एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। साहिबगंज में मंगलवार रात एक बेहद डरावनी घटना सामने आई। नगर थाना क्षेत्र में साहिबगंज स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मार दी और उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस घटना से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलेज रोड निवासी मो. साहिन अमन मंगलवार रात करीब 9:35 बजे ग्रीन होटल के पास मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनके पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कार में बैठे एक व्यक्ति ने खिड़की से उनका हाथ पकड़ लिया। इससे वह कार में लटक गए और चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाता रहा।
युवक जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा। पीछे से दर्जनों लोग कार का पीछा करते रहे। इस दौरान कई अन्य लोग भी गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। कार सवार युवक को स्टेशन के सामने रेलवे इंस्टीट्यूट की गली से होते हुए रेलवे पीर-दरगाह के पास फेंककर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। युवक के हाथ, सीने और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज रंगो के त्योहार होली पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी है।
राज्यपाल गंगवार ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि होली के पावन पर्व की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं! आनंद, उल्लास और भाईचारे का प्रतीक यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे, यही मंगलकामना है।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा कि होली के पावन पर्व पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। रंगों का यह त्योहार प्रेम, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है।
यह पर्व हमें एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और रिश्तों को और मजबूत बनाने की भी प्रेरणा देता है। होली का यह शुभ दिन आपके जीवन में खुशहाली, नई उम्मीद और ऊर्जा लेकर आए। रंगों का यह उत्सव हर घर में सुख और समृद्धि लाए, आप सभी स्वस्थ रहें, यही कामना करता हूं।
मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा, आप सबों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगो का यह त्योहार आप सबके के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए, यही कामना करता हूं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पलामू जिले में होली के त्योहार के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुसैनाबाद अनुमंडल के देवरी ओपी क्षेत्र में सोन नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बीते मंगलवार देर शाम कुछ ग्रामीणों ने सोन नदी किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत देवरी ओपी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई सुरेश राम ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी।
मौके पर एसडीपीओ एस.एस. मोहम्मद याकूब के साथ हुसैनाबाद थाना, देवरी ओपी, दंगवार ओपी और महिला थाना की पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।
पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। शव का कुछ हिस्सा बालू से ढका था और लंबे समय तक पानी में रहने के कारण वह फूल गया है। इसी वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
युवती ने लाल रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और उसके दाहिने हाथ में एक चूड़ी मिली है। उसकी लंबाई करीब पांच फीट बताई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती शादीशुदा थी या अविवाहित।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/ रांची। खूंटी जिले के अनिगड़ा इलाके में एक जंगली हाथी खुले कुएं में गिर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यही हाथी कुछ दिन पहले रांची के हटिया क्षेत्र में देखा गया था। शहरी इलाके में हाथी की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। इसके बाद हाथी भटकते हुए भंडरा क्षेत्र से गुजरकर खूंटी के शहरी इलाके में पहुंच गया।
वन विभाग पहले से ही हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। अधिकारियों की योजना थी कि कॉरिडोर बनाकर हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर भेजा जाए, लेकिन इसी दौरान हाथी अनिगड़ा गांव पहुंच गया और वहां एक खुले कुएं में गिर पड़ा।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि जहां हाथी गिरा है, वहां से करीब दो किलोमीटर दूर पूर्व सांसद कड़िया का आवास भी स्थित है। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग का पूरा ध्यान हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
बुलडोजर की मदद से कुएं के आसपास खुदाई की जा रही है, ताकि हाथी को बिना किसी नुकसान के बाहर निकाला जा सके। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी सावधानी के साथ चलाया जाएगा। साथ ही आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खाड़ी देशों में बदलती स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का सोमवार को आग्रह किया।
सोरेन ने आश्वस्त किया कि उनकी सरकार विदेश में फंसे राज्य के लोगों की हर संभव सहायता करेगी। सोरेन ने एक्स पर लिखा, खाड़ी क्षेत्र में तेजी से बदल रही स्थिति अत्यंत चिंता का विषय है।
मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से अनुरोध करता हूं कि इस गंभीर परिस्थिति में जो भी भारतीय स्वयं को असुरक्षित या फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं, उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने के लिए आवश्यक कदम उठाया जाये।
हेमंत सोरेन ने खाड़ी देशों में रहने वाले झारखंड सहित देश के अन्य हिस्सों के प्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की और आश्वासन दिया कि भारत आपके साथ खड़ा है।
उन्होंने लिखा, विशेष रूप से झारखंड के जो लोग खाड़ी देशों में रह रहे हैं, उन सभी से मैं अपील करता हूं कि किसी भी परेशानी में झारखंड राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
टीम एबीएन, रांची। रांची नगर निगम चुनाव संपन्न होने और नई मेयर रोशनी खलखो के निर्वाचित होने के बाद अब उप महापौर यानी डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर राजनीति का केंद्र अब डिप्टी मेयर की कुर्सी पर आ टिका है, जिसके लिए विभिन्न दलों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर बीजेपी, कांग्रेस और झामुमो अपने-अपने समर्थित पार्षदों के सहयोग से तैयारी में जुट गए हैं। निर्वाचित पार्षदों से संपर्क साधा जा रहा है और होली मिलन समारोह के बहाने उन्हें आमंत्रित कर समर्थन जुटाने की कोशिशें की जा रही हैं। राजनीतिक गलियारों में सक्रियता स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार चार से पांच पार्षद उप मेयर पद के लिए सक्रिय रूप से दावेदारी कर रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे चेहरे भी शामिल हैं जो पूर्व में पार्षद रह चुके हैं और नगर राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। दावेदार व्यक्तिगत रूप से पार्षदों से संपर्क कर समर्थन सुनिश्चित करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
नगर राजनीति में बंद कमरों में बैठकों और गुप्त संवादों की चर्चाएं जोरों पर हैं। डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर संभावित लेनदेन और समर्थन की सौदेबाजी की फुसफुसाहटें भी सुनाई दे रही हैं। हालांकि इन अटकलों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर जारी है।
रांची नगर निगम के 53 पार्षद अब पूरी तरह निर्णायक भूमिका में हैं। वही तय करेंगे कि डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी। जनता की निगाहें भी पार्षदों के फैसले पर टिकी हुई हैं। कुछ दावेदार अपने अनुभव, राजनीतिक पकड़ और विकास कार्यों का हवाला देते हुए समर्थन जुटाने में लगे हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा के माननीय सांसद सुखदेव भगत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अर्धांगिनी व गांडेय विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक कल्पना सोरेन के जन्म दिवस पर उन्हें हार्दिक बधाई दी।
मरांग बुरू से उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए सांसद ने कहा कि जन सेवा के कार्यों से समाज के विकास में निरंतर योगदान देती रहें। आपका जीवन समृद्धि, सफलता और खुशियों से भरपूर रहे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के द्धारा वक्सीडीपा एसोसिएशन ऑफिस मे भव्य रंगारंग होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह मे खुशी के माहोल मे रंग गुलाल लगाकर एक दुसरे की नव वर्ष मे उन्नति की कामना करते हुए वधाई दी। समारोह मे ऑनर वन्धु होली गीत गाकर सभी लोगो से रंगो के पवित्र पर्व को भाईचारा से होली मनाने की अपील की।
आज के होली मिलन समारोह में लोहरदगा गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कॅवलजीत सिह, सचिव मुन्द्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय सिह, सह सचिव व्रज सिह, महेंद्र यादव, विजय साहू, संजीव शर्मा, संतोष साहू, शैलेन्द्र सिह, जीतू सिह, पवन सिह, पवन शराफ, मो0 ववलु, मजीद आलम, वन्टू साहू, जसवीर एक्का, शंकर प्रजापति, गजाधर महतो, शुकरा उरांव, अनील उरांव, चन्दन सिह, सुनील साहू, चंदवा से एसोसिएशन के पदाधिकारी राजेश विश्वकर्मा, मनोज कुमार गुप्ता, मन्टु कुमार, दीपक दुवे तथा मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार तथा एसोसिएशन के सैकङो की संख्या में पदाधिकारी ऑनर गण उपस्थित हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse