झारखंड

View All
Published / 2023-01-08 20:40:07
हमने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है, सत्ता में कौन है ये मायने नहीं रखता : लक्ष्मीकांत वाजपेयी

  • भाजपा के झारखंड प्रभारी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। चुनाव हमारे सामने हैं हम इसकी तैयारी कर रहे हैं। जनता के समर्थन से सरकार को अपदस्थ करेंगे और झारखंड में अपनी सरकार बनायेंगे। यह बात भाजपा के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पलामू में कही है। लक्ष्मीकांत वाजपेयी पलामू दौरे पर रविवार को पहुंचे थे। पार्टी कार्यालय में उन्होंने संगठन के नेताओं के साथ बैठक की और कार्यों की समीक्षा की।

मीडिया से बातचीत करते हुए लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि झारखंड में पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है सरकार का मुखिया कौन है और इसमें कौन शामिल है इससे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कैसी राष्ट्रीय पार्टी है एक तरफ भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है और अपनी पार्टी को ही नहीं जोड़ पा रही है। राहुल गांधी एक बार या बार बार यात्रा निकाल लें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।

उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने आदिवासियों को झूठी बातें बोल कर, भ्रम फैलाकर सब्ज बाग दिखाया है। उन्होंने एक भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने के लिए आये हैं, राजनीति के लिए नहीं। इस दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, आलोक चौरसिया, पुष्पा देवी, राज्य प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, विनोद सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।

Published / 2023-01-08 20:08:04
गुमला : स्कूटी समेत पुल से नीचे गिरे राजस्व कर्मचारी, मौत

टीम एबीएन, गुमला/ रांची। झारखंड के गुमला जिले में सड़क हादसा हो गया है, जिसमें स्कूटी समेत पुल के नीचे गिरने से राजस्व कर्मचारी की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

स्कूटी समेत पुल के नीचे नदी में गिरा राजस्व कर्मचारी
मामला जिले के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जिरमी के पास का है। बताया जा रहा है कि घाघरा अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी अनूप कुमार नामक युवक बीते शनिवार को ड्यूटी के बाद चैनपुर के ब्लॉक मोड़ स्थित घर लौट रहा था। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया, जिसमें वह स्कूटी समेत पुल के नीचे नदी में गिर गया। रात भर शव पानी में ही पड़ा रहा। सुबह स्थानीय लोगों ने शव को पानी में स्कूटी के ऊपर तैरता देखा तो पुलिस को सूचना दी।

ऑफिस से घर लौटते वक्त हुआ हादसा
इस मामले में मृतक के भाई ने बताया कि अनूप शनिवार को ऑफिस से नहीं लौटा तो उसे फोन लगाया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। अनूप ने बताया कि आम तौर पर रात 8 बजे तक घर आ जाता था। 10 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो खोजने के लिए निकला, लेकिन गांव के बाहर हाथी के झुंड के कारण रास्ते से लौटना पड़ा। वहीं, घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

Published / 2023-01-08 18:20:13
कोडरमा : जेजे कॉलेज के हेड क्लर्क सुशील सिंह का निधन

टीम एबीएन, कोडरमा। जेजे कॉलेज झुमरी तिलैया के बड़ा बाबू सुशील सिंह का रविवार को निधन हो गया। वे रांची स्थित अस्पताल में भर्ती थे। अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गये हैं। उनके निधन से जेजे कॉलेज झुमरीतिलैया में शोक की लहर दौड़ गयी है। 

प्रभारी प्राचार्य डॉ मिथलेश मिश्रा ने कहा कि उनके निधन से कॉलेज को अपूरणीय क्षति हुई है। पूरा कॉलेज परिवार उनके निधन से शोकाकुल है और मर्माहत है। उनके निधन के कारण कॉलेज सोमवार को उनको श्रद्धांजलि देने के बाद बंद रहेगा। यह जानकारी कॉलेज के प्रवक्ता कुमार गौरव ने दी। उनका अंतिम संस्कार कल किया जायेगा। वे बिहार के गोह के निवासी थे और बहुत लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे।

Published / 2023-01-08 18:15:00
सीएम हेमंत सोरेन से मिला माइका व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल

  • माइका और ढीबरा उद्योग को पुनर्जीवित करने की मांग

टीम एबीएन, कोडरमा। माइका एवं ढीबरा उद्योग को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से कोडरमा और गिरिडीह के माइका व्यवसायियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मिला। मुलाकात के क्रम में माइका कारोबारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष जमीनी तौर पर व्यवसाय में आ रही समस्याओं को रखा, जिसमें दोनों जिलों के हजारों मजदूर, छोटे कारोबारियों के साथ-साथ उद्योग तथा निर्यात बुरी तरह प्रभावित हैं।

उक्त प्रतिनिधिमंडल में शामिल व्यवसायी महेश दारुका ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने व्यवसायियों की बातों को गंभीरता से सुना और विश्वास दिलाया कि उन्हें भी ढीबरा उद्योग और इस में जुड़े हजारों मजदूर और छोटे व्यवसायियों की रोजी रोटी और जीविकोपार्जन की चिंता है और किसी भी हालत में इस उद्योग के अस्तित्व को प्रभावित नहीं होने देंगे। दुनिया मे अपनी विशिष्ट क्वालिटी के लिए मशहूर झारखण्ड के माइका उद्योग को बचाने एवं इसकी उन्नति के लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा।

इस संदर्भ में यह भी जानकारी दी गयी कि नई माइका पालिसी को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और निकट भविष्य में इसकी घोषणा होने की पूरी संभावना है।प्रतिनिधिमंडल में गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, माइका व्यवसायी अशोक जैन, राजेन्द्र बगड़िया, राजेश छापरिया, पवन दारुका, प्रदीप भदानी एवं अन्य उपस्थित थे।

Published / 2023-01-08 16:28:56
हेमन्त बतायें, नौकरी नहीं तो राजनीति से संन्यास वाली घोषणा का क्या हुआ : बाबूलाल मरांडी

टीम एबीएन, रांची। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जनता से किये गये उनके वादों की याद दिलाई है। बाबूलाल ने 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले हेमंत सोरेन के किये गये उस ट्विट को शेयर किया है, जिसमें उन्होंने पांच लाख नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी।

मरांडी ने कहा कि न राज्य में पांच लाख नौकरी मिली, न बेरोजगारों को भत्ता और न ही खुलेआम नौकरी नहीं तो राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा करने वाले मुख्यमंत्री का इस्तीफा आया। आखिर मुख्यमंत्री बिना नियोजन नीति के राज्य के युवाओं को कैसे नौकरियां देंगे।

मरांडी ने कहा कि सरकार के संरक्षण-सहयोग में पल रहे दलाल, बिचौलिये, माफिया और कुछ बेईमान अफसरों के खिलाफ ईडी की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद पत्थर चोरी का धंधा मंद पड़ा गया था लेकिन वह धंधा फिर तेज हो गया है। रांची के ओरमांझी में शनिवार को अवैध पत्थर खनन विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत इसी का परिणाम है।

रांची-खूंटी रोड पर दस माईल चौक के पास जो अवैध खदान, क्रशर बंद करवाये गये थे, वो फिर तेज गति से काम में लग गये हैं। साहिबगंज और दुमका के इलाके में भी अवैध पत्थर खनन शुरू हो गया है।

बाबूलाल ने आरोप लगाया है कि पिंडरगरिया रेलवे साइडिंग पर तो सोरेन राज परिवार ने ऐसा कब्जा किया है कि वहां दूसरे को रेक लोड की इजाजत नहीं है। झारखंड की नदियों से बालू सफाचट करके अब ये लोग अपने कारोबार साम्राज्य का विस्तार बिहार की नदियों तक कर रहे हैं।

Published / 2023-01-08 16:14:28
कोडरमा : ट्वीट के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में लहराने लगा 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज

  • पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने धनबाद के डीआरएम को दिया धन्यवाद
  • कहा- ट्वीट सशक्त माध्यम बना हुआ है...

टीम एबीएन, कोडरमा। भारतीय रेलवे देश महत्वपूर्ण स्टेशनों की तर्ज पर कोडरमा रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज के लिए स्थापित 100 फीट ऊंचा मास्ट (खंभा) गत दो-तीन दिनों से सूना-सुना रहा। लेकिन ट्विटर पर एक यूजर पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता की शिकायत के बाद रेलवे प्रबंधन जागा। रविावार की सुबह तिरंगा आन-बान और शान से लहरता नजर आया। देश के लगभग 15 दिन के बाद गणतंत्र दिवस मनाया जाना है और ऐसे में राष्ट्रीय पूर्व में स्‍वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता जतायी जाती है, लेकिन कोडरमा रेलवे प्रबंधन ने देश की आन-बान और शान के प्रति घोर उपेक्षा हो सकती थी। 

इधर, पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कहा कि शनिवार को वे सध्या में वे सुना -सुना खंभा की तस्वीर के साथ  डीआरएम धनबाद को ट्वीट की और इसे डीआएम ने गंभीरता से लेते हुए सीनियर को-कॉर्डिनेटर धनबाद को इस पर अविलंब ध्यान देने की बात ट्वीट के माध्यम से निर्देशित किया। इसके बाद सीनियर कोडिनेटर के निर्देश के बाद कोडरमा स्टेशन पर 8 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहरते नजर आ रहा है। पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने इसके लिए डीआरएम को धन्यवाद दिया है और कहा कि टवीट सशक्त माध्यम बना हुआ है और यह एक ऐसा माध्यम है जिसका असर आधे घंटे से एक घंटे में नजर आता है। 

रेलवे की गंभीरता जनमानस के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है और नागरिकों को भी किसी भी तरह के समस्या के लिए रेलवे के अधिकारियों को जानकारी साझा करने की बात कही। बताते चलें कि लगभग दो वर्ष पूर्व यहां 24 घंटे 7 दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए मास्ट स्थापित किया गया था।

Published / 2023-01-08 15:59:52
धनबाद : तोपचांची बाजार में बम ब्लास्ट से तीन लोग घायल

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। तोपचांची स्थित बाजार में रविवार को बम ब्लास्ट हुआ है। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। बताया जाता है कि एक व्यक्ति बाइक की डिक्की में बम लेकर सब्जी खरीदने आया था। इसी बीच डिक्की में बम फट गया।

बम फटने से तीन सब्जी विक्रेता घायल हो गये। सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर सील कर दिया है।

Published / 2023-01-08 14:47:58
डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू, रांची में हुआ साप्ताहिक हवन, भजन और सत्संग

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू के बच्चों और शिक्षकों ने आज राजधानी रांची के  आर्य समाज मंदिर में आयोजित साप्ताहिक हवन, भजन और सत्संग कार्यक्रम में भाग लिया।इस अवसर पर आचार्य प्रद्युम्न शास्त्री ने हवन कराया। उल्लेखनीय है कि हर रविवार को आर्य समाज मंदिर में रांची स्थित डीएवी के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे क्रमवार शामिल होते हैं जहां पर धर्म शिक्षा, वैदिक ज्ञान तथा आर्य समाज के संवर्द्धन पर बात की जाती है। इसी क्रम में आज डीएवी कपिलदेव के बच्चों ने हवन सत्संग और भजन कार्यक्रम में भाग लिया।

हवन के बाद बच्चों ने ओम् जपो मेरे भाई ओम् जपो मेरी बहना ने भजन प्रस्तुत किया। बच्चों ने इस अवसर पर महात्मा हंसराज के जीवन पर प्रकाश डाला तथा कुछ और अन्य भजन भी प्रस्तुत किये।
सत्संग के दौरान प्रद्युम्न शास्त्री और अशोक कुमार पाठक ने सत्कर्म, सुमार्ग, आलस्य छोड़ने, बोलने के बजाय कर्म करने जैसे विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण से हुआ।

मौके पर शत्रुघ्न लाल गुप्ता, राजकुमार आर्य, एल आर सैनी, पी पी आर्या, अशोक कुमार पाठक समेत डीएवी कपिलदेव के शिक्षक एस के राणा, एस पी सत्पथी, एस के झा, यू एन झा, आर के झा, साधना शर्मा, सुषमा कुमारी, मीनू खत्री, कविता कुमारी, अंजु कुमारी, नीरू बाला सिन्हा, आलोक इंद्र गुरु, चिर सुंदर ठाकुर, एके मंडल, तारा पाठक समेत कई अन्य आर्य समाजी व गणमान्य लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के मीडिया प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Page 951 of 1593

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse