टीम एबीएन, रांची। सेवा भारती जोन्हा स्थित गुड़ीडीह सेवा धाम में 29 जनवरी को किसान मेला का आयोजन करेगी। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर, सेवा समर्पण दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। आरोग्य सेवा केंद्र प्रभारी जीपी पांडेय ने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे।
टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। झरिया कोलफील्ड इलाके के अग्नि प्रभावित एवं भू-धंसान वाले बेहद खतरनाक इलाकों में रह रहे लगभग 60 हजार लोगों को हटाकर आगामी तीन महीनों के भीतर सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जायेगा। केंद्रीय कोयला सचिव अमृत लाल मीणा और झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने इस इलाके में कोयले का खनन करने वाली कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और जिला प्रशासन के अफसरों को तीन महीने के टाइम फ्रेम के अंदर यह टास्क पूरा करने का निर्देश दिया है।
झरिया कोयलांचल में 70 ऐसी साइट चिह्नित की गई है, जहां जमीन के भीतर मौजूद कोयले में लगी आग बेहद खतरनाक रूप ले चुकी है और आए दिन जमीन धंसने के हादसे हो रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, झरिया में अग्निप्रभावित कुल 595 साइट हैं, लेकिन इनमें से 70 ऐसी है, जहां आबादी का एक पल भी रहना बेहद जोखिम भरा माना जा रहा है। पिछले कुछ सालों में इन इलाकों में अचानक जमीन फटने से मकान, मंदिर, मस्जिद, दुकान आदि के जमींदोज होने की दो दर्जन से भी ज्यादा घटनाएं हुई हैं।
ऐसे इलाकों में बरोरा, कतरास, लोदना, पुटकी बलिहारी, कुसुंडा, सिजुआ और बस्ताकोला के क्षेत्र हैं। सबसे पहले इन क्षेत्रों के लोगों को विस्थापित किया जाना है। लगभग 12 हजार परिवारों के 60 हजार लोग बीसीसीएल की ओर से बनाये गये पुनर्वास क्षेत्रों में या फिर अन्यत्र भेजे जायेंगे।
इनमें से साढ़े नौ हजार परिवार तो ऐसे हैं, जो कोलियरी की जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जा करके रह रहे हैं। इनके अलावा 19 सौ लोग ऐसे हैं, जिनकी यहां पर जमीन और मकान हैं, कोयला कंपनी बीसीसीएल में काम कर रहे पांच सौ लोगों के परिवार भी इन बेहद खतरनाक क्षेत्रों में रह रहे हैं, इन्हें भी अन्यत्र भेजा जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू में आज संगीत सभा और विवेकानंद जयंती का आयोजन किया गया। पहले कार्यक्रम में छात्रों के बीच शास्त्रीय संगीत को प्रचारित और प्रसारित करने वाली संस्था स्पिक मैके ने एक
संगीत सभा का आयोजन किया।
प्रसिद्ध रूद्र वीणा वादक श्रीमती ज्योति हेगड़े द्वारा इस अवसर पर राग अहीर भैरव प्रस्तुत किया। पखावज पर उनका साथ विद्या भारती कोलकाता के प्रोफेसर निशांत ने दिया। इस अवसर पर दोनों कलाकारों ने रूद्रवीणा और पखावज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा आलाप और झाला के बारे में छात्रों को बताया।
आज प्रातः कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी कपिल देव के प्राचार्य श्री एम के सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। प्राचार्य ने कलाकारों का स्वागत करते हुए स्पिक मैके संस्था के बारे में जानकारी दी तथा कहा संगीत मन को सुकून देता है। सबों को संगीत सीखना चाहिए और उसे अनुभव करना चाहिए। स्पिक मैके संस्था के रांची समन्वयक श्री राजीव कुमार ने भी कहा कि बच्चे संगीत को ध्यान पूर्वक सुनें और उसे महसूस करें।
कार्यक्रम प्रस्तुतीकरण के बाद कलाकारों ने संगीत से संबंधित शब्दों के बारे में बतलाया और बच्चों से उनका अनुभव भी पूछा। रूद्र वीणा वादक श्रीमती ज्योति हेगड़े ने कहा कि उन्हें विद्यालय में आकर बहुत अच्छा महसूस हो रहा है क्योंकि यहां के बच्चे संगीत से परिचित हैं। पखावज वादक श्री निशांत ने कहा के ताल की शुरुआत भगवान गणेश ने की थी और पहले मृदंग मिट्टी से बने होते थे बाद में लकड़ियों के बनाये जाने लगे।
पूर्व आईएएस एमपी अजमेरा ने इस अवसर पर बच्चों को आशीर्वाद दिया। अपने आशीर्वचन में उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार रवीन्द्र जैन का उल्लेख करते हुए लगन से संगीत सीखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय में समय समय पर संगीत सभा का आयोजन करने का भी अनुरोध किया।
इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक समेत वर्ग नवम और ग्यारह के बच्चे मौजूद थे।
आज ही विद्यालय में हुए एक दूसरे कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद जी को उनकी जयंती के अवसर पर याद किया गया।प्राचार्य श्री एमके सिन्हा ने विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनको याद किया। इस अवसर पर बच्चों ने विवेकानंद जी को याद करते हुए विशेष रूप से शिकागो में हुए धर्म सम्मेलन का जिक्र किया। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के मीडिया प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, रांची। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर महर्षि मेही विद्यापीठ में बच्चों ने कई कार्यक्रम काकिये। सबसे पहले विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आभा मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी एवं उनके उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उसके बाद विद्यालय के सभी छात्र छात्राओं एवं शिक्षक गण ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता एवं स्वामी विवेकानंद से संबंधित भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कक्षा छठी से 11वीं तक के बच्चों ने इसमें भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्या श्रीमती आभा मिश्रा एवं उप प्राचार्य गौतम कुमार ने सभी बच्चों को सम्मानित किया एवं उन्हें स्वामी विवेकानंद के जीवन के आधार पर चलने का उपदेश दिया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे।
टीम एबीएन, गढ़वा-पलामू/ रांची। स्वामी विवेकानंद हम सबों के आदर्श हैं। उनकी जयंती हर वर्ष 12 जनवरी को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिनके मन में कुछ अलग कर गुजरने की सोच रहती है वहीं युवा हैं। युवाओं को हमेशा व्यक्ति एवं समाज के लिए कुछ करने की सोच रखनी चाहिए। स्वामी विवेकानंद के आदर्श युवाओं को सही दिशा में ले जाता है। उनके आदर्शों को अपनाना होगा। उनकी सोच का अनुकरण कर प्रेरणा लेते हुए उनकी सोच एवं उनके संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने कही। वे आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर गढ़वा जिले के सोनपुरवा के बीएनटी संत मैरी स्कूल में आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने वार्षिक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों द्वारा लगाये गये विभिन्न मॉडल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर गढ़वा के उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार यादव, अंचल अधिकारी मयंक भूषण आदि थे।
आयुक्त ने पलामू प्रमंडल के युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी अभिभावकों का कर्तव्य है की बच्चों को सही दिशा दें। इसके लिए उन्हें स्वामी विवेकानंद की सोच को अपनाना होगा। उनके आदर्शों को अपनाते हुए अपने को मजबूत एवं सबल बनाना होगा। साथ ही अपने परिवार एवं समाज को आगे बढ़ाने में अपनी महती भूमिका निभानी होगी। इसके पूर्व आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को याद किया।
विद्यालय के निदेशक उमाकांत तिवारी ने कहा कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के विभिन्न कौशल देखने का मौका मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये विभिन्न मॉडलों पर प्रसन्नता जाहिर की और कहा कि प्रदर्शनी में लगाये गये मॉडल ज्ञानवर्धक हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार तिवारी ने सभी का स्वागत किया एवं विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। साथ ही वार्षिक प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने सोलर पावर, सिंचाई प्रणाली, डिजिटल इंडिया, ऑटोमेटिक ट्रैफिक कंट्रोल, मौसम में बदलाव आदि से संबंधित विभिन्न मॉडलों को प्रस्तुत किया था। साथ ही आर्ट एवं क्राफ्ट की प्रदर्शनी लगाई थी। वहीं विभिन्न महापुरुषों के स्केच बनाए थे। आयुक्त सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की।
युवा दिवस पर आयोजित वार्षिक प्रदर्शनी कार्यक्रम का संचालन संजीव रंजन तिवारी एवं रूपम दुबे ने की। मौके पर शिक्षक नीरज कुमार, रुकमणी द्विवेदी, अजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, अभिषेक दुबे, गिरजा प्रसाद के अलावा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। चाईबासा के टोंटो में लगतार दूसरे दिन भी लैंडमाइन ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि घायल जवानों को रांची लाया गया। सीआरपीएफ के जवानों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विस्फोट के बाद गोलियां चलायी।
पिछले कुछ दिनों से चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। घायल जवान अमरेश सिंह, सौरव कुमार, संतोष सिंह कोबरा बटालियन के बताये जा रहे हैं। नक्सालियों के खिलाफ चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान अचानक आईईडी में ब्लास्ट हुआ।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी के बुढ़मू-ठाकुर गांव थाना क्षेत्र के पास के जंगलों में रांची पुलिस और टीपीसी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। इस मुठभेड़ में दो से तीन उग्रवादियों के घायल होने की सूचना है। मौके से पुलिस ने कुछ हथियार भी बरामद किये हैं। गौरतलब है कि रांची के कांके और पिठौरिया इलाके में स्थित दो स्टोन माइन्स में आगजनी कर दहशत फैलाने की कोशिश की गयी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने एक टीम का गठन कर उग्रवादियों की तलाश में लगाया था। टीम पिछले 2 दिनों से झारखंड जगुआर के साथ जंगलों में आगजनी करने वाले उग्रवादियों की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी था। इसी बीच बुढ़मू-ठाकुर गांव के पास जंगली इलाके में अभियान के दौरान कुछ हथियारबंद लोग दिखे। जिन्हें देखकर रांची पुलिस के अफसरों ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा, लेकिन पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की टीम के द्वारा की गयी फायरिंग से टीपीसी उग्रवादियों में खलबली मच गयी। वे जंगल से भागने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार इस एनकाउंटर में दो से तीन उग्रवादियों को गोली लगी है, जिनकी तलाश की जा रही है। जिस जंगल में उग्रवादी छुपे हुए थे वहां सर्च अभियान के दौरान अभी तक एक राइफल, कुछ कारतूस, पिट्ठू और कपड़े बरामद हुए हैं।
टीम एबीएन, सरायकेला-खरसावां/ रांची। सरायकेला के खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में एक बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है। इस हादसे में अनियंत्रित पिकअप वैन पलटने से 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गये। वहीं घटना के बाद सड़क किनारे लाशें बिछ गयी, जिसकी वजह से क्षेत्र में भयावह माहौल उत्पन्न हो गया।
इलाके में फैली सनसनी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर राहत बचाव कार्य में लग गयी और घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भेजा गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है। घटना राजनगर चाईबासा मुख्य मार्ग में कुर्बानी गांव के समीप घटी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी प्रतिक्रिया
वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने ट्वीट में सात लोगों के मरने की बात कही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर लिखा कि सरायकेला-खरसावां में सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। जिला प्रशासन की देखरेख में हादसे में घायल हुए अन्य लोगों का इलाज कराया जा रहा है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
चाईबासा की ओर से ढलाई मजदूरों को लेकर आ रहे पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिसमें महिला मजदूर सहित सात की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। पिकअप वैन में करीब 20 मजदूर सवार थे जो चाईबासा से राजनगर की ओर जा रहे थे। उन्हें गोविंदपुर में ढलाई के लिए ले जाया जा रहा था। इनमें से ज्यादातर महिला मजदूर थी। सभी को इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है, जहां 8 मजदूरों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सभी की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर एमजीएम रेफर कर दिया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse