टीम एबीएन, चतरा/ रांची। कोरोना संकट के 3 वर्षों के बाद इस वर्ष झारखंड के चतरा जिले के कुंभ से विख्यात बलबल में मकरसंक्रांति के दिन रौनक दिखी। मकरसंक्रांति के अवसर पर आज यानी रविवार को बलबल के गर्मजलकुण्डों में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आज हजारों श्रद्धालुओं ने गर्म जलकुंड व बलबल स्थित महाने नदी में स्नान कर पूजा अर्चना कर दान- पुण्य किया।
पवित्र स्नान को लेकर आज तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा। महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने गर्म जल कुंड में बारी- बारी से स्नान किया। जिले के अलावे हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, बिहार के गया, डोभी समेत अन्य जगहों के अलावा काफी दूर दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचे। मंदिर प्रबंधन समिति के मुताबिक बताया गया कि रविवार को मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त होने के कारण बलबल में और अधिक भीड जुटेगी।
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि यहां मां बागेश्वरी की पूजा अर्चना करने से सभी मनोकामना पूरी होती है। मकर संक्रांति के अवसर पर यहां लगने वाले दस दिवसीय बलबल पशु मेला का शुभारंभ भी हो गया। विधायक किशुन कुमार दास, पूर्व विधायक जयप्रकाश सिंह भोक्ता, जिप अध्यक्ष ममता देवी, उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में मेला का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन के मौके पर बीडीओ संजीत कुमार सिंह, प्रमुख अनिता यादव, जिप सदस्य अनीता देवी, मुखिया जगदीश यादव, रामदेव सिंह भोगता समेत कई गणमान्य उपस्थित थे। प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले दस दिवसीय पशु मेले में प्रत्येक वर्ष के भांति इस बार भी मेले में आकर्षण का केंद्र लक्ष्मण झूला, ब्रेक डांस, मौत का कुआं, जादू का खेल, मिनी थियेटर, ड्रैगन ट्रेन, टावर झूला, मिनी माउस, मिनी झूला सहित कई मनोरंजन के सामान का आगमन हो चुका है जबकि बिहार, बंगाल सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पशु व्यापारी भी पहुंच चुके हैं।
मेला समिति द्वारा दर्शकों की सुविधा के लिए खोया पाया विभाग, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल की सुविधा आदि की व्यवस्था की गई है। मेला को देखते हुए मां बागेश्वरी मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। बताते हैं कि कोविड 19 के कारण पिछले 2 से 3 वर्षों में मेला ठीक ढंग से नहीं लग पाया था। इस वर्ष अपार भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। इधर, सुरक्षा व्यवस्था की कमान गिद्धौर, पत्थलगड़ा व कटकमसांडी थाना को दिया गया है।
इन तीनों थाना के पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर गश्ती तेज कर दी गयी है। मेले के पहले दिन गिद्धौर थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने शराब विक्रेताओं व मुर्गा, मछली बेचने वालों को खदेड़ा साथ ही उन्होंने कहा कि मेले से 50 मीटर दूर पर ही मुर्गा, मछली की दुकान लगायें, जिससे मेले की शांति बनी रहे।
टीम एबीएन, रांची। चंदनकियारी विधायक सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला की ओर से 13 जनवरी को एक विज्ञापन जारी किया गया है। पूर्व मंत्री ने इस पर सवाल उठाया है। उनके मुताबिक विज्ञापन में अनुसूचित जाति समाज को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इसे लेकर गंभीर है।
अमर कुमार बाउरी ने ट्विटर के माध्यम से सरकार से पूछा है कि आरक्षण के मामले में ऐसी गलती क्या जानबूझकर की गई है या भूलवश हुई है। यदि राज्य के 50 लाख से ज्यादा अनुसूचित जाति वर्ग का तिरस्कार और उन्हें उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा अपने संवैधानिक अधिकार को पाने के लिए इस ठगबंधन वाली सरकार की सड़क से लेकर सदन तक ईंट से ईंट बजाने को तैयार है। उन्होंने साफ तौर पर कहा यदि सरकार ने अविलंब इस त्रुटि में सुधार नहीं किया तो आने वाले समय में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
टीम एबीएन, रांची। मौसम केंद्र रांची को भारत के सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र घोषित किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 148वें स्थापना दिवस पर रविवार को आयोजित समारोह में मौसम केंद्र रांची को सम्मानित किया गया। रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने नयी दिल्ली में लोदी रोड स्थित मौसम भवन के वृष्टि सभागार में सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र का पुरस्कार ग्रहण किया।
यह जानकारी रांची के हिनू स्थित मौसम केंद्र ने दी। मौसम केंद्र ने बताया कि 15 जनवरी को भारत मौसम विज्ञान विभाग अपना 148वां स्थापना दिवस मना रहा है। मौके पर मौसम केंद्र रांची को देश का सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र घोषित किया गया है। मौसम केंद्र रांची के कार्यालय प्रमुख अभिषेक आनंद भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। मौसम भवन के वृष्टि सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में मौसम केंद्र रांची के अभिषेक आनंद देश के सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र का पुरस्कार ग्रहण किया।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ जितेंद्र सिंह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मौसम भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुरकंडा जी, मुरारी देवी, जोत और बनिहाल टॉप के डॉपलर वेदर रडार का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही कई प्रकाशनों का विमोचन हुआ। इसके बाद पुरस्कार वितरण किया गया।
टीम एबीएन, हजारीबाग। शहर के एक व्यवसायी सुनील कुमार गुप्ता की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद उसके परिजनों ने रविवार को दिनभर खूब बवाल काटा। मृतक के परिजन और शहर के अन्य व्यवसायियों ने इस घटना का जमकर विरोध किया।
घटना की सूचना सदर विधायक मनीष जायसवाल को मृतक के परिजनों ने दी और न्याय की गुहार की। विधायक ने मृतक की पत्नी, पुत्र सहित अन्य परिजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद मृतक के परिजनों के साथ सदर थाना पहुंचे। विधायक ने डीएसपी महेश प्रजापति से पूछा कि जब आपकी कस्टडी में सुनील कुमार गुप्ता थे तो फिर उनकी मौत कैसे हुई।
उनके सवालों पर हजारीबाग पुलिस आनाकानी करती रही। विधायक डीएसपी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इधर, मृतक के परिजनों ने टीम में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
टीम एबीएन, रांची। रांची के होटवार के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 17-19 फरवरी तक सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जायेगा। इसमें रांची लोकसभा क्षेत्र के छह विधानसभा के खिलाड़ी अलग अलग कैटेगरी (अंडर 14, अंडर 18 और सीनियर) में भाग लेंगे।
सांसद संजय सेठ ने रविवार को माहेश्वरी भवन, रांची में सांसद खेल महोत्सव के ब्रोशर और फॉर्म लॉन्चिंग के बाद जानकारी दी कि यह अपनी तरह का खास आयोजन होने वाला है। ऐसे आयोजन के जरिये गांवों में छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का मंच मिलेगा। आगे चलकर वे ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाई खेलों तक भी जा सकेंगे। खेल महोत्सव के दौरान विशेषकर छह खेलों तीरंदाजी, एथलेटिक्स, वुशु, कबड्डी, बैडमिंटन, योगासन में प्रतिभाओं को खुद को साबित करने का मौका मिलेगा। इनमें भाग लेने को अलग-अलग खेलों में मैनेजर बनाए गये हैं। उनकी मदद से इच्छुक खिलाड़ी इसमें शामिल हो सकते हैं।
संजय सेठ कहा कि खेल महोत्सव के लिए भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पीटी उषा और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को भी आमंत्रित किया गया है। साथ ही उद्घाटन और समापन समारोह में राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण दिया जायेगा।
झारखंड ओलंपिक संघ के डॉ मधुकांत पाठक ने कहा कि ओलंपिक संघ अपने स्तर से जिला, स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन करता रहा है। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा जब पॉलिटिकल स्तर पर ऐसे आयोजनों के जरिये खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 2000 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। अलग-अलग खेलों में अलग-अलग कैटेगरी (सब जूनियर, जूनियर, सीनियर) में खेल टूर्नामेंट का आयोजन होगा।
तीरंदाजी के मैच आर्चरी ग्राउंड में, एथलेटिक्स के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में, वुशु ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में, कबड्डी और योग के टाना भगत इंडोर स्टेडियम में और बैडमिंटन के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में होंगे. एक बैंड डिस्प्ले इवेंट भी होगा। आयोजन के लिए ओलंपिक संघ की ओऱ से पूरा टेक्निकल, रेफरी और जरूरी सपोर्ट रहेगा।
सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने को इच्छुक खिलाड़ी अपने पसंदीदा खेलों में भाग लेने को खेल मैनेजरों से संपर्क करेंगे। तीरंदाजी के लिए प्रेम मूर्ति (9798278754), एथलेटिक्स के लिए प्रभाकर कुमार वर्मा (9304444667), वुशू के लिए शैलेंद्र नाथ दुबे (9304710455), बैडमिंटन के लिए एनके डे (9431171069), कबड्डी के लिए प्रवीण सिंह (9162767003) और योग के लिए आदित्य सिंह (9135208065) से संपर्क कर सकते हैं।
अलग-अलग विधानसभा में सांसद कार्यालय (रांची सांसद) से संपर्क कर भी खेल में भागीदारी के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। मौके पर पूर्व सांसद अजय मारू, इंटरनेशनल तीरंदाज रीना कुमारी और शिवेंद्र दुबे सहित अन्य भी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। मकर संक्रांति पर रविवार को रिम्स में मरीजों को डाइट देने की जिम्मेवारी जाना इंटरप्राइजेज (मरीजों को भोजन उपलब्ध कराने वाली कंपनी) को टेंडर के माध्यम से दी गयी है। यह एजेंसी त्योहारों और नेशनल फेस्टिवल पर मरीजों को कुछ स्पेशल देने का काम करती है। इसके तहत मकर संक्रांति के मौके पर हॉस्पिटल में इलाजरत मरीजों को नाश्ते में इडली-सांभर, केला-सेब और अंडा के साथ तिलकुट परोसा गया।
सुबह नाश्ते में तिलकुट मिलने से मरीज और उनके परिजन भी खुश नजर आये। किचन मैनेजर फैसल खान ने बताया कि किचन मैनेजर फैजल ने कहा कि अस्पताल में त्योहार के हिसाब से मेन्यू उपलब्ध कराया जाता है, ताकि मरीजों को यह एहसास नहीं हो कि वे अपने घर-परिवार से दूर हैं। उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल में फिलहाल 1400 मरीज एडमिट है। साथ ही बताया कि उनकी एजेंसी चाहती है कि मरीज और उनके परिजन किसी न किसी परेशानी की वजह से ही घर से बाहर है, जिससे त्योहारों के बारे में उसे पता नहीं चल पाता।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले टी-20 सीरीज का पहला मैच रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाने वाला है। ऐसे में झारखंड के लोगों को एक बार फिर से अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा। राजधानी रांची के धुर्वा में स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले मैच के लिए झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन ने तैयारी शुरू कर दी है।
भारत-न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज के पहले मैच के लिए टिकट के दाम घोषित कर दिये गये हैं। जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम स्थित कांउटर से 24, 25 एवं 26 जनवरी को इस मैच के लिए टिकट की बिक्री होगी। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मैच प्रेमी टिकट ले सकते हैं।
सबसे सस्ता टिकट एक हजार रुपये का : जारी टिकट दर के अनुसार सबसे सस्ता टिकट 1000 रुपये का होगा। वहीं सबसे महंगे टिकट का दाम 10 हजार रुपये का होगा। जेएससीए सचिव देवाशीष चक्रवर्ती ने इस मौके पर कहा कि टिकट दर घोषित कर दिये गये हैं। टिकट को जारी शेड्यूल के अनुसार ही बेचा जायेगा। उन्होंने बताया कि जेएसससीए स्टेडियम के साउथ गेट एमएस धोनी पवेलियन में टिकट बेचा जायेगा।
इसके अलावा जमशेदपुर क्रिकेट स्टेडियम के कांफ्रेंस रूम में भी टिकट बेचा जा सकता है। बता दें कि इससे पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका के मैच की मेजबानी भी जेएससीए स्टेडियम ने की थी। उस मैच में लोकल बॉय ईशान किशन ने शानदार पारी खेली थी।
टीम एबीएन, टाटीझरिया। सरस्वती नमस्तुभ्यं वरदे कामरूपिणी। विद्यारंभ करिष्यामि सिद्धिर्भवतु में सदा।। मा सरस्वती की यह मंत्र मुख्य रूप से विद्यार्थियों को पढ़ाई और परीक्षाओं में अंक प्राप्त करने में मदद करता है। कैरियर अपितु शिक्षा आरंभ करने के दौरान इन वैदिक मंत्रों से मा सरस्वती की पुजा अर्चना करने से निश्चय ही सफलता प्राप्त होती है।
इस वर्ष 26 जनवरी को ही सरस्वती पूजा अर्चना धूमधाम से किया जाना है। जिसको लेकर टाटीझरिया प्रखंड के खैरा झरपो भराजो डहरभंगा टाटीझरिया बेडम डूमर धर्मपुर पंचायत के कई गांव में मूर्तिकार अलग अलग डिजाइन में प्रतिमाओं को बनाने में जुटे हैं। वही झरपो बुधबाजार के दुर्गा मण्डप प्रांगण में भी मूर्तियों को मूर्तिकार द्वारा बनाया जा रहा है। पूजा आते ही मूर्तिकारों के चेहरे पर खुशियां देखा जाता है।
इस वर्ष माता सरस्वती की पूजा अर्चना करने क्लब के युवा साथियों विद्यार्थियों को मूर्ति के लिए अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा।
मूर्तिकार दीपक कुमार, शिवा सिंह, नवीन प्रजापति सहयोगी करण कुमार ने बताया कि प्रतिमाओं की कीमत बीते वर्ष से कुछ अधिक रहेगी। चूंकि प्रतिमा निर्माण में लगने वाली सामग्री 20 से 25% महंगी हो गई है। बांस सखुआ बली पिछले वर्ष 60 में मिला करता था हमलोग इस वर्ष 100 में खरीदे हैं। हर समाग्री की मूल्य में बढ़ोतरी हुई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse