टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 8 मार्च को अपराह्न 12 बजे रांची जीपीओ के प्रांगण में ऑल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन रांची के बैनर तले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस संघर्ष दिवस के रूप में मनाया गया। वक्ताओं ने इस मौके पर कहा कि केंद्र सरकार वैलिडेशन संशोधन के माध्यम से पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स को 8 वें वेतन आयोग के लाभ से वंचित करना चाहती है।
29 मार्च 25 को पेंशन सचिव के द्वारा दिए गए आश्वासन (जिसमें कहा गया था कि पेंशनर्स एवं फैमिली पेंशनर्स इस संशोधन से प्रभावित नहीं होंगे) के बावजूद सरकार ने इस संशोधन को न तो वापस लिया है और किसी किस्म का लिखित निर्देश वेतन आयोग दिया है।
जिसके कारण देश के 65 लाख पेंशनर्स में आक्रोश है और वे पिछले साल जुलाई से आंदोलनरत है और इस आंदोलन में भागीदारी निभा रही बड़ी संख्या में महिला पेंशनर्स भी मुखर हो कर विरोध कर रही हैं।
आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम इनके जुझारूपन एवं नेतृत्व क्षमता को सलाम करते हैं। झारखंड में भी महिला पेंशनर्स साथी अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं।
10 जनवरी को भी एसोसिएशन ने शहीद चौक पर इस मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन का आयोजन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया था। बैठक को एम जेड ख़ान के अलावा जयनारायण प्रसाद, हसीना तिग्गा, फुलमनी बिलॉन्ग, अमिता तिर्की, के डी राय व्यथित, त्रिवेणी ठाकुर आदि ने संबोधित किया।
राज्य सचिव ने अवगत कराते हुए कहा कि 28-29 मार्च को गुवाहाटी में होने वाले चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में झारखंड के 36 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसका नेतृत्व राज्य सचिव करेंगे। उक्त जानकारी ऑल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड रांची के स्टेट सेक्रेटरी एम जेड ख़ान ने दी।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 9/3/2026 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने उपायुक्त महोदय रांची के नाम पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निजी स्कूलों के द्वारा री- एडमिशन फ़ीस लेने पर रोक लगाने के संबध में दिया गया।
आजसू ने ज्ञापन के माध्यम से कहा की रांची जिला के अंतर्गत आने वाले सभी निजी स्कूलों के द्वारा री- एडमिशन के नाम पर अभिभावकों पर दबाव बना कर फ़ीस वसूली जा रही है जो कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) नियम का उलंघन है। सर्वोच्च न्यायालय ने भी री - एडमिशन के नाम पर कई वर्षो पहले ही अभिभावकों से अवैध तरीके से फ़ीस वसूली पर रोक लगाने को कहा है परंतु निजी स्कूलों के द्वारा मनमाना तरीके से भिन्न भिन्न मद से पैसे की अवैध वसूली जारी है।
उन्होंने कहा कि अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) निवेदन करती है की इस विषय को गंभीरता पूर्वक लेते हुए इस अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए अन्यथा आजसू बाध्य हो कर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय संयोजक राजेश सिंह, अमन साहू, सन्नी सिंह, राज दुबे, अंकित कुमार, अमित मिंज, संजू तिर्की, शुभ राठी इत्यादि लोग उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली/रांची। राहे प्रखंड अंतर्गत उरांवडीह निवासी जेएलकेएम राहे पंचायत अध्यक्ष अर्जुन महतो का बिजली करंट के झटका से 4 मार्च को आकस्मिक निधन हो गया था, उनके निधन से सिल्ली विधान सभा क्षेत्र में शोक का लहर है।
रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद उनका पैतृक गांव उरांवडीह में पार्थिव शरीर का 5 मार्च को अंतिम संस्कार किया गया । आज राहे पंचायत पुरना नगर विकास भवन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई । जिसमें क्षेत्र कार्यकर्ता और समर्थक एकजुटता दिखाई।
मौके पर केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि सरल स्वभाव के धनी अर्जुन जेएलकेएम परिवार का एक मजबूत स्तंभ थे उनका असमय चले जाना पार्टी का अपूरणीय क्षति है।
कार्यक्रम के मौके पर मृतक के पत्नी यमुना देवी, भैया शिव प्रसाद महतो, भाभी उगन देवी परिवार के अन्य सदस्य, जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो, सुभाष महतो, जगदीश महतो, अनंत महतो, लक्ष्मी के अलावा अन्य पदाधिकारी समेत सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी, समर्थक ग्रामीण उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद रांची ग्रामीण की जिला बैठक रातु के टेंडर ग्राम में ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री रामेश्वर दयाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र उपस्थित हुए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा वर्तमान समय में हिंदू समाज को बांटने का कुचक्र चलाया जा रहा है जिसे विफल करने के लिए कार्यकर्ताओं को सेवा और सामाजिक समरसता पर सक्रिय रूप से कार्य करने की आवश्यकता है। रामेश्वर दयाल सिंह ने कहा जिले के सभी प्रखंडों में समिति गठित हो तथा कार्यकर्ता संगठित होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय होकर कार्य करें।
जिला मंत्री लाल लोकनाथ शाहदेव ने इस अवसर पर बताया 19 मार्च से 2 अप्रैल तक रांची ग्रामीण जिले में 150 स्थानों पर श्री रामोत्सव का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र के माध्यम से कुटुंब प्रबोधन एवं सामाजिक समरसता का संदेश देकर समाज का प्रबोधन किया जाएगा । बैठक में जिले में चल रहे सेवा कार्य, सत्संग, बजरंग दल तथा अन्य आयामों के गतिविधि की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष रामवृक्ष महतो, बजरंग दल जिला सहसंयोजक विजयनाथ महतो, मिलन केंद्र प्रमुख गुलाब सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सुखेर मुंडा, ओरमांझी अध्यक्ष चतुर साहू, मांडर अध्यक्ष बजरंग सिंह, पिठोरिया अध्यक्ष लाल रणविजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष भवानी शंकर सिंह, भुवनेश्वर बैठा और कृष्णा साहू सहित अन्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी रांची विश्व हिंदू परिषद, रांची ग्रामीण के मंत्री लाल लोकनाथ शाहदेव ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बाघमारा/ धनबाद। जलसहिया अधिकार मंच बाघमारा प्रखंड की ओर से महेशपुर 2 पंचायत सचिवालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनायी। इस अवसर पर महेशपुर 2 पंचायत के मुखिया संध्या देवी को जिलाध्यक्ष जया देवी ने बैच लगाकर सम्मानित की।
बारी बारी से बाघमारा प्रखंड की जलसहिया ने बुके एवं माला पहनाकर सम्मानित किया है। महेशपुर 2 पंचायत के मुखिया संध्या देवी ने सभी जलसहियाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिला दिवस है। महिलाएं कम नहीं है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में उच्च पद पर आसीन हैं। सरकार के द्वारा महिलाओं को हर क्षेत्र में जिम्मेदारी दी है।
चाहे वह आंगनबाड़ी के सेविका सहायिका स्वास्थ्य सहिया एएनएम जलसहिया सहायता समूह जैसी स्थान पर महिलाएं जिम्मेदारी से काम कर रही है। आज के दिन महिला कम नही है। आने वाला समय में महिलाओं के लिए सरकार और अच्छा कार्य करेगी जिससे महिला सशक्त बनेंगी। मंच के जिला अध्यक्ष जया देवी ने सभी जलसहिया को महिला दिवस पर बधाई देते हुए कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की।
इस अवसर पर बाघमारा प्रखंड के विभिन्न पंचायत टुण्डू मधुबन बॉंसजोडा निचितपुर 1 सिनीडीह वरोरा की जलसहिया शामिल हुए। मौके पर किरण देवी, जया देवी, दिव्या देवी, सुमिता देवी, बीना देवी, लक्ष्मी देवी, रेखा देवी, कलावती देवी, लीलावती देवी, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहीं।
टीम एबीएन, रांची। डॉ संत शिरोमणी स्वामी सदानंद सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पुंदाग राँची में फाल्गुन रंग पंचमी उत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया।
श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार वृंदावन से मंगाए गए आकर्षक परिधानों और जड़ित आभूषणों से किया गया अलौकिक श्रृंगार की छटा देखते ही बनती थी।रंग गुलाल और पुष्पों के सुगंध से पूरा मंदिर प्रांगण भक्ति में वातावरण में सराबोर हो उठा। मंदिर में पधारे सभी श्रद्धालुओं को अबीर गुलाल का तिलक लगाया गया।
इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा का 256 वां महाप्रसाद का आयोजन किया गया। महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, प्रसाद में वेजिटेबल खिचड़ी मंदिर परिसर में उपस्थित 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच वितरण गया।
तत्पश्चात भजन- संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों द्वारा रंग पंचमी पर आधारित गाए मनमोहक सुमधुर भजनों श्रोताओं को खूब झुमाया। तथा श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि श्री राधा कृष्ण मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा तथा 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं में दर्शन किये। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रत्येक दिन दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है जिसमें 500 से भी अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर-राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चाईबासा। झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर उजागर हुई है। पश्चिमी सिंहभूम जिले में कुछ दिन पहले मृत बच्चे को झोले में ले जाने की घटना से विभाग की किरकिरी हुई थी। अब ताजा मामला चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल से सामने आया है, जहां नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों को उसका शव डब्बे में भरकर घर ले जाने को मजबूर होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कराइकेला थाना क्षेत्र के बंगरासाई निवासी रामकृष्ण हेम्ब्रम ने तीन दिन पूर्व अपनी पत्नी रीता तिरिया को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार को रीता तिरिया ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही समय बाद नवजात की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया और बार-बार रामकृष्ण हेम्ब्रम पर बच्चे का शव घर ले जाने का दबाव बनाने लगे। अस्पताल की ओर से न तो एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और न ही शव को सुरक्षित तरीके से ले जाने के लिए कोई अन्य विकल्प बताया गया।
मजबूरी में रामकृष्ण हेम्ब्रम अपने नवजात शिशु के शव को एक कूट के डब्बे में रखकर घर ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव-देहात से आने वाले मरीजों के साथ अस्पताल कर्मियों का व्यवहार अक्सर ठीक नहीं रहता, जिसके कारण परिजनों को इस तरह की अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है।
गौरतलब है कि इससे पहले चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मृत एक बच्चे के शव को नोवामुंडी झोले में ले जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। यह मामला झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की थी। अब चक्रधरपुर की यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
टीम एबीएन, रांची। घर की चहारदीवारी और परिवार की ज़िम्मेदारियां महिलाओं के हौसलों और उनके हुनर के लिए कभी बेड़ियां नहीं बनतीं, बल्कि यही जिम्मेदारियां उनके आत्मविश्वास की ताकत बनकर उन्हें अपने सपनों को नई उड़ान देने की प्रेरणा देती हैं। कुछ ऐसा ही प्रेरणादायक दृश्य मां शारदे मंच की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम संघर्ष से शिखर सम्मान में देखने को मिला।
जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सलाम किया गया। मां शारदे मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद व साहित्यकार महुआ माजी ने मां शारदे मंच के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान देना केवल एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि यह समाज में उनके योगदान को स्वीकार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने सम्मानित हो रही मातृ शक्ति को नमन करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। राजनीति, शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य, प्रशासन, मीडिया और व्यापार जैसे क्षेत्रों में महिलाएं अपनी मेहनत और लगन के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और मईयां सम्मान योजना जैसी पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर रांची की प्रख्यात दंत चिकित्सक एवं समाज सेविका डॉ मिनाक्षी सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि सफलता केवल व्यक्तिगत प्रयासों से नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे परिवार और समाज का सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक सफल पुरुष के पीछे एक महिला का हाथ होता है, उसी तरह एक महिला की सफलता के पीछे भी एक पुरुष का सहयोग और परिवार का समर्थन होता है।
उन्होंने महिलाओं को अपने सपनों पर विश्वास रखने और चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं झारखंड कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष बिभा सिंह ने भी मां शारदे मंच की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को साकार करने वाली ये महिलाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की सफलता की कहानी नई पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक की तरह है, जिससे युवा पीढ़ी सीख ले सकती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भी अगर संकल्प मजबूत हो तो सफलता जरूर मिलती है। कार्यक्रम के दौरान रांची की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलको भी समारोह में शामिल हुईं और उन्होंने भी मंच से महिलाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति ईश्वर की वह अद्भुत शक्ति है जो सृजन से लेकर संहार तक की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।
मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में उन महिलाओं को मंच देना है जिन्होंने संघर्ष करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि कई महिलाएं अपने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना करती हैं, लेकिन अपने साहस और मेहनत के बल पर वे सफलता की नई मिसाल कायम करती हैं। ऐसे ही प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मानित कर समाज के सामने लाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, डॉक्टर, पत्रकार, पिंक ऑटो चालिका, पैरालम्पिक खिलाड़ी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानित होने वाली महिलाओं की उपलब्धियों और उनके संघर्ष की कहानियों ने वहां मौजूद लोगों को प्रेरित किया और यह संदेश दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी लक्ष्य पाना असंभव नहीं होता।
कार्यक्रम में समीर सिन्हा, मनोज सिन्हा, पंकज प्रसाद, शंभू प्रसाद, सांई ट्रेवल्स के अभय सिंह, हरि सिंह, आदित्य, शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, पुष्पा सिंह, सिम्मी गोस्वामी आदि ने भरपूर सहयोग किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse