टीम एबीएन, सरायकेला-खरसावां/ रांची। सरायकेला के खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है। इस हादसे में अनियंत्रित पिकअप वैन पलटने से 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गये। वहीं घटना के बाद सड़क किनारे लाशें बिछ गयी, जिसकी वजह से क्षेत्र में भयावह माहौल उत्पन्न हो गया।
इलाके में फैली सनसनी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर राहत बचाव कार्य में लग गयी और घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भेजा गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है। घटना राजनगर चाईबासा मुख्य मार्ग में कुर्बानी गांव के समीप घटी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी प्रतिक्रिया
वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ट्वीट में सात लोगों के मरने की बात कही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा कि सरायकेला-खरसावां में सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन की देखरेख में हादसे में घायल हुए अन्य लोगों का इलाज कराया जा रहा है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
चाईबासा की ओर से ढलाई मजदूरों को लेकर आ रहे पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसमें महिला मजदूर सहित सात की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। पिकअप वैन में करीब 20 मजदूर सवार थे जो चाईबासा से राजनगर की ओर जा रहे थे। उन्हें गोविंदपुर में ढलाई के लिए ले जाया जा रहा था। इनमें से ज्यादातर महिला मजदूर थी। सभी को इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहां 8 मजदूरों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सभी की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम रेफर कर दिया गया है।
टीम एबीएन, बिष्णुगढ़। प्रखंड के बनासो पंचायत भवन में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास मेला का आयोजन गुरुवार को किया गया। रोजगार मेले का उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य मुन्नी देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कोंगारी, गिरजा साव, शेख तय्यब ने संयुक्त रूप से किया। रोजगार के लिए उक्त मेले में बड़ी संख्या में युवक युवतीयां पहुंचे थे, जिसमें 317 अभ्यर्थियों के आवेदन को पंजीकृत किया गया। सलेक्टेड अभ्यर्थियों को प्रशिक्षन दिया जायेगा। प्रशिक्षण के उपरांत रोजगार उपलब्ध करवाया जायेगा।
रोजगार मेले में रांची व हजारीबाग के एजेंसी शामिल थे। आनंद बुक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक प्रो कंसलटिंग, एनईएएम एजुकेशनल फाउंडेशन, एमएस सपोर्ट, मां सरस्वती, राधा गोविंद, जीसीएस कंप्यूटर, बाजीर स्किल्स, कॉटन ब्लॉसम के अलावे अन्य एजेंसी शामिल थे। कुल 15 एजेंसीयों द्वारा 317 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। अलग-अलग कुल 15 ट्रेड के लिए रोजगार मेला लगाया गया था, जिसमें एसएमओईएमओ हेल्थ केयर, लॉजिस्टिक एंड होटल मैनेजमेंट, एसएमओ जो हजारीबाग से आये हुए थे। रांची द्वारा जीडीए एडवांस इमरजेंसी केयर असिस्टेंट, असिस्टेंट क्लर्क एसएमओ, हेल्थ केयर जेडीए, आदि ट्रेडस शामिल था।
जेएसएलपीएस के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रामगिरी उरांव ने बताया कि ट्रेड के अनुसार योग्यता निर्धारित है। वही ट्रेड के अनुसार सलेक्टेड अभ्यर्थियों को 3 से 6 माह तक प्रशिक्षण दिया जायेगा। तदोपरांत विभिन्न स्थानों में पदस्थापित कर रोजगार मुहैया करवाई जायेगी। रोजगार मेला कार्यक्रम में बनासो पंचायत मुखिया चंद्रशेखर पटेल, मुखिया निर्मल कुमार, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिव कुमार रमन, जिला समन्वयक जेएसएलपीएस के दीपक कुमार पांडेय, एफटीसी सुनील कुमार, सामुदायिक समन्वयक सुजीत कुमार, गुरु साव उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कटकमदाग। प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुसुम्भा में गुरुवार को मुखिया कल्लू राम की अध्यक्षता में बाल सभा की गयी। मौके पर मुखिया ने विद्यालय में बच्चों को शुद्ध पेयजल हेतु दो वाटर फिल्टर प्रदान किया। सभा में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में सेनेटरी वेडिंग मशीन लगाने, स्टेज बनाने, खेलकूद मैदान का सुंदरीकरण करने, एमडीएम भोजन ग्रहण के लिए शेड निर्माण कराने की मांग रखी।
मुखिया ने कार्यकारिणी की बैठक में सभी मांगों को रख कर पारित होने के बाद पुरा करने का आश्वासन दिया। सभा में पंसस सबिता देवी, उप मुखिया सुरेंद्र बांडो, एचएम विनय कुमार, सहायक शिक्षक प्रकाश यादव, भुनेश्वर यादव, मनोज कुमार यादव, वार्ड सदस्य महेंद्र यादव, जितनी देवी, मुखिया प्रतिनिधि रंजीत यादव उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। स्वामी विवेकानंद ने सौ साल पूर्व जो बातें कही थी आज वे सही साबित हो रही है। चरित्र और कर्म को स्वामी जी ने सबसे महत्वपूर्ण मानते हुए पूरे विश्व को महत्वपूर्ण संदेश दिये।
गुरुवार को उर्सुलाइन इंटर कॉलेज रांची के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खबर मन्त्र के वरिष्ठ उप संपादक एनके मुरलीधर ने कहा कि आज के युवा जिस प्रकार विभिन्न समस्याओं से जुझ रहें हैं उसका सबसे बड़ा कारण आत्मबल की कमी है। असफलता कभी सिद्ध नहीं करती कि आप आगे सफल नहीं हो सकते। जब भारत गुलाम था गरीबी के जाल में जकड़ा था तब कैसी स्थिति रही होगी। तब स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को कहा कि आपकी मां आपकी धरती मां है और आप उनके लिये भी कुछ सत्कर्म करें।
पूरे विश्व के इतिहास में पहली बार हुए विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी जी बड़ी कठिनाई से पहुंचे और तमाम कठिनाई के बीच जब कार्यक्रम में उन्हें अपने धर्म, देश और संस्कृति के बारे में बोलने का अवसर मिला तो उन्होंने अपने कुशल वक्तव्य से पूरे विश्व को भारत के महत्व और भारतीय संस्कृति के उच्च बोध को स्थापित किया। स्वामी जी ने देश में ऐसा मनोबल बढ़ाया कि आजादी की लड़ाई में यह बल सकरात्मक ताकत बनी।
श्री मुरलीधर ने कहा कि आज युवाओं के लिये निराशा और आत्महत्या बड़ी समस्या बनती जा रही है। ऐसे में हमें अपने शैक्षणिक स्तर को बढ़ाने के साथ ही हमें अपनी जीवन चरित्र और बल को उपर उठाने के विषय में चिंतन करना चाहिए। स्वामी जी कहते थे कि देह का बढ़ना और बुद्धिमान होना दो बात है। बुद्ध और ईसा मसीह की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक के होते हुए अगर हम निराशा के गर्त में जाते हैं तो इसका कारण हम सब है। हम अपने आस-पास के नकारात्मक तत्वों से प्रेरणा लेते हैं इसलिये हम परेशान होते हैं। हमारी संस्कृति और उसकी मजबूती का प्रतिफल है कि हमें हमारे परिजनों का बड़ा सहयोग मिलता है। पश्चिमी सभ्यता सिर्फ धन की प्रमुखता देते हैं जबकि हमारी संस्कृति मानव मन की प्रसन्न्ता पर ध्यान देती है।
इस अवसर स्वामी जी की लिखी कविताओं का भी पाठ किया गया। स्कूल परिसर में युवा दिवसर के अवसर पर विवेकानंद के भेष में छात्राओं ने उनके संबोधन के मुख्य बिंदुओं को उदघोष कर शपथ लिया कि वे अपने कर्तव्य पथ पर आगे चलती जायेंगे। प्राचार्या डॉ मरेी गे्रस ने स्वामी जी की उक्ति का उदघोष करवा कर वातावरण को ऊजार्वान कर दिया। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्य और चरित्रवान होकर ही जीवन में उचें आदर्श प्राप्त किये जा सकते हैं।
टीम एबीएन, रांची। सेवा भारती, रांची के एक दिन तीन कार्यक्रम के तहत अनगड़ा प्रखंड के जोन्हा स्थित ग्राम गुड़ीडीह, सेवा धाम में आगामी 29 जनवरी को किसान मेला, स्वास्थ्य शिविर, सेवा समर्पण दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन रखा है। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर सेवा धाम, जोन्हा में स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
स्वास्थ्य शिविर के बारे में आरोग्य सेवा केन्द्र प्रभारी जीपी पाण्डेय ने बताया कि उक्त शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे और उचित दवाइयां उपलब्ध करायेंगे। साथ ही रांची के मोदी सेवा सदन के सहयोग से मोतियाबिंद आपरेशन के लिए उक्त शिविर में मरीजों की जांच की व्यवस्था रहेगी।
सेवा भारती, रांची, भाग-5 के सचिव संतोष वर्मा ने बताया कि निर्णायक दौड़ प्रतियोगिता के लिए प्रखंड के 33 गांवों में दौड़ प्रतियोगिता हो रही है। गांव-गांव में किसान मेला के लिए कृषकों से संपर्क किया जा रहा है। किसान मेला में कृषक विभिन्न उत्पादों के स्टाल एवं कृषि संस्थानों के कृषि यंत्र व खाद-बीज के स्टॉल लगायेंंगे।
उत्कृष्ट फसल वाले किसानों को संस्था पुरस्कृत करेगी। साथ ही कार्यक्रम में किसान गोष्ठी होगी, जहां बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम क्रियान्वयन हेतु बैठक में जितेन्द्र कुमार, लखन मिश्र, दीनेश कुमार, सोनाराम मुंडा, जीपी पाण्डेय, जीतु मुंडा, विनय महतो, जयमाला देवी, गोडलीप सोनकर, दीनबंधु साहू आदि उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। रांची जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन एवम युवा स्वाभिमान संघ ने युवा दिवस पर रन फॉर रांची और यूथ आइकॉन अवार्ड का आयोजन बापू वाटिका, मोराबादी में आयोजित की गयी। मुख्य अथितियों में रांची विधायक सीपी सिंह, रांची मेयर आशा लकड़ा, भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप सिंह, रांची एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मुनचुन राय, युवा स्वाभिमान संघ के अध्यक्ष निशांत यादव, जिला एथलेटिक्स सचिव प्रभाकर वर्मा, संयोजक प्रह्लाद ने सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद जी को पुष्प अर्पित कर नमन किया। तत्पश्चात झंडा दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया गया।
2.5 किलोमीटर की दौड़ में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर राजन कुमार, द्वितीय स्थान पर पंकज राय और तृतीय स्थान पर प्रदीप कुमार रहे। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर संघमित्रा, द्वितीया में सुशांती कुमारी और तृतीय स्थान पर सबिता टोप्पो रही।
रांची जिला एथलेटिक्स संघ एवम युवा स्वाभिमान संघ के तत्वावधान में रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों के योग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कृषि, समाजसेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और शिक्षा प्रशिक्षक आदि के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को यूथ आइकॉन अवार्ड सह प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रियंका केरकेट्टा, डॉ अर्चना कुमारी, संजय कुमार महतो, बिट्टू कुमार, प्रशांत सिंह, अजय विश्वकर्मा, शिफू बिश्वजीत कर्मकार, शर्मिष्ठा राय, डॉ बलराम सिंह, रफिया नाज, डॉ पूजा सिन्हा, रोहित साहू, रोशन कुमार, आनंद गोप सहित 25 युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विधायक सीपी सिंह और मेयर आशा लकड़ा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी जी के बताये मार्ग पर चलना और उनके आदर्शों, मूल्यों एवम सपनों को पूरा कर ही हमारा देश विश्व में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर सकता है।
आज के आयोजन में मुनचुन राय, निशांत यादव, सुजीत सिंह, जग्गू सिंह, प्रभाकर वर्मा, रामप्रसाद, प्रह्लाद जी, राहुल शर्मा, राकेश कुमार, अमित अग्रवाल, मनीष केसरी, बिट्टू दिव्य परमार, प्रेम सिंह, कौशल चौधरी, सुनील वर्णवाल, कृष्णा विश्वकर्मा, सुभांशु दुबे, पूजा सिंह, राहुल रंजन सहित सैंकड़ों युवाओं की प्रमुख भूमिका रही।
टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। चाईबासा जिले में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाने के दौरान बड़ा धमाका हो गया है। धमाके में 6 जवान जबकि 2 हवलदार घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची रिम्स में लाया जा रहा है।
नक्सलियों के विस्फोट में 6 जवान और 2 हवलदार घायल
मामला जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका का है। जानकारी के मुताबिक इन दिनों इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षाबलों और मिसिर बेसरा दस्ते के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई और नक्सलियों द्वारा विस्फोट में 6 जवान और 2 हवलदार के घायल होने की खबर आ रही है। सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची रिम्स में लाया जा रहा है।
सुरक्षा बल ने पूरे इलाके की कर दी है नाकेबंदी
धमाके के बाद घटनास्थल पर अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पुलिस अब भी सर्च अभियान चला रही है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है हालांकि नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर जंगल में प्रवेश कर गये हैं। सुरक्षा बल ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी है।
टीम एबीएन, हजारीबाग। उपायुक्त नैंसी सहाय ने सड़क सुरक्षा सप्ताह- 2023 अंतर्गत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उपायुक्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत दिनांक 11 जनवरी से 17 जनवरी 2023 तक आमजनों तथा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति के द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए यातायात एवं सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें। जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत रन फॉर सेफ्टी, बाइक रैली, प्रभात फेरी, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से सम्बंधित सेमिनार तथा क्विज एवं पेंटिंग प्रतियोगिता, बड़े वाहनों के चालकों के आंख एवं स्वास्थ्य की जांच इत्यादि आयोजित किया जायेगा।
इस दौरान सड़क सुरक्षा से सम्बंधित जागरूकता रैली भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में प्रभात फेरी/जागरूकता रैली का आयोजन कर लोगों सड़क सुरक्षा के नियमों का हमेशा पालन करने का सन्देश दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse