी जानकारी ली और इस घटना लेकर उन्होंने कहा कि पहला मौका नहीं है जब दलालों के चक्कर में पड़ कर गरीब तबके के लोग विदेशों में फंस जाते हैं और पूर्व में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं। पिछले माह ताजिकिस्तान में फंसे झारखंड के 44 मजदूर व दुबई जेल बंद बिष्णुगढ़ के मडमों के प्रवासी मजदूर विनोद महतो की वापसी हुई हैं। ऐसी घटनाओं का रोक लगाने के लिए ऐसे में सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत हैं।
टीम एबीएन, टाटीझरिया (हजारीबाग)। पंचायती राज द्वारा राष्ट्रीय कार्यशाला, नई दिल्ली के डॉ भीम राव अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में पांच और छह जनवरी को आयोजित है। जिसमें प्रोजेक्ट ड्राईवेन बिपीडीपी/ डीपीडीपी तैयार करने के लिए बताया जाना है। उक्त कार्यशाला में झारखंड राज्य से कुल 28 अधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
इनमें टाटीझरिया के प्रमुख संतोष मंडल भी हैं, जो बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पंचायती राज के विभिन्न क्रियाकलापों की जानकारी, योजना बनाने की जानकारी, पंजी के रख रखाव की जानकारी तथा किस प्रकार से पारदर्शिता के साथ हमें एक जनप्रतिनिधि के रूप में काम करना है, इसकी पूरी जानकारी उक्त कार्यशाला में दी जानी है।
कार्यशाला में चार जिला परिषद के अध्यक्ष, देवघर, रांची, पलामू और कोडरमा, चार डीडीसी-धनबाद, बोकारो, चतरा और गढ़वा, आठ प्रमुख - टाटीझरिया, रंका, गांडेय, खुंटपानी, राजनगर, ओरमांझी, गुमला और रनिया, आठ बीडीओ- झींकपानी, बरही, ईचागढ़, ओरमांझी, केतार, जमुआ, बसिया और रनिया के अलावे प्राचार्य केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान हेहल, डीपीएम देवघर, प्रदान के सलाहकार और एक योजना एक्सपर्ट शामिल हैं। ये सभी बुधवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हुए और वहां से 7 जनवरी को वापस आयेंगे।
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। प्रखंड क्षेत्र के हरली में वर्षों पूर्व निर्मित स्वास्थ्य भवन में बड़ी-बड़ी झाड़ियां निकल आई थी, जिसकी सफाई बुधवार को हरली मुखिया फरजाना खातून ने कराया। अस्पताल भवन की सफाई होने से प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण अब काफी खुश नजर आ रहे है अब उन्हें इस बात की उम्मीद हो रही है कि इस भवन में स्वास्थ्य केंद्र शुरू हो जायेगा जिनसे उन्हें और पूरे प्रखंड की जनता स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल पायेगा।
प्रशिक्षु आईएएस सताब्दी मजूमदार की सक्रियता के बाद स्वास्थ्य विभाग की अधिकारियों की चिर निंद्रा टूटती नजर आ रही है। यह भवन वर्ष 2014 में बनकर तैयार हुआ था तब से भवन के मुख्य गेट में ताला लटका हुआ था और अंदर दस फीट से भी बड़ी बड़ी झाड़ियां निकल आयी थी जिसे जेसीबी लगाकर साफ करवाया गया। स्वास्थ्य भवन शुरू करने के बारे में सिविल सर्जन ने एस के सिंह ने भी बताया कि फरवरी महीने तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू कर दिया जायेगा।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मी हालांकि यह भी चर्चा करते नजर आ रहे है कि हरली पंचायत के पेटो में वर्षों पहले से स्वास्थ्य उपकेंद्र चल रहा है फिर इसी पंचायत में दूसरा स्वास्थ्य केंद्र किस आधार पर प्रारंभ होगा यह शंका उनके मन में चल रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse