टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में एक विशेष सभा आयोजित करके बहुआयामी प्रतिभा के धनी विद्यार्थियों को सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों ने अंतर विद्यालयी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करके विद्यालय का नाम ऊंचा किया।
चिन्मय मिशन के तत्वावधान में आयोजित गीता पाठ प्रतियोगिता में भिन्न-भिन्न वर्गों में कक्षा अष्टम की अदिति ने प्रथम, कक्षा दशम के अक्षत ओझा ने द्वितीय एवं कक्षा पंचम के सूर्यांश ने तृतीय स्थान प्राप्त करके कीर्तिमान स्थापित किया। कक्षा दशम की अभीप्सा हाजरा ने 25वें चाइल्ड राइट कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में अंडर 19 बालिकाओं के लिए आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में आकांक्षा कुमारी ने ताइक्वांडो में रजत पदक पर, स्वाति मानसी तथा अनुरानी ने कराटे में कांस्य पदक पर, प्यारी निकिता कुजूर तथा सृष्टि नायक ने बॉक्सिंग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने सभी प्रतिभाओं और उनके मार्गदर्शकों को बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी विद्यालय ही नहीं देश के लिए भी कीमती रत्न के समान हैं। अभी बाल्यावस्था से ही उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित करके परिश्रम करते रहना चाहिए ताकि बड़े होकर वे नये कीर्तिमान स्थापित कर सकें। राष्ट्रगान के साथ सभा समाप्त हुई।
टीम एबीएन, चतरा/ रांची। चतरा पुलिस ने माओवादियों का बम प्लानर सह कुरियर लालू यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लालू यादव की गिरफ्तारी कुंडा थाना क्षेत्र स्थित गेरे गांव स्थित उसके घर से की गयी है। एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित प्रतापपुर थाना पुलिस की स्पेशल टीम को यह सफ़लता मिली है।
उसने आठ वर्ष पूर्व प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हेसातू-दुंदु सड़क में बम प्लांट कर पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस पार्टी को उड़ा कर सुरक्षाबलों की निर्मम हत्या और हथियार लूटने की साजिश रची थी। लेकिन पुलिस ने उसके साजिश को नाकाम कर दिया था। पुलिस गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ कर रही है। उसकी गिरफ्तारी से नक्सलियों के एक्सप्लोसिव टीम का बड़ा झटका लगा है।
टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का एक प्रतिनिधिमंडल आज आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो से मिला एवं राज्य में कोर्ट फीस में की गयी अप्रत्याशित वृद्वि के बाद उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की। पूर्व न्यायाधीश सह सेवानिवृत प्रधान सचिव, झारखंड पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि झारखंड सरकार ने बिना किसी चर्चा के कोर्ट फीस में कई गुना वृद्धि कर दी है।
ऐसे ही आम जनता न्याय से कोसों दूर है और ऐसी नीतियों के कारण अब स्थिति और भयावह हो जायेगी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आम जनता को सुलभता से न्याय मिले, लेकिन सरकार की मंशा इसके बिल्कुल विपरीत है। एक ओर बिहार, गुजरात, जम्मू कश्मीर, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में अधिकतम कोर्ट फीस 50 हजार से 75 हजार रुपये के बीच है। वहीं झारखंड में इस अधिसूचना के जारी होने के बाद यह कोर्ट की अधिकतम राशि 50 हजार से बढकर तीन लाख तक हो गया है।
अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के प्रधान महासचिव भरत चन्द्र महतो ने कहा कि अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ सरकार से यह मांग करती है कि जनहित को देखते हुए झारखंड कोर्ट फीस अमेंडमेंट एक्ट-2022 को अविलंब वापस ले, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट अविलंब लागू करे तथा 25 सीआरपीसी के तहत सभी जिला न्यायालय में लोक अभियोजक एवं सहायक लोक अभियोजक की अविलंब नियुक्ति करे।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोर्ट फीस में की गयी वृद्वि वापस नहीं लेती है तो अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ सड़क में उतर कर इसका विरोध करेगी। प्रतिनिधिमंडल में अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के प्रदेश प्रधान महासचिव भरत चंद्र महतो, उपाध्यक्ष दिनेश चैधरी, हाईकोर्ट अध्यक्ष मेल प्रकाश तिर्की, निरंजन राम, राजेश सिंह, मिडिया प्रभारी मृत्युंजय प्रसाद, द्रौपदी कुमारी महतो समेत कई अधिवक्ता शामिल थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। कार्मिक विभाग झारखंड के मुख्य वन संरक्षक ने सभी क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक को पत्र लिखा है। पत्र में तृतीय श्रेणी के कर्मियों को रीजन के अधीन स्थानांतरण या पदस्थापन करने की बात कही गयी है।
पत्र में कहा गया है कि उपयुक्त विषयक प्रासंगिक पत्रांक का कृपया स्मरण किया जाए, जिसके द्वारा स्थानांतरण, पदस्थापन संबंधी नीति एवं प्रक्रिया निर्धारित करते हुए विशेष परिस्थिति को छोड़कर वर्ष में दो बार अर्थात प्रति वर्ष मई-जून तथा नवंबर-दिसंबर में स्थानांतरण और पदस्थापन किया जाना है। पत्र में यह भी कहा गया है कि आपके द्वारा समर्पित तृतीय श्रेणी अर्थात उच्च वर्गीय लिपिक, निम्न वर्गीय लिपिक स्थापना प्रतिवेदन के अवलोकन से प्रतीत होता है कि अधिकांश कर्मी काफी वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थापित या कार्यरत हैं, जिसके कारण विभागीय कार्यों के प्रगति की दिशा में उदासीनता से इनकार नहीं किया जा सकता।
पत्र में आगे कहा गया है कि कर्मियों के विरुद्ध एक ही कार्यालय में पदस्थापित रहकर भ्रष्टाचार करने संबंधी कतिपय शिकायतें विभाग के माध्यम से इस कार्यालय को प्राप्त होते रहते हैं। इससे विभाग की छवि धूमिल होती है,जो विभाग के लिए चिंतनीय है। इसलिए कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के प्रासंगिक पत्र के आलोक में कहना है कि आपके रीजन के अंतर्गत प्रादेशिक, अंचल, प्रमंडल में पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से पदस्थापित, कार्यरत उच्च वर्गीय लिपिक, निम्न वर्गीय लिपिक (चालू वित्तीय वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले को छोड़कर) की सूची एवं उनका अपने रीजन के अंतर्गत स्थानांतरण, पदस्थापन करते हुए कृत कार्यवाही से इस कार्यालय को सूचित कराया जाए।
साथ ही कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के ज्ञापांक से स्पष्ट होता है कि कोई भी कर्मचारी अपने स्थानांतरण, पदस्थापन के संबंध में बाह्य सेवा व्यक्ति से सिफारिश कराते हैं या प्रभाव डालने का प्रयास करते हैं तो उन्हें अपने आचरण के संबंध में स्पष्टीकरण देने का मौका देकर यह बात उनके चरित्र पुस्तिका में दर्ज की जायेगी। ज्ञात हो कि यह पत्र 10 अक्टूबर 22 को लिखा गया है।
टीम एबीएन, पीपरा-पलामू/ रांची। पिपरा प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिता केरकेट्टा कहा कि किसान अपनी फसलों में उत्पादन को बढ़ायें। इसके लिए कृषि उपकरण एवं तकनीक का सहारा लें। साथ ही कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग द्वारा फसलों को लगायें जाने संबंधी सलाह का अनुपालन करते हुए अगेती फसलों को लगायें, ताकि उत्पादन के साथ-साथ उत्पादन की अच्छी कीमत प्राप्त हो। प्रखंड विकास पदाधिकारी आज पिपरा प्रखंड में आयोजित रबी कर्मशाला में किसानों को कृषि संबंधी सलाह दे रहीं थीं। उन्होंने किसानों को रबी कर्मशाला में सीखी बातों को अन्य किसानों को अवगत कराने की बातें कही, ताकि ज्यादा -से-ज्यादा किसानों को इसका फायदा मिले। उन्होंने कृषि ऋण माफी योजना के लिए ई-केवाईसी कराने के लिए भी किसानों को प्रेरित किया।
रबी कर्मशाला की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव ने की। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक संजय कुमार ने किसानों को फसलों में अधिक उत्पादन लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान भाई फसलों में अधिक उत्पादन के लिए धान, गेहूं के चक्र को छोड़कर 3-एम फामूर्ला को अपनाएं। इससे उन्हें अधिक उपज प्राप्त होगा। 3-एम का मतलब खरीफ में मक्का (मेज), रबी में सरसों (मस्टर्ड) तथा गरमा में मूंग की खेती करना होता है, जिससे किसानों को कम खर्च होगा। पानी की खपत भी कम होगी। खाद एवं कीटनाशक में लागत या खर्च कम होगा। पर्यावरण संरक्षण भी हो सकेगा। 3-एम तकनीक अपनाने से फसल का उत्पादन अधिक होगा और किसानों की आमदनी भी अधिक होगी। उन्होंने गेहूं की खेती में उर्वरक प्रबंधन पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने किसानों को सलाह दिया कि गई की बुआई के 21 दिन बाद पहली सिंचाई करें, इसके 3 दिन उपरांत 45 किलोग्राम यूरिया के साथ 100ेह्ण न्यूट्रीस्फीयर एन मिलाकर 1.5 एकड़ गेहूं के खेत में छिड़काव करें। नाइट्रोजन, पोटेशियम तथा जिंक का प्रयोग गेहूं के दाना बनने की प्रक्रिया के समय उपयोग करने की सलाह दी। रबी कर्मशाला में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि 90% अनुदान पर ड्रिप/स्प्रिंकलर इरिगेशन सिस्टम दिया था रहा है। इस योजना का लाभ लेकर किसान अपनी फसल में अच्छी सिंचाई कर सकते हैं।
भूमि संरक्षण विभाग की पंप योजना, उद्यान विकास की योजना एवं झारखंड राज्य कृषि ऋण माफी योजना के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई एवं इसके फायदे के बारे में बताया गया। कृषि कर्मशाला में जिला परिषद सदस्य ददन पासवान, रवीन्द्र कुमार सिंह, सरईया मुखिया प्रियंका कुमारी, दलपतपुर मुखिया मीना देवी, बभण्डी मुखिया इसवंती देवी सहित जनसेवक, जनसेवक सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान मित्र एवं विभिन्न गांवों के किसान उपस्थित थे।
टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। धनबाद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पर भाजपा विधायक ढुल्लू महतो ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। हाईकोर्ट के आदेश पर ढुल्लू महतो ने आज कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। दरअसल, पिछले 12 दिसंबर को ही न्यायालय ने 10 जनवरी तक ढुल्लू महतो को आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था।
बताया जा रहा है कि झारखंड हाईकोर्ट ने साल 2013 के एक मामले में पुलिस पदाधिकारी की वर्दी फाड़ने और पुलिस हिरासत से एक वारंटी को छुड़ाने के मामले में बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को राहत देने से इनकार करते हुए कोर्ट में सरेंडर करने को कहा था, जिसके बाद आज ढुल्लू ने झारखंड हाईकोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
बता दें कि विधायक ढुल्लू महतो पर आरोप है कि साल 2013 में ढुल्लू महतो समेत अनेक पर आरोपियों ने सरकारी काम में बाधा डालने और एक वारंटी राजेश गुप्ता को हिरासत से छुड़ाने का मामला दर्ज कराया गया था। प्राथमिकी में ढुल्लू पर पुलिस अधिकारी से हथियार छीनने और मारपीट करने का भी आरोप है। कोर्ट ने ढुल्लू महतो को जेल में सरेंडर करने को कहा था। इसी मामले में भाजपा विधायक ढुल्लू महतो पहले भी जेल जा चुके हैं। वहीं रविवार को ढुल्लू महतो अचानक जेल में बीमार हो गये थे।
टीम एबीएन, रांची। पैरा थ्रो बॉल फेडरेशन आॅफ इंडिया ने तीन दिवसीय शिविर का आयोजन ई-रोड, तमिलनाडु में किया है। यह आयोजन 12 से 14 जनवरी 2023 तक चलेगा। शिविर के बाद भारतीय टीम का गठन किया जाना है। जिसमें झारखंड राज्य से 6 पुरुष और 6 महिला खिलाड़ी हैं : सनोज महतो, चंदन लोहरा, पवन लकड़ा, कमलेश उरांव, राजेश कुमार मेहता, एमडी नशिम अली, अनीता तिर्की, प्रतिमा तिर्की, पुष्पा मिंज, अशुंता टोपो, महिमा उरांव, तारामणि लकड़ा।
इन सभी खिलाडियों को इस शिविर में शामिल होने का मौका मिला है और इसके बाद शिविर में जो भी खिलाड़ी अच्छा परफॉर्मेंस करेंगे, उन्हें भारतीय टीम में जगह मिलेगी। फरवरी में नेपाल और बांग्लादेश का दौरा करेगी। पैरा ओलंपिक एसोसिएशन आॅफ झारखंड के सचिव मुकेश कंचन सभी खिलाड़ियों को रांची रेलवे स्टेशन से शुभकामनाओं के साथ टीम को रवाना किया। मुकेश कंचन ने बताया कि थ्रो बॉल में झारखंड की प्रतिभा काफी ही बेहतरीन है। पिछले महीने ही नेशनल में महिला वर्ग में झारखंड को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ था, मुकेश जी का कहना है कि निश्चित तौर पर झारखंड के खिलाड़ी भारतीय टीम में जगह बना पायेंगे।
सभी खिलाड़ियों को राहुल मेहता अध्यक्ष पैरा ओलंपिक एसोसिएशन आॅफ झारखंड, सरिता सिन्हा सचिव झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन, डॉ शमशेर आलम राही अध्यक्ष डीआरडी फाउंडेशन, जाहिद अंसारी, डॉ सुनीता कुमारी, संजू कुमारी एवं कोरल कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
टीम एबीएन, बड़कागांव। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष किशोर राणा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 79वां जन्मदिन आगामी 11 जनवरी को बड़े धूमधाम से सोनी धर्मशाला में मनाया जायेगा। आगे उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सैकड़ों कार्यकर्ता के द्वारा केक काटकर दिशोम गुरु का जन्मदिन मनाया जायेगा। जिसको लेकर उन्होंने 11 बजे सभी कार्यकर्ताओं से सोनी धर्मशाला पहुंचने का अपील किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse