टीम एबीएन, रांची। अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उनसे आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने अपने पिता को पुष्पगुच्छ भेंट कर ईश्वर से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मौके पर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के छोटे पुत्र विधायक बसंत सोरेन सहित मुख्यमंत्री के अन्य परिजन तथा कई गणमान्य लोगों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
टीम एबीएन, रांची। विकास भारती के 40वां वार्षिकोत्सव पर बरियातू रोड स्थित आरोग्य भवन में आयोजित तीन दिवसीय शिल्प मेला का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विकास भारती ने अपने 40 साल के यात्रा के दौरान सामाजिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है।
जनजातीय समाज के बीच शिक्षा, स्वरोजगार व व्यक्तित्व विकास में जितना कार्य हुआ उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव विकास प्रक्रिया में जन भागीदारी की वकालत करते हैं। सरकार और संस्थायें जब एक साथ जुड़कर कार्य करती हैं, तो देश के प्रगति की गति बढ़ती है और विकास के लाभ का दायरा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विस्तारित होता है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत के ग्रामीण शिल्पकारों, दस्तकारों और कारीगरों में वह क्षमता है, वह हुनर है, जिसके जरिये भारत पूरी दुनिया के बाजार में अपनी ताकतवर उपस्थिति दर्ज करा सकता है। यही कारण है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में परिवेश आधारित रोजगार परक शिक्षा का प्रावधान किया गया है, हुनर को हौसला और उड़ान को आकाश देने का इंतजाम किया गया है।
पद्मश्री अशोक भगत जी और उनकी संस्था विकास भारती की 40 वर्षों की सेवा यात्रा का परिणाम है लाखों गरीबों, महिलाओं, शिल्पकारों के देशी हुनर को सम्मान, स्वावलंबन और स्वाभिमान। कार्यक्रम में उपस्थित रांची सहित आसपास के शिल्पकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण शिल्पकारों के परंपरागत ज्ञान को नवीन आधुनिक तकनीक से जोड़कर दुनिया के बाजारों में स्पर्धा देने लायक बनाना चाहती है। इस कार्य को पूर्ण करने में विकास भारती की महती भूमिका हो सकती है।
टीम एबीएन, रांची। कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहट्टू स्थित आईटीबीपी कैंप के पास स्टोन चिप्स माइंस में टीपीसी के उग्रवादियों ने जमकर उत्पात मचाया है। उग्रवादियों ने माइंस में लगे वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना मंगलवार की देर रात की है। उग्रवादियों ने गार्ड की पिटाई की और उसका मोबाइल छीन कर ले गये।
बताया जाता है कि उग्रवादियों ने स्टोन माइंस संचालक से लेवी की मांग की थी। लेवी नहीं देने पर धमकी भी दी थी। इसी बीच देर रात करीब 15 की संख्या में आये उग्रवादियों ने गार्ड की कनपट्टी में पिस्तौल सटाकर मालिक का पता पूछा। इसके बाद वहां लगे एक हाईवा को आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार की सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है प्रथम दृष्टया मामला लेवी को लेकर अंजाम देने का प्रतीत होता है। घटना को टीपीसी ने अंजाम दिया है।
टीम एबीएन, रांची। लालपुर थाना क्षेत्र के श्रेया गर्ल्स हॉस्टल में रह कर पढ़ाई करने वाली शगुफ्ता परवीन ने आज सुबह हॉस्टल के अपने रूम में आत्महत्या कर ली, मृतक लाल पनिया बोकारो की रहने वाली है, लालपुर थाना की पुलिस हॉस्टल पहुंच कर मामले की तहकीकात में जुट गयी है।
टीम एबीएन, रांची। आगामी बजट 2023-24 को लेकर यदि आप झारखंड सरकार को सुझाव देना चाहते हैं तो तैयार हो जाइये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में हमीन कर बजट पोर्टल और मोबाइल एप का उद्घाटन किया है। इस पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से झारखंड के आम नागरिक भी अब आगामी झारखंड बजट 2023-24 से संबंधित अपना महत्वपूर्ण सुझाव राज्य सरकार को भेज सकेंगे।
बजट 2023-2024 में झारखंड का बजट कैसा होना चाहिए, इस निमित्त अपना महत्वपूर्ण सुझाव 20 जनवरी 2023 तक ऑनलाइन पोर्टल हमीन कर बजट के माध्यम से भेज सकेंगे। तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले व्यक्तियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जायेगा।
मौके पर मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव वित्त विभाग अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग केके सोन, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव आपदा प्रबंधन विभाग अमिताभ कौशल, सचिव श्रम, नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग राजेश शर्मा, निदेशक राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार उमाशंकर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा/ रांची। जिले के डोमचांच में 17 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन की तैयारी को लेकर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की बैठक परिसदन में की गयी। इसमें झामुमो नेता सह मंत्री दर्जा प्राप्त विनोद कुमार पांडेय एवं फागु बेसरा मौजूद थे।
समीक्षा के दौरान पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, जिला के तमाम पदाधिकारी गण सभी केंद्रीय समिति सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम कोडरमा की धरती पर ऐतिहासिक होगा। दोनों का पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने माला एवं गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह तथा संचालन जिला सचिव वीरेंद्र पांडे ने किया।
इसके पहले मरकच्चो प्रखण्ड के कानीकेंद बिरसा मुंडा चौक में प्रखंड सचिव अशरफ अंसारी, सक्रिय सदस्य संतोष पासवान, तारणी प्रसाद, पूर्व जिला अध्यक्ष घनश्याम सिंह तथा विश्वनाथ राय एवं बीस सूत्री अध्यक्ष बैद्यनाथ मेहता के नेतृत्व में इनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य, जिला प्रवक्ता, जिला संगठन सचिव समेत बड़ी संख्या में झामुमो के नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने पारसनाथ पर्वत-सम्मेद शिखरा पर उपजे विवाद पर मंगलवार को कहा कि कुछ लोग जबरन पारसनाथ पूजा स्थल को लेकर विवाद पैदा कर रहे हैं। पारसनाथ को लेकर आदिवासियों और जैनियों के बीच कोई विवाद नहीं है। पारसनाथ में सदियों से आदिवासी और जैन धर्म के लोग मिलजुलकर पूजा-पाठ करते आए हैं। कुछ लोग जबरदस्ती विवाद पैदा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कोई महाजुटान जैसी बात नहीं है। उन्होंने ओड़िशा के पूर्व सांसद सालखन मुर्मू को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि झारखंड में केवल एक ही नेता हैं, शिबू सोरेन। अगर सालखन मुर्मू इतने बड़े नेता हैं, तो उन्हें ओड़िशा जाकर नेतागिरी करनी चाहिए। उन्हें ओड़िशा का मुख्यमंत्री, विधायक- सांसद बनना चाहिए। वे झारखंड में क्या कर रहे हैं। वहां पर स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने सभी पक्षों के साथ बैठक कर हल निकाल लिया है। वहाम आदिवासी और जैनी दोनों अपनी-अपनी मान्यता व रीति-रिवाज के साथ पूजा-पाठ करते रहेंगे। इसके बाद वहां विवाद कहां है।
टीम एबीएन, बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद की फॉर्च्यूनर गाड़ी को बाइक सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण अंबा प्रसाद का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और अंबा प्रसाद को हल्की फुल्की चोट भी लगी। वहीं टक्कर मारने वाली युवक को भी हल्की फुल्की चोट लगी है। जानकारी के अनुसार बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद हजारीबाग की ओर से पतरातू जा रही थीं।
इसी दौरान बिना हेलमेट पहने अचानक एक बाइक विधायक के कार के आगे आ गया, जिसको बचाने के उद्देश्य से ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लिया। उसी दौरान पीछे से एक बाइक सवार तेजी से आ रहा था, जिसने पीछे से अंबा प्रसाद के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी और विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। विधायक ने बाइक सवार को इलाज के लिए नई सराय अस्पताल भेज दिया और वह अपने कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पतरातू की ओर चली गईं।
घटना के संबंध में अंबा प्रसाद ने बताया कि एक बाइक सवार को बचाने के क्रम में ड्राइवर ने जैसे ही ब्रेक लिया वैसे ही तेजी से पीछे आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि, पीछे से आ रहा बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था, जिसके कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना हेलमेट के ना चलें और शहर में वाहनों की रफ्तार को काबू में रखें ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना ना घटे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse