एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष अनिल उराँव द्वारा लोहरदगा की सम्मानीय मतदाताओं का आभार यात्रा के बाद आज प्राचीन शिव मंदिर खखपरता में पूजा अर्चना कर नये दायित्व की सफल निर्वहन का आशीर्वाद लिया।
आज सुबह की पहली बेला में सात्विकता के साथ नव निर्वाचित अध्यक्ष अनिल उराँव जी द्वारा अपने परिवार तथा ईष्ट मित्रों के साथ लोहरदगा ज़िला के खखपरता अवस्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया।
साथ ही नये दायित्व की सफलतापूर्वक निर्वहन की कामना किये एवं भगवान शिव से प्रार्थना किये की लोहरदगा ज़िला के चहुमुंखी विकास के साथ साथ सुख शांति और समृद्धि सदैव लोहरदगा में बनी रहे।
टीम एबीएन, रांची। शहर के 53 वार्डों में मिली जीत के बाद महापौर रोशनी खलखो ने शनिवार को ओटीसी ग्राउंड, पिस्कामोड़ से भव्य विजयी जुलूस निकाला। बाईक रैली और आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
जुलूस में राज्य मंत्री संजय सेठ, हटिया विधायक नवीन जायसवाल और पूर्व खिजरी विधायक रामकुमार पाहन समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताया।
रोशनी खलखो ने कहा कि यह मेरी नहीं, रांची की जनता की जीत है। लंबे संघर्ष और ईमानदारी की मेहनत का परिणाम आज सामने है। वार्ड पार्षद रहते हुए जो काम किया, उसी पर जनता ने भरोसा जताया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा उपलब्ध रहेंगी। जुलूस पिस्का मोड़ से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ा। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
टीम एबीएन, रांची। कवि सम्मेलन आयोजन समिति ने 01 मार्च 2026 (रविवार) को स्थानीय मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची परिसर में भव्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। यह आयोजन पूर्णत: नि:शुल्क है, जिसमें शहर के सभी वर्ग के आम जनता सादर आमंत्रित है। उपरोक्त जानकारी महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्य संयोजक पवन शर्मा ने दी।
कहा कि आयोजन की सफलता हेतु विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया है, जिसमें क्रमश: मंच सभागार एवं सुरक्षा व्यवस्था- श्री अनिल अग्रवाल एवं निर्भय शंकर हरित, स्वागत सत्कार किशोर मंत्री एवं कमल जैन, अर्थ संग्रह ललित पोद्दार एवं प्रकाश धेलिया, प्रशासनिक कार्य अशोक नारसरिया एवं किशोर मंत्री, अल्पाहार विनोद जैन एवं अनुप अग्रवाल, प्रेस एवं मीडिया प्रवक्ता मनोज बजाज को मनोनीत किया गया।
समिति में प्रवक्ता सह कोषाध्यक्ष मनोज बजाज ने कहा कि इस कवि सम्मेलन में देश के सुप्रसिद्ध व प्रख्यात कवि-कवित्रियों का आगमन होगा जिसमें अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कवियों- श्रृंगाररंस विष्णु सक्सेना (यू.पी), हास्यरस आदित्य जैन (कोटा), सुनील जोेगी (नई दिल्ली) हास्यरस ख्याली शरण (राजस्थान) हास्यरस श्रद्धया सोर्या पीपुल (नागपुर), वीररस पार्थ नवीन (प्रतापगढ़) से पधार रहे है।
हास्यरस, वीररस एवं श्रृंगाररस की त्रिवेणी गंगा के प्रवाह से श्रोताओं को रंसपान करायेगें एवं शहरवासी होली के रंग में रंगकर, लोटपोट होंगे एवं हास्यरस में डुबकी लगायेंगे। समिति के अध्यक्ष पवन पोद्दार ने कहा कि होली के पावन अवसर पर हास्य कवि सम्मेलन आयोजन का इंतजार रांची शहरवासियों को सालभर से रहता है। आयोजन समिति की व्यवस्था व कवियों का चयन व आतिथ्य देखते ही बनती है।
आयोजन समिति के मंत्री अंजय सरावगी ने जानकारी देते हुए कहा कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि रोशनी खलको, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ व बतौर विशिष्ट अतिथि कमल मोर एवं प्रतीक मोर की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। कुछ खास अंदाज में मंच को भी सजाया जा रहा है। शहर में प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिग, पोस्टर, एस.एम.एस, सोशल मिडिया व समाचार पत्रों से लोगों को सूचना प्रेषित किया जा रहा है।
आयोजन समिति में मुख्यत: अध्यक्ष पवन पोद्दार, सचिव अंजय सरावगी, कार्यक्रम संयोजक पवन शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सुरेश चन्द्र अग्रवाल, ललित कुमार पोद्दार, विनोद कुमार जैन, अशोक नारसरिया, कोषाध्यक्ष मनोज बजाज, कार्यकारिणी सदस्य रतन मोर, किशोर मंत्री, अनिल अग्रवाल, हरि कानोडिया, कमल जैन, पुनीत पोद्दार, निर्भय शंकर हारित, प्रकाश धेलिया, राजेश भरतीया, पुनीत अग्रवाल, अनुप अग्रवाल आदि आयोजन को मूर्त रूप दे रहे है। उक्त जानकारी प्रवक्ता सह कोषाध्यक्ष मनोज बजाज (94311 01240) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम मंडल, रांची द्वारा आयोजित रंग रागिलो फाल्गुन सतरंगी महोत्सव पे आज द्वादशी के शुभ अवसर पर अग्रसेन पथ स्थित श्याम मंदिर में भव्य समापन हुआ।
मौके पर राजत सिंहासन पर विराजमान श्री श्याम प्रभु का भव्य एवं नैनाभीराम श्रृंगार किया गया। अहले सुबह से ही श्री श्याम प्रभु का द्वादशी दर्शन के लिए अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। संपूर्ण दिवस भक्तगण कतारबद्ध होकर श्री श्याम प्रभु का दर्शन कर ज्योत में आहुति प्रदान कर रहे थे।
मौके पर श्री श्याम प्रभु का प्रिय खीर चूरमा का भोग अर्पित किया गया जो संपूर्ण दिवस प्रसाद रूपी मंदिर प्रारंग से भक्तगण के बीच वितरण किया गया। साथ ही सम्पूर्ण दिवस श्री श्याम मन्दिर का परिसर श्याम प्रभु के जयकारों से गूंजता रहा साथ ही भक्तों द्वारा 501 सवामणि का भोग श्याम प्रभु को निवेदित किया गया।
संध्या 4 बजे राजस्थान से पधारे हुए मुकेश कुमार चंग पार्टी द्वारा राजस्थान लोकप्रिय संगीत चंग एवं धमाल पर भक्तगण भाव विभोर है रहे थे। मुकेश कुमार चंग पार्टी द्वारा राजस्थानी संगीत एवं भजनों ने मंदिर परिसर में पधारे भक्तगण को मोह खींच लिया। साथ ही श्याम मण्डल के सदस्यों द्वारा रात्रि 8 बजे से संगीतमय संकीर्तन पूरे मंदिर परिसर को श्याममय बना दिया।
मौके पर रात कल संवारे का ख्वाब आया, दरबार अनोखा सरकार अनोखी, श्याम दातार से तू फरियाद तू कर, खाटू बुला रहा है कृपा नहीं तो क्या है, सांवली सूरत पे मोहन दिल दीवाना हो गया जैसे भावपूर्ण भजनों पे श्याम भक्त झूमने पे मजबूर हो गये। रात्रि 10 बजे महाआरती एवं प्रसाद वितरण के पश्चात तीन दिवसीय श्री श्याम सतरंगी मोहत्सव का समापन किया गया।
आज के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश सारस्वत, बालकिशन परसरामपुरिया, राकेश सारस्वत, चन्द्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, पप्पी शर्मा, अजय रूंगटा, प्रदीप अग्रवाल, विकाश पाड़िया का विशेष सहयोग रहा। उक्त जानकारी श्री श्याम मंडल श्री श्याम मंदिर, अग्रसेन पथ रांची के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार (98353 31112) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के नगर निकाय चुनाव में रांची नगर निगम के महापौर पद पर रौशनी खलखो के निर्वाचित होने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त किया है। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता एवं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने नवनिर्वाचित महापौर रौशनी खलखो को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे लोकतंत्र की सशक्त अभिव्यक्ति बताया।
संजय सर्राफ ने अपने संदेश में कहा कि जनता ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के विश्वास के साथ नया नेतृत्व चुना है।उन्हें आशा है कि नवनिर्वाचित महापौर के नेतृत्व में रांची नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, जल निकासी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है, जिसे नया नेतृत्व प्राथमिकता देगा।
साथ ही संजय सर्राफ ने चुनाव में विजयी सभी वार्ड पार्षदों को भी बधाई देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेंगे और अपने-अपने वार्डों में विकास योजनाओं को गति देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से रांची एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर के रूप में नई पहचान बने।
टीम एबीएन, ईटखोरी/ चतरा। परोकाकला महाराणा प्रताप चौक इटखोरी में स्ट्रीट लाईट का उद्घाटन मां भद्रकाली महाविद्यालय इटखोरी के प्राचार्य डॉक्टर दुलार बाबू ने किया।
मौके पर लखन राणा, महेंद्र राणा, रंजीत कुमार, पल्लवी कुमारी, पियुष कुमार, मधुबाला कुमारी, बिशेश्वर यादव शिक्षक सह समाजसेवी ने डा दुलार बाबू को अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
टीम एबीएन, रांची। रांची प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों की संस्था वीमेन्स वेलफेयर कमेटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय वसंत मेला शुक्रवार को शुरू हुआ। मेले का औपचारिक उद्घाटन राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिला शक्ति और उद्यमिता का जीवंत उदाहरण है।
मंत्री ने कहा कि महिला पत्रकारों की पहल पर आयोजित इस वसंत मेले में महिला उद्यमियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर प्रयास कर रही है और ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने हुनर को मंच मिलता है।
मेले में लाइफ स्टाइल, परिधान, फूड, खिलौने और जेवरात के 40 से ज्यादा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। आदिवासी परिधान और हस्तशिल्प से लेकर खादी, गुजराती, कच्छी और बांग्ला परिधानों तक विविधता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। रंग, रौनक और रचनात्मकता से सजे इस मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू और रंग-बिरंगे स्टॉल आगंतुकों को आकर्षित कर रहे हैं।
रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी ने मेले के आयोजन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच महिला पत्रकारों और उद्यमियों के बीच सहयोग और सशक्तिकरण का सेतु बनेगा। वरिष्ठ पत्रकार शर्मिष्ठा मजुमदार ने मेले की परिकल्पना और इसके उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि वसंत मेला महिलाओं की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को समर्पित है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा कुमारी, नेहा वारसी और नीलू मिश्रा ने मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत भाषण क्लब के कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन करबी दत्ता ने किया।
मौके पर कार्यकारिणी सदस्य चंदन वर्मा, अशोक गोप, सौरभ शुक्ला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन मृदुला संतोष ने किया। मेले के दौरान शाम में आदिवासी थीम पर फैशन शो का भी आयोजन हुआ, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग रांची स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
इस विशेष अवसर पर श्री राधा रानी का आकर्षक जड़ित पोशाक एवं दिव्य आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसकी छटा देखते ही बनती थी। मंदिर परिसर को पुष्पों और रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा विधि- विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं महाभोग अर्पण से हुई।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राधा-कृष्ण का अभिषेक एवं विशेष पूजन किया गया। तत्पश्चात महाप्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच वितरण प्रारंभ हुआ। आयोजन में 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया और वेजिटेबल खिचड़ी भोग ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। भजन संध्या इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही।
श्री कृष्ण प्रणामी महिला समिति की महिलाओं ने सुमधुर स्वर में श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम.., राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी... तथा मेरे बांके बिहारी लाल, तू इतना न करियो श्रृंगार.... जैसे भजनों की मनोहारी प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। इसके पश्चात फूलों की होली खेली गई, जिसमें रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा के बीच भक्तों ने आनंद और उत्साह के साथ भाग लिया।
सामूहिक महाआरती के दौरान पूरा मंदिर राधे-राधे और जय श्री कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। दीपों की रोशनी और घंटियों की मधुर ध्वनि ने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि फाल्गुन रंगभरी आमलकी एकादशी का यह पर्व भक्ति, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
यह दिन विशेष रूप से भगवान विष्णु एवं राधा-कृष्ण की आराधना के लिए समर्पित होता है तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देता है।इस भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की नई चेतना का संचार किया और फाल्गुन माह की आध्यात्मिक गरिमा को और भी प्रखर बना दिया। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse