झारखंड

View All
Published / 2026-08-03 18:53:15
साहित्य संगम संस्थान ने किया सावन की फुहार का शुभारंभ

हर रविवार गूंजेंगे शिव और सावन के गीत  

टीम एबीएन, रांची। साहित्य संगम संस्थान झारखंड इकाई द्वारा पवित्र श्रावण मास के अवसर पर सावन की फुहार कार्यक्रम का शुभारंभ आज संस्थान के मंच से संगीतमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव पूनम वर्मा अनूप ने मां सरस्वती की वंदना एवं स्वागत उद्बोधन से किया। इसके पश्चात काव्य प्रस्तुतियों का क्रम प्रारंभ हुआ।

झारखंड इकाई की पंच परमेश्वरीकरुणा सिंह कल्पना ने प्रस्तुत किया- मुझको जिसने भी पूजा है, उसका जीवन धन्य हुआ। राजस्थान इकाई की सचिव अर्पणा सिंह अर्पी ने शिव शम्भू चले कैलाश बूंदें पड़ने लगी सुनाया। पटना इकाई की अध्यक्ष सुजाता प्रिय समृद्धि ने  भोला के चरणों में ध्यान लगाओ भजन गाया।

कल्याणी झा कनक ने रिमझिम रिमझिम मेघा बरसे, बिजली चमक दिखाती है सुंदर गायन प्रस्तुत किया। खुशबू बरनवाल ने शिव जी आये घर-घर मंदिर सावन जल अब बरसाओ सुनाया। मधुमिता साहा ने कैसे कहूं प्रिया से दिल की बतिया गाया। लक्ष्मी कुमारी ने भी अपनी रचना प्रस्तुत किया। 

कार्यक्रम में संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह मंत्र ने अपने उद्बोधन में सच्चे आनंद के महत्व को बताया। उनके सुभाषित वचनों से सभागार मंत्रमुग्ध हो गया। 

इस दौरान संस्थान से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों रमेश हंसमुख, संजय कुमार सिंह, महेश प्रसाद, प्रमोद पाण्डेय, कृष्ण प्रेमी, रूपा माला, नंदिता माजी शर्मा, डॉ राजेश कुमार शर्मा पुरोहित ने अपनी प्रतिक्रिया दी और विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

डॉ नवीन कुमार भट्ट नीर ने बताया कि पवित्र श्रावण मास में झारखंड इकाई में यह कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ। यह आयोजन इकाई के मार्गदर्शक डॉ प्रशांत करण, निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी और सचिव/कार्यक्रम संयोजिका पूनम वर्मा अनूप के कुशल नेतृत्व में हुआ। 

श्रावण मास पर काव्यमंच पर प्रतिदिन शिवार्चन संध्या एकल काव्यपाठ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें देश के विभिन्न भागों से शिव प्रेमी प्रतिभागी हिस्सा लेकर श्रावण मास को मधुर भाव से शिवमय कर रहे हैं। शिवार्चन संध्या का संयोजन सरोज शुक्ला श्री द्वारा किया जा रहा है। 

सचिव पूनम वर्मा अनूप ने बताया कि यह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सावन मास के प्रत्येक रविवार को आयोजित होगा। मौके पर संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विभिन्न इकाइयों के सदस्य, वरिष्ठ साहित्यकारों, विद्वानों तथा साहित्य-प्रेमियों की आभासी उपस्थिति उल्लेखनीय रहेगी। कार्यक्रम का समापन 23 अगस्त 2026 को संस्थान के संरक्षक प्रशांत करण के समापन भाषण से होगा।

Published / 2026-08-03 18:51:32
श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 277वां अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

टीम एबीएन, रांची। रांची पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य में 277वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद एवं ए.आर. हेल्थ केयर के सहयोग से एकदिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ संपन्न हुआ। 

पूरे कार्यक्रम में भक्तिभाव, आध्यात्मिक उल्लास एवं सामाजिक सेवा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में विराजमान श्री राधा रानी के दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को महाप्रसाद अर्पित किया। 

आरती के पश्चात 277वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद में हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रेमपूर्वक मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, मैंगो जूस एवं आलू चिप्स के पैकेट का वितरण किया गया। भक्तिमय वातावरण को और भी मधुर बनाते हुए ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। 

मंदिर परिसर में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर में लगभग 120 लोगों ने ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, वजन, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड एवं हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच करायी। डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिये। जांच कार्य में रविंद्र कुमार,अरुण कुमार एवं विकास पासवान का सराहनीय सहयोग रहा।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब प्रत्येक माह श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। 

कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल छावनिका, मनोज चौधरी, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, नंदकिशोर चौधरी, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, दीपेश निराला, विशाल जालान, मनीष जालान,सुरेश चौधरी, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Published / 2026-08-03 18:47:54
छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए लाठी का सहारा लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक : सुखदेव भगत

लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप 

छात्रों पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर संसद में इंडिया गठबंधन का हल्ला बोल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। संसद भवन परिसर में सोमवार को इंडिया गठबंधन के सांसदों ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और राम मंदिर के नाम पर जुटाये गये चंदे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत भी शामिल हुए। सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर हुई कार्रवाई की कड़ी निंदा की। 

प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए लाठी का सहारा लेना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार असहमति की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे को लेकर उन्होंने पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि आस्था करोड़ों लोगों की भावना से जुड़ा विषय है और इसके नाम पर किसी भी प्रकार की कथित गड़बड़ी या जनता के विश्वास से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। 

इंडिया गठबंधन के सांसदों ने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा राम मंदिर चंदा मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र और जनता के विश्वास की रक्षा के लिए सरकार को जवाब देना होगा।

Published / 2026-08-03 18:46:58
अभिव्यक्ति पर हमला लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : सांसद सुखदेव भगत

पूर्णिया में सांसद पप्पू यादव पर हमले की निंदा, कहा- असहमति का जवाब हिंसा नहीं, लोकतांत्रिक संवाद होना चाहिए 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। पूर्णिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले की लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी प्रकार की हिंसा या डराने-धमकाने की राजनीति स्वीकार्य नहीं हो सकती। 

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि आज के समय में यदि कोई व्यक्ति किसी विचार या बयान से असहमत होता है तो संवाद और लोकतांत्रिक बहस के बजाय हिंसात्मक रास्ता अपनाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अपनी बात रख रहा है और आप उससे असहमत हैं, तो इसका जवाब हिंसा नहीं हो सकता। 

यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती विचारों के आदान-प्रदान, सहिष्णुता और असहमति के सम्मान में निहित है। किसी भी व्यक्ति को अपनी बात रखने से रोकने या हिंसा के माध्यम से चुप कराने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करता है। 

सांसद ने केंद्र और संबंधित राज्य सरकार से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई ही लोकतंत्र और संविधान में निहित अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा कर सकती है। 

साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और समाज के लोगों से लोकतांत्रिक मयार्दाओं का पालन करते हुए असहमति का जवाब संवाद और संवैधानिक तरीकों से देने की अपील की।

Published / 2026-08-02 23:13:26
झारखंड : कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का एनकाउंटर, मौके पर ढेर

  • झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का एनकाउंटर, मौके पर ढेर
  •  साहिबगंज से धनबाद जेल किया जा रहा था शिफ्ट

टीम एबीएन, रांची। झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। यह घटना रविवार की रात जामताड़ा जिले में हुई है। जानकारी के अनुसार सुजीत सिन्हा को रविवार को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जाना था।

 इसी दौरान उसे कैदी वैन में बैठाकर जामताड़ा के रास्ते धनबाद ले जाया जा रहा था। जैसे ही जामताड़ा जिला की सीमा में कैदी वैन पहुंची और सुजीत सिन्हा ने कहा कि उसे टॉयलेट जाना है। जिसके बाद कैदी वैन रुकी।

 इसके बाद सुजीत सिन्हा ने मौका देखते ही कैदी वैन में सवार एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन कर भागने लगा और फायरिंग करने लगा। इसके बाद मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें सुजीत सिन्हा मौके पर ही मारा गया। 

Published / 2026-08-02 22:05:13
छात्रों का साल बर्बाद नहीं होने दिया जायेगा, जेपीएससी परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी होगी : सुखदेव भगत

बीजेपी पर साधा निशाना, बोले हेमंत सरकार को बदनाम करने की साजिश; जेपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे और सीआईडी जांच का किया जिक्र 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित पेपर लीक विवाद को लेकर लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों की पीड़ा को पूरी गंभीरता से समझती है और किसी भी छात्र का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जेपीएससी द्वारा आयोजित होने वाली हर परीक्षा पूरी तरह साफ-सुथरी, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि आयोग की विश्वसनीयता बनी रहे। सांसद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है। 

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छात्रों का साल कभी बर्बाद न हो। सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार और झारखंड लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता बरकरार रहे। आयोग जो भी परीक्षा कराए, वह पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष दिखाई दे। इस दौरान सुखदेव भगत ने भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी विवाद को राजनीतिक रंग देकर हेमंत सोरेन सरकार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। 

उन्होंने कहा, कि भारतीय जनता पार्टी जिस तरह लगातार आरोप लगा रही है, वह कहीं न कहीं हेमंत सोरेन जी और हमारी सरकार को बदनाम करने की साजिश है। अपने दावे के समर्थन में सांसद ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार से पहले 16 वर्षों में केवल पांच परीक्षाएं आयोजित हुईं और उन सभी पर अनियमितता एवं पेपर लीक के आरोप लगे। 

वहीं 2014 से 2019 के बीच पांच वर्षों में एक भी जेपीएससी परीक्षा आयोजित नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 14वीं परीक्षा की प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से सरकार बनने के बाद नौ परीक्षाएं आयोजित कराई गई हैं। सुखदेव भगत ने बताया कि कथित पेपर लीक मामले में जेपीएससी अध्यक्ष से इस्तीफा लिया जा चुका है और पूरे मामले की जांच सीआईडी कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता का समर्थन नहीं करती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। हालांकि सांसद ने यह भी माना कि छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी अनियमितता को सही नहीं ठहरा रहा हूं। छात्रों से संवाद होना चाहिए, सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। 

हमारी मंशा है कि परीक्षाएं समयबद्ध कैलेंडर के अनुसार हों और छात्रों की सभी शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जाए।जेपीएससी परीक्षा विवाद के बीच सांसद सुखदेव भगत का यह बयान ऐसे समय आया है जब परीक्षा की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर पूरे राज्य में बहस तेज है। उनके बयान ने इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच सरकार का पक्ष स्पष्ट करने का प्रयास किया है।

Published / 2026-08-02 22:04:14
रांची : कोलकाता के कारीगर बनायेंगे वृंदावन कॉलोनी का दुर्गा पूजा पंडाल

टीम एबीएन, रांची। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वृंदावन कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति द्वारा कॉलोनी में भव्य दुर्गा पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लिया गया। इस संबंध में कॉलोनी वासियों एवं समिति के सदस्यों की बैठक वृंदावन कॉलोनी, चिरौंदी, रांची में दिनांक 02.08.2026 को दिन में 11.30 बजे आयोजित हुई।

समिति के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राठौर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की तरह भव्य पूजा आयोजन के साथ इस वर्ष वाराणसी के प्रख्यात कलाकारों द्वारा रामलीला, भगवती लीला एवं अन्य धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया जायेगा। प्रत्येक दिन विधि विधान से पूजा के साथ प्रसाद वितरण और नवमी के दिन वृहद भंडारा का भी आयोजन होगा।

इस वर्ष कोलकाता के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा धार्मिक थीम पर आधारित भव्य पंडाल का निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ होगा। पूजा के दौरान महिला समिति द्वारा डांडिया नृत्य एवं अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। पूजा और रामलीला के आयोजन संबंधित सभी कार्यों पर बैठक में विस्तृत विमर्श हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में कॉलोनी के उत्साही निवासियों ने भाग लिया और पूजा को सफल बनाने के लिए तन मन धन से सहयोग का आश्वासन दिया। 

समिति के संरक्षक विक्रांत कुमार, राजेश कुमार सिंह, सौरभ सिंह, डॉ. सुशील सिंह, श्रीपति गिरी, धर्मेंद्र सिंह, अध्यक्ष अभिषेक सिंह राठौर, सचिव धनेश सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, सह कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह देव, उप सचिव लोकेश तिवारी एवं प्रेम कुमार पांडे, प्रभात चौबे, भरत सिंह, सुरेश प्रसाद सिंह, विजय कुमार यादव, पांडे गंधवारीजी, जगदीश लाठ, सिद्धार्थ सचदेव, शैलेन्द्र सिंह, अनिरुद्ध प्रसाद, रामलोचन यादव एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपने सुझाव दिये।

Published / 2026-08-02 22:02:17
झारखंड सरकार पर सवाल उठाने का भाजपा को कोई अधिकार नहीं : विनोद पांडेय

भाजपा को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं : विनोद कुमार पांडेय 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और वचनबद्ध हैं। 

राज्य के युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और प्रत्येक छात्र को हर हाल में न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि जेपीएससी की आड़ में सरकार के खिलाफ साजिश रचने तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ में संलिप्त बड़ी मछलियों के चेहरे बहुत जल्द बेनकाब होंगे। जैसे ही गड़बड़ी की शिकायत मिली, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। 

सरकार ने केवल विभागीय कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि प्राथमिकी दर्ज कराई, जांच एजेंसी को जेपीएससी कार्यालय भेजा गया और चेयरमैन सहित संबंधित पदाधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो इस बात का प्रमाण है कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। 

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार युवा, किसान, मजदूर, महिला, दलित, आदिवासी, मूलवासी और अल्पसंख्यक हर वर्गों के साथ न्याय करने वाली सरकार है। सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी व्यवस्था, जवाबदेही और अवसरों में समानता सुनिश्चित करना है। किसी भी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता से समझौता नहीं किया जायेगा। यही वजह है कि पिछली भर्तियों में काफी संख्या में गरीब और जरूरतमंद घरों के बच्चों को सरकार का अंग बनने का अवसर मिला है।  

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। झारखंड के युवा आज भी नहीं भूले हैं कि भाजपा के शासनकाल में जेपीएससी की परीक्षाएं लगातार विवादों, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रहीं। राज्य गठन के बाद बाबूलाल मरांडी की सरकार के समय पहली संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के दौरान मूल्यांकन प्रक्रिया, उत्तर पुस्तिकाओं में कथित हेरफेर और चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे। बाद के वर्षों में इन मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंची और लंबी कानूनी प्रक्रिया चली। 

उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा सहित भाजपा के विभिन्न कार्यकालों में आयोजित जेपीएससी परीक्षाओं को लेकर भी कॉपियों में कथित हेरफेर, नंबर बढ़ाने, भाई-भतीजावाद तथा चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न उठते रहे। इन मामलों ने राज्य की भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता को गहरा आघात पहुंचाया और लंबे समय तक अभ्यर्थियों को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा। 

महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि रघुवर दास सरकार के दौरान भी जेपीएससी परीक्षाओं का नियमित कैलेंडर लागू नहीं हो सका। भर्तियों में लगातार विलंब, नियमों को लेकर विवाद, कट-आॅफ, परिणाम प्रकाशन तथा विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं पर अभ्यर्थियों का असंतोष बार-बार सड़कों पर दिखाई दिया। उस दौर में हजारों युवाओं का कीमती समय अनिश्चितता और प्रतीक्षा में बीता। 

उन्होंने कहा कि भाजपा आज राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं के हितैषी होने का दिखावा कर रही है, जबकि उसका अपना कार्यकाल भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर विवादों और सवालों से घिरा रहा है। जो दल अपने शासनकाल की विफलताओं का जवाब नहीं दे पाया, वह आज पारदर्शिता और जवाबदेही पर उपदेश देने की स्थिति में नहीं है। 

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि राज्य के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और प्रत्येक भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मेरिट आधारित हो। सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता पर पर्दा डालने के बजाय कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है। यही हेमंत सरकार और पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों की कार्यशैली में मूलभूत अंतर है। 

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का मानना है कि युवाओं का विश्वास ही राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी और किसी भी दोषी को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जायेगा।

Page 9 of 1684

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse