टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर झारखंड सहित लोहरदगा जिले के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, विकास योजनाओं की प्रगति और भविष्य की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा जिले की प्रमुख समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद विकास की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है। उन्होंने विशेष रूप से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को और सुदृढ़ करने की जरूरत है, ताकि आम जनता को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि राज्य सरकार यदि योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करे तो लोहरदगा सहित पूरे झारखंड में तेजी से विकास संभव है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जिले में लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की भी बात कही।
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धीरज प्रसाद साहू की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर क्षेत्र का संतुलित विकास करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोहरदगा जैसे जिलों के विकास के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है और आने वाले समय में कई नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि योजनाओं का लाभ सही मायने में आम लोगों तक पहुंच सके। इस अवसर पर अधिवक्ता सचितानंद चौधरी भी उपस्थित थे। उन्होंने भी जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और सरकार से अपेक्षा जताई कि जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए।
मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलती है। इस बैठक को लोहरदगा जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में नए विकास कार्यों की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा । छोटानागपुर बॉक्साइट एवं कोल वर्कर्स यूनियन के महासचिव एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू के सतत एवं सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्था हिंडाल्को द्वारा 12 स्थानीय युवाओं को नियुक्ति प्रदान की गई।
यह उपलब्धि क्षेत्रीय रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है, जिसने श्रमिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति यूनियन की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है। इस उपलक्ष्य में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान सभी चयनित अभ्यर्थियों को पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू के करकमलों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि स्थानीय युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना उनके जनसेवा के संकल्प का अभिन्न अंग है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उद्योगों के सहयोग से ही क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ, जिसमें पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू सहित सभी अतिथियों का स्वागत वस्त्र ओढ़ाकर एवं वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ भव्य रूप से किया गया। इस गरिमामयी स्वागत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक आभा प्रदान करते हुए उपस्थित जनसमूह में उत्साह का संचार किया।
श्री साहू ने हिंडाल्को प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सकारात्मक संवाद, समन्वय एवं निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप यह संभव हो पाया है। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए संस्था एवं क्षेत्र दोनों का नाम गौरवान्वित करेंगे।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष निसिथ जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल न केवल युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा श्रमिकों एवं स्थानीय युवाओं के हित में कार्य करती रहेगी और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष श्री सोहराब अंसारी, अम्बर कुमार सिंह, उपाध्यक्ष श्री एकरामुल अंसारी, श्री बुधवा उरांव, कार्यकारिणी सदस्य श्री संदीप कुजूर, श्री फिरोज अंसारी, श्री श्याम सुंदर महतो, श्री परशुराम थापा, श्री सुकरा उरांव, श्री एतवा उरांव सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
वहीं हिंडाल्को प्रबंधन की ओर से अधिकारी चिन्मय दास एवं अभिनव कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे श्रमिक कल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण स्पष्ट रूप से देखा गया। यह पहल न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी एक नई गति प्रदान करेगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कुडू/लोहरदगा। कुडू प्रखंड प्रतिनिधिमंडल द्वारा गौ सम्मान अभियान के तहत प्रखंड कार्यालय में गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन देशभर में गौ संरक्षण, संवर्धन एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित करने, गौवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने तथा गौ सेवा को बढ़ावा देने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए।
इस अवसर पर कृष्णा मोदी, विनय कुमार, अनिल साहु, संजय शाहा, विवेक कुमार, कृष्णा सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में गौ माता के सम्मान एवं संरक्षण के लिए सरकार से सकारात्मक पहल करने की अपील की।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा/रांची। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने आज संवेदनशीलता का परिचय देते हुए छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष सोहराब अंसारी के परिवार से मुलाकात की। सोहराब अंसारी, जो कसियाडीह (किस्को) निवासी हैं, उनके पोते का आकस्मिक निधन रांची में हो गया था। इस दुखद खबर को सुनते ही धीरज प्रसाद साहू उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
इस दौरान धीरज प्रसाद साहू ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खोना बेहद असहनीय पीड़ा होती है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की अपील की।
पूर्व सांसद ने सोहराब अंसारी एवं उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण एवं यूनियन के कई सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सभी लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पूर्व सांसद के इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में उनका परिवार के साथ खड़ा होना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
टीम एबीएन, रांची। नेत्रदान जैसे महादान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेते हुए समाज को प्रेरित किया। उन्होंने न केवल नेत्रदान का फॉर्म भरा, बल्कि लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के समाज कल्याण (महिला) एवं कला प्रकोष्ठ द्वारा प्रेस क्लब सभागार में आयोजित नेत्रदान–अंगदान सह नेत्र जांच शिविर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मंत्री संजय सेठ ने कहा कि नेत्रदान एक ऐसा दान है, जो किसी के जीवन में अंधकार को स्थायी रूप से दूर कर सकता है। उन्होंने कार्यक्रम का दीप जलाकर विधिवत् शुभारंभ किया। उन्होंने इसे सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया।
प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्मिता ने मंत्री के इस कदम को प्रेरणादायक बताते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा अधिक लोग नेत्रदान और अंगदान के लिए आगे आएंगे।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पी.के. लाला (मानवाधिकार आयोग) और डॉ. पी. सिन्हा (झारखंड आई बैंक) ने भी नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महासभा के झारखंड अध्यक्ष डॉ. सी.बी. सहाय ने नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए वैज्ञानिक तथ्यों के साथ इसकी उपयोगिता समझाई। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस पहल को अभियान का रूप देने का आह्वान करते हुए आयोजक टीम का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की आई बैंक एवं स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन, झारखंड द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नेत्रदान और अंगदान की प्रक्रिया एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नेत्रदान एवं अंगदान के लिए पंजीकरण कराने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्मिता के साथ प्रीति, उमा सिन्हा, रेणुबाला धार, निर्मला कर्ण, इंदु, रंगोली, सत्या, गुप्तेश्वर और पवन किशोर सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह आयोजन न केवल जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।
कार्यक्रम के अंत में निर्मला कर्ण ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जिले के बागबेड़ा में देर रात बाइक सवार अपराधियों ने रेलवे लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जमीन विवाद और ठेकेदारी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हत्यारों की तलाश जारी है।
जमशेदपुर में रविवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे लॉबी गेट के पास अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने रेलवे कर्मचारी ज्ञानेन्द्र कुमार गौतम को निशाना बनाते हुए उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही ज्ञानेन्द्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावरों ने बेहद नजदीक से ज्ञानेन्द्र को गोली मारी और फरार हो गए। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
मृतक ज्ञानेन्द्र कुमार गौतम आदित्यपुर के रहने वाले थे और रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात थे। हालांकि खबर यह भी है कि वे रेलवे की नौकरी के साथ-साथ जमीन के कारोबार और ठेकेदारी के कार्यों में भी सक्रिय थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पश्चिम सिंहभूम। जिला के चाईबासा कोषागार से कथित तौर पर 27 लाख रुपए के गबन के मामले में राज्य पुलिस के एक सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने को बताया कि जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित कोषागार से धोखाधड़ी कर पैसे निकालने के संबंध में सिपाही के खिलाफ चाईबासा मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी ने बताया, कोषागार कार्यालय में तैनात एक सिपाही के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि कुछ अन्य लोगों की भी पहचान की गई है जो इस धोखाधड़ी में शामिल थे। उनके खिलाफ भी जल्द ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इससे पहले शनिवार को पश्चिम सिंहभूम के पुलिस उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी की जांच शुरू होने की जानकारी दी थी। उसी दिन सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) बहमन टूटी ने जिला कोषागार का निरीक्षण भी किया था।
टीम एबीएन, रांची। चंद्रवंशी महासभा रांची जिला का एक प्रतिनिधि मंडल मैट्रिक जैक की परीक्षा में झारखंड टॉपर चंद्रवंशी समाज के सनी वर्मा उनके पिताजी बृजेश वर्मा से मिलकर बधाई दिया आगे की पढ़ाई के लिए यथासंभव सहयोग की घोषणा की।
प्रतिनिधि मंडल में चंद्रवंशी दुर्गा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेम वर्मा, चंद्रवंशी महासभा केंद्रीय समिति झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष बजरंग वर्मा, केंद्रीय महासचिव रवींद्र वर्मा, चंद्रवंशी दुर्गा मंदिर ट्रस्ट के वरीय उपाध्यक्ष बिंदुल वर्मा, चंद्रवंशी महासभा रांची जिला अध्यक्ष बिंदुल वर्मा एवं समाज के गण मान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उक्त जानकारी बजरंग वर्मा (7070129132) ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse