टीम एबीएन, चक्रधरपुर/ रांची। चाईबासा जिला के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के आराहासा स्थित सीआरपीएफ 60 बटालियन कैंप में तैनात जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान अमित सिंह जम्मू का रहने वाला था। घटना गुरूवार की रात करीब नौ बजे की है। जानकारी के अनुसार पारिवारिक तनाव के कारण जवान ने आत्महत्या की है।
जवान अमित सिंह गुरुवार को संतरी ड्यूटी में तैनात था। रात करीब नौ बजे अचानक उसने कैंप के बैरक में फायरिंग शुरू कर दी। इलाका नक्सल प्रभावित होने के कारण कैंप में मौजूद अधिकारी व जवान सकते में आ गये। कुछ ही देर में स्थिति साफ हो गई कि यह कोई नक्सली हमला नहीं बल्कि संतरी डियूटी में तैनात जवान ने ही फायरिंग की है।
जवान अमित सिंह ने अपने इंसास रायफल से करीब आठ राउंड फायरिंग की। अंत में उसने स्वयं को गर्दन में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को चक्रधरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल में जवान अमित सिंह के शव का पोस्टमार्टम करा रांची भेज दिया गया। रांची से हवाई मार्ग से शव को उनके पैतृक गांव के जम्मू के ग्राम लसवारा, पोस्ट देवली, थाना बिसाना भेजा जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में ठंड का कहर बरकरार है। दिन-प्रतिदिन ठंड बढ़ती ही जा रही है। कोहरे और धुंध से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। आने वाले 4 दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। इसे लेकर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अलर्ट भी जारी किया है। दरअसल, राज्य में इतनी ठंड है कि ठंड की वजह से 2 लोगों की मौत की खबर आई है।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार की रात बाजार टांड़ स्थित सर्वेश्वर धाम आश्रम के समीप शेड में पूरी रात ठंड में पड़े रहने से 42 वर्षीय हिंदू उरांव की मौत हो गई है। वहीं, इसी प्रखंड में पिछले दिनों एक अन्य व्यक्ति की भी ठंड से मौत हो गई है। इंसान ही नहीं बल्कि ठंड की वजह से फसलों को भी नुकसान हो रहा है।
घने कोहरे के कारण खेतों में लगी सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है। सबसे ज्यादा नुकसान फूलगोभी, पत्ता गोभी, आलू, मटर व फ्रासबीन की फसल को हुआ है। वहीं, गोभी, आलू के पत्ते व मटर के फूल झुलस रहे हैं, जिससे कम पैदावार होने की उम्मीद है। इससे किसान काफी चिंतित हैं। वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद बताते हैं कि पूरा राज्य कोहरे की चादर से लिपटा है। सुबह 11 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ हो चुके हैं। पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। शाम ढलते ही हवा बहने लगती है और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगता है।
टीम एबीएन, देवघर/ रांची। जिला में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो केंद्रीय जांच एजेंसी के नाम का इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। देवघर में अपराधी गिरफ्तार हुआ है, जिससे घर में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है। ये गिरोह खुद को सीबीआई का अधिकारी बनकर घरों में लूटपाट करता है, पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी को जेल भेज दिया है।
देवघर में सीबीआई अधिकारी बनकर लूट का मामला बुढ़ई थाना क्षेत्र का है। बीते 30 दिसंबर की रात सीबीआई अफसर बनकर सत्यनारायण वर्णवाल के घर डकैती करने वाले गिरोह के एक सदस्य पप्पू यादव को देवीपूर थाना क्षेत्र के बेड़मुक्का से बुढ़ई पुलिस ने गिस्पतार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का एक मोबाइल और पांच हजार नकद बरामद किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सीबीआई अधिकारी बनकर सत्यनारायण वर्णवाल के घर प्रवेश कर गया और रिवॉल्वर की नोंक पर 50 हजार नकद, जेवरात और मोबाइल लूट लिये थे।
टीम एबीएन, लोहरदगा। झारखंड के गुमला स्थित केओ कॉलेज के वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष सह-लोहरदगा डॉ प्रसेनजीत मुखर्जी ने महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 108 वीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अधिवेशन के पर्यावरण विज्ञान सेक्शन में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किया। वह झारखंड के ऐसे पहले पर्यावरणविद है जो लगातार डेढ़ दशकों से नेशनल साइंस कांग्रेस में सहभागिता कर रहे हैं।
उनके शोध पत्र का विषय था ‘डेवलपमेंट एंड एनवायरमेंटल कंफलिक्ट’ (विकास और पर्यावरण संघर्ष) उन्होंने विकास के साथ पर्यावरणीय क्षति से उत्पन्न उत्पन्न विवादों के निपटारे के लिए उच्च न्यायालयों और सर्वोच्च न्यायालय में दायर पीआईएल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
राज्य के 38 पहाड़ियों के विलुप्त होने की हुई चर्चा
डॉ प्रसेन्नजीत मुखर्जी ने हरमू नदी, मैक्लुस्कीगंज के बंद पड़े खदानों, झारखंड के शहरी क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने संबंधित, सड़क निर्माण के लिए वृक्षों का क्षरण, लोहरदगा, गुमला सिमडेगा, लातेहार और साहिबगंज में अवैध खनन के कारण 38 पहाड़ियों के विलुप्त होने से संबंधित जनहित याचिकाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की। पर्यावरण सक्रियता की आवश्यकताओं पर बल दिया। साथ ही पर्यावरण सक्रियता के प्रकार और महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ बताया कि झारखंड जनजातीय बहुल राज्य है यहां की सामाजिक, आर्थिक पृष्ठभूमि जल, जंगल और जमीन पर निर्भर करती है। झारखंड भारत के मिनिरल रेवेन्यू में 42 प्रतिशत योगदान करता है। आवश्यक है, ऐसे विकास का जिसमें विकास के साथ-साथ हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहे। इस मौके पर मेरठ के शोभित विश्वविद्यालय के कुलपति सह-नेशनल साइंस कांग्रेस के पर्यावरण संभाग सेक्शनल चेयरमैन डॉ अमर कुमार गर्ग और पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर इन जी तिवारी डॉ प्रसेन्नजीत मुखर्जी को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
टीम एबीएन, रांची। बेड़ो थाना पुलिस ने एक व्यवसायी से पीएलएफआई के नाम पर दस लाख रुपये मांगने के मामले में पीएलएफआई का एरिया कमांडर प्रेम प्रकाश बारला उर्फ शम्मी सहित चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में करमदेव तिर्की, विजय गोप और संजय कुमार शामिल है। इनके पास से एक देशी कट्टा, पांच गोली, तीन माबाईल, एक बाइक, लेवी का एक लाख रुपये नकद, पीएलएफआइ का लेटर पैड बरामद किया गया है।
एसएसपी किशोर कौशल ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 19 दिसम्बर को एक व्यवसायी ने थाने में शिकायत की थी कि दस लाख का लेवी पीएलएफआइ के लेटर पैड के जरीये मांगी जा रही है। सूचना के बाद ग्रामीण एसपी नौशाद आलम की देखरेख पर डीएसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने सभी को गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने बताया कि एरिया कमांडर प्रेम प्रकाश बारला उर्फ शम्मी के खिलाफ रांची-खूंटी के अलग-अलग थानों में 25 मामले दर्ज हैं। जबकि विजय गोप खूंटी और नगड़ी में तीन मामले दर्ज हैं।
टीम एबीएन, रामगढ़/हजारीबाग। झारखंड के रामगढ़ जिले के रामगढ़ महिला थाना प्रभारी मेंजारी बिरुवा को हजारीबाग एसीबी की टीम ने घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। मेंजारी बिरुवा कुजू के दिगवार के तरुण गिरी नामक एक व्यक्ति से केस को रफा-दफा करने के नाम पर 10,000 हजार रुपये घूस ले रहीं थीं। कुजू ओपी क्षेत्र के दिग्वार गांव के तपन गिरी नामक व्यक्ति ने एसीबी हजारीबाग की टीम को इस बात की सूचना दी थी।
एसीबी की टीम ने पहले मामले की जांच की और गुरुवार को जाल बिछा कर महिला थाना प्रभारी जब अपने कार्यालय में विभिन्न फरियादियों से बात की थी। उसी समय तपन गिरी से पैसा लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी टीम ने महिला थाना प्रभारी मंजारी बिरवा को गिरफ्तार कर अपने साथ हजारीबाग ले गई है और उनसे पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी के पकड़े जाने के बाद पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। हजारीबाग एसीबी टीम का नेतृत्व डीएसपी कर रहे थे।
टीम एबीएन, टाटीझरिया। सिदो-कान्हू संथाल समिति टाटीझरिया दुधमटिया में हरेक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अदिवासी समुदाय द्वारा संथाली गीत नृत्य ढोल नगाड़ा मांदर झाल क्षेत्रीय वाद्य यंत्रों के धुन पर चोंचा, भदरकटवा, हटवे, सिमराढाव, चुरचू, चुड़को गांवों के महिला पुरुषों ने बहुत ही हर्षोल्लास के साथ दिशोम सोहराय समारोह 2023 के बैनर तले मनाया।
वहीं बाबा बालक नाथ मंदिर टाटीझरिया से दुधमटिया जंगल मंच तक झूमते थिरकते पहुंचे। मुख्य अतिथियों में टाटीझरिया बीडीओ साइनी तिग्गा, सीओ नीलम कुमारी को महिलाओं ने जल परिक्षेप कर स्वागत किया। वहीं बीडीओ-सीओ ने मनोबल बढ़ाने के लिए झूम रही महिलाओं के साथ नृत्य किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता असोक किस्कू, मंच संचालन डेगलाल किस्कू ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त रूप से टाटीझरिया बीडीओ साइनी तिग्गा, सीओ नीलम कुमारी, टाटीझरिया मुखिया सुरेश यादव, बेडम मुखिया सुमित्रा देवी, डहरभंगा मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र यादव समेत मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंचासीन बीडीओ-सीओ ने आदिवासी समुदाय के लोगों को कार्यक्रम के दौरान दिशोम सोहराय मिलन समारोह पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। मौके पर सुरेंद्र किस्कू, असोक बास्के, असोक मुर्मू, सुरेश मुर्मू, संजीत मुर्मू, बिनोद हेंब्रम, चिंतामन मुर्मू समेत अन्य कई महिला पुरुष उपस्थित थे।
टीम एबीएन, बड़कागांव। प्रखंड के सिंदवारी क्रिकेट मैदान में एस पी एल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। जिसके लीग मैच में आज बृहस्पतिवार को चुरचू सुपर किंग 11 बनाम अंबेडकर युवा क्लब सिंदवारी के बीच खेला गया। जिसमें टॉस जीतकर सिंदवारी की टीम ने पहले बॉलिंग का निर्णय लिया। जिसमें चुरचू सुपर किंग इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 119 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसका पीछा करने उतरे अंबेडकर युवा क्लब सिंदवारी की टीम ने 108 रन पर ही आल आउट हो गया। मैच चुरचू सुपर किंग इलेवन ने 11 रनों से जीत लिया।
मैच में चुरचू सुपर किंग इलेवन के तरफ से पिंटू कुशवाहा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंद में छह छक्का,तीन चौके की मदद से 57 रन की शानदार पारी खेली। बॉलिंग करते हुए 2 विकेट भी चटकाए। शानदार खेल के लिए मैच का मैन आॅफ द मैच पिंटू कुशवाहा को चुना गया। मौके पर मुख्य रूप से टूर्नामेंट के आयोजक तनवीर आलम,आसिफ रजा, वारिस रजा, मो शहनवाज, मो सोहेब, अमजद, रामबिलास कुमार, सुमित कुमार, विकास सिंह, महेश कुमार बजरंग कुमार,पप्पू मंडल, इकराम, अमन, धीरंजन सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse